राष्ट्रीय वॉटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में चमकीं सागर की बेटियां, विधायक शैलेंद्र जैन ने किया सम्मान
तीनबत्ती न्यूज:11 जुलाई, 2026
सागर। विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय कैनोइंग एवं कयाकिंग जूनियर एवं सब-जूनियर ट्रैक प्रतियोगिता में पदक जीतकर सागर जिले का गौरव बढ़ाने वाली तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सम्मान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मेडल पहनाकर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भूमिका राय ने सी-2 500 मीटर स्पर्धा में रजत और सी-4 1000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वहीं रोशनी पटेल ने कयाकिंग 1000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। रजनी रैकवार ने 1000 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीतकर सागर को गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर की बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि उचित अवसर और संसाधन मिलने पर जिले की प्रतिभाएं देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल क्रीड़ा के क्षेत्र में सागर का भविष्य उज्ज्वल है और आने वाले समय में यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
विधायक ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से ही बेटियां इस मुकाम तक पहुंची हैं।
सम्मान समारोह में हिंदी साहित्य कला अकादमी के अध्यक्ष पलाश सुरजन, दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता, प्रशिक्षक आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






