Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर: जेन अल्फा का हाईवे पर चक्काजाम, 2 घंटे में हटाया स्कूल का अतिक्रमण

जेन अल्फा का हाईवे पर चक्काजाम, दो घंटे में हटाया स्कूल का अतिक्रमण

: स्कूल भवन, पेयजल और अतिक्रमण की समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन


तीनबत्ती न्यूज: 25 अगस्त, 2026

सागर। सागर जिले के देवरी में स्कूली समस्याओं और अतिक्रमण को लेकर जेन अल्फा यानि स्कूली बच्चियां सड़कों पर उतर आई। देवरी विकासखंड के रसेना गांव स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को स्कूल की विभिन्न समस्याओं और परिसर के आसपास किए गए अतिक्रमण के विरोध में महाराजपुर-सहजपुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। छात्रों के प्रदर्शन से हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों से चर्चा कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।



छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। स्कूल भवन नहीं होने के कारण कक्षाएं व्यवस्थित रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इसके अलावा पेयजल की समस्या और स्कूल परिसर के आसपास सरकारी भूमि तथा नल पर अतिक्रमण के कारण भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

4 कमरों में 512 बच्चे, दो पालियों में लगती हैं कक्षाएं

स्कूल प्रभारी प्राचार्य के अनुसार करीब दो साल पहले स्कूल भवन के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन अब तक भवन का निर्माण नहीं हो सका है। वर्तमान में चार कमरों में 512 बच्चे दो पालियों में पढ़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि पर्याप्त कक्ष और बैठने की व्यवस्था नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

हैंडपंप पर कब्जे का भी आरोप

छात्राओं ने आरोप लगाया कि स्कूल के हैंडपंप पर भी कब्जा कर फेंसिंग कर ली गई है, जिससे उन्हें पीने के पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। स्कूल भवन के अभाव में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से भी छात्र-छात्राएं परेशान हैं। उनका कहना था कि इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन समाधान नहीं होने पर उन्हें चक्काजाम का रास्ता अपनाना पड़ा।

कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति समझी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया, जिससे कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बनी। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए विरोध कर रही महिलाओं को कस्टडी में लिया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मौके से अतिक्रमण हटाया गया।



प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण


नायब तहसीलदार रामराज चौधरी ने बताया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी सोमवार को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी अजय प्रताप भदौरिया, नायब तहसीलदार रामराज चौधरी, तहसीलदार दीवान चंदमन, सरपंच देवेंद्र खरे, पूर्व जनपद अध्यक्ष अंचल, पटवारी शशिभूषण यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे

प्राचार्य पर अतिक्रमण कराने का आरोप

छात्रों की ओर से प्रभारी प्राचार्य प्रभात लोधी पर भी अतिक्रमण कराने का आरोप लगाया गया। छात्रों का कहना था कि स्कूल के पास अतिक्रमण के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रभारी प्राचार्य ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया है और लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।

उधर पूर्व मंत्री और  देवरी के पूर्व विधायक हर्ष यादव ने कहा कि यह मेरे पैतृक गांव से जुड़ा मामला है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की माँग की है।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive