Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर के बंडा में जहरीली शराब का कहर: मौतों का आंकड़ा 11 तक पहुंचा, दो दर्जन से ज्यादा अस्पताल में भर्ती; 6 शराब दुकानें सील •सीएम डॉ मोहन यादव ने जांच के दिए निर्देश

सागर के बंडा में जहरीली शराब का कहर: मौतों का आंकड़ा 11 तक पहुंचा, दो दर्जन से ज्यादा अस्पताल में भर्ती; 6 शराब दुकानें सील

•सीएम डॉ मोहन यादव ने जांच के दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 06 सितम्बर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा अनुविभाग में कथित जहरीली और अवैध शराब पीने से मौतों का सिलसिला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। नौराज और गूगरा खुर्द समेत आसपास के गांवों में शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी है। विभिन्न जानकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या 9 से बढ़कर 11 तक पहुंच गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। यह आंकड़ा बढ़ सकता है। 

उधर सीएम डॉ मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात अलग-अलग गांवों के लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण सामने आने की जानकारी है। गंभीर हालत में मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है। प्रशासन द्वारा शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।

कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया, विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी सहित वरिष्ठ अधिकारी नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पतालों में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं

6 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश

प्रथम दृष्टया एहतियातन कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि संदिग्ध शराब कहां से आई और इसे किन लोगों ने सप्लाई किया।

पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े संभावित आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।


लोगों से प्रशासन की अपील


कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन किया है और उसे उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वह लापरवाही न बरते और तत्काल स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराए। प्रशासन ने कहा है कि लोग स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क कर सकते हैं अथवा सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच करा सकते हैं।


मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका


घटना में कई लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने के कारण प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ गई है। मौतों का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम, मेडिकल जांच और शराब के सैंपलों की फोरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।सागर के बंडा में जहरीली शराब की इस घटना ने एक बार फिर अवैध शराब के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की कार्रवाई और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतों के पीछे वास्तव में जहरीली शराब थी या कोई अन्य कारण।


जहरीली शराब से मौतें: सागर जिले के लिए बेहद दर्दनाक और शर्मनाक घटना : पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता हर्ष यादव


सागर जिले के देवरी से पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से मैं अवैध शराब और नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ लगातार आवाज उठाता रहा हूँ। समय-समय पर प्रशासन और सरकार को इस गंभीर समस्या से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग करता रहा हूँ। लेकिन इसके बावजूद यदि अवैध शराब का कारोबार आज भी बेखौफ जारी है, तो यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आज सागर जिले को झकझोर देने वाली बेहद दुखद खबर सामने आई है। बंडा विधानसभा क्षेत्र के शाहगढ़ के बरा पुलिस चौकी क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत होने की खबर हृदयविदारक है। कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया—इन परिवारों का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह महज एक हादसा नहीं है। यह अवैध शराब के पूरे नेटवर्क, उसकी सप्लाई और उसे रोकने वाली व्यवस्था की गंभीर विफलता का सवाल है। यदि अवैध शराब का कारोबार किसी भी स्तर पर राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण में फल-फूल रहा है, तो इसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है।उनकी प्रमुख मांगें—

🔴 पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए।

🔴 जहरीली शराब के निर्माण और सप्लाई से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए।

🔴 अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच हो।

🔴 मृतकों के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक सहायता एवं हर संभव सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाए।

🔴 जिलेभर में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जड़ से कार्रवाई की जाए। आखिर कब तक अवैध शराब माफिया की कमाई के लिए गरीब परिवारों के घरों के चिराग बुझते रहेंगे?

सरकार और प्रशासन को अब केवल बयान और आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर कठोर और दिखाई देने वाली कार्रवाई करनी होगी।




Share:

शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन से ही मजबूत होगी नई पीढ़ी: गोविंद सिंह राजपूत • जन्माष्टमी पर यादव समाज ने निकाली भव्य रैली, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों का हुआ सम्मान

शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन से ही मजबूत होगी नई पीढ़ी: गोविंद सिंह राजपूत

• जन्माष्टमी पर यादव समाज ने निकाली भव्य रैली, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों का हुआ सम्मान


तीनबत्ती न्यूज: 5 सितंबर 2026

सागर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राहतगढ़ में यादव समाज द्वारा भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। रैली के बाद आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यादव समाज के लोगों ने मंत्री राजपूत का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।


प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और शिक्षा सफलता का सबसे मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। यादव समाज द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

मंत्री राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यादव समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण का संदेश पूरी दुनिया को दिया। समाज की नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

समाज की विभूतियों का भी सम्मान

प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज के लोगों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली विभूतियों ने समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

रैली में दिखी यादव समाज की एकजुटता

जन्माष्टमी के अवसर पर राहतगढ़ में निकाली गई भव्य रैली में यादव समाज की एकजुटता और उत्साह देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हुए समाजजनों ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, पूर्व मंत्री हर्ष यादव, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रामकुमार यादव, जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, हृदय यादव, जिला उपाध्यक्ष बब्बू यादव, प्रमोद यादव पथरिया, अनिरुद्ध यादव, पूर्व सरपंच सुनील यादव, पढ़ा वीरसिंह यादव, ब्रजेश यादव, राजकुमार यादव, मनोहर यादव, रामबाबू यादव, अजीत यादव, मुंशीलाल यादव, राजेंद्र यादव, देवेंद्र यादव, लल्लूभाई यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।स्थानीय जनप्रतिनिधियों में टिंकू राजा, प्रियंक तिवारी, दीपक जैन, सुरेंद्र रघुवंशी, अनिल श्रीवास्तव, जाहिर, विनोद ओसवाल, कुरैशी, लालमिया, सलीम रंगरेज, चंद्रेश टीला, विशाल खटीक, वसीम खान, अनुराग पाठक सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यादव समाज को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज की असली ताकत उसकी युवा पीढ़ी है और जब युवा शिक्षा एवं संस्कार से जुड़ते हैं तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं।


Share:

श्री रावतपुरा सरकार ने सागर में चलाया ‘एक रोटी गौमाता के लिए’ अभियान, घर-घर जाकर मांगी रोटी

गौसेवा का संदेश लेकर घर-घर पहुंचे श्री रावतपुरा सरकार, मांगी ‘एक रोटी गौमाता के लिए’

तीनबत्ती न्यूज: 5 सितंबर, 2026

सागर। गौमाता की सेवा, करुणा और संवेदना का संदेश लेकर परम पूज्य रावतपुरा सरकार महाराज शनिवार को सागर के सदर क्षेत्र में घर-घर पहुंचे। ‘एक रोटी गौमाता के लिए’ अभियान के तहत उन्होंने स्वयं हाथों में झोली लेकर लोगों से बेसहारा गौमाताओं के लिए एक रोटी देने का आग्रह किया।

महाराज श्री का सहज और सेवाभाव से जुड़ा यह स्वरूप लोगों के लिए भावुक कर देने वाला रहा। अपने गुरु को स्वयं घर की चौखट पर गौमाता के लिए रोटी मांगते देखकर अनेक श्रद्धालुओं ने प्रेम और श्रद्धा के साथ अभियान में सहभागिता की।

हर घर की रसोई से जुड़े गौसेवा का संकल्प

‘एक रोटी गौमाता के लिए’ अभियान का उद्देश्य केवल रोटी एकत्र करना नहीं, बल्कि हर घर की रसोई को गौसेवा से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से घरों से एकत्र की गई रोटियां बेसहारा, भूखी और जरूरतमंद गौमाताओं तक पहुंचाई जाती हैं।

महाराज श्री ने लोगों से अपील की कि जब भी घर में रोटी बने, उसमें से एक रोटी ऐसी गौमाता के नाम जरूर निकालें, जो किसी घर की नहीं है। यह छोटा-सा प्रयास किसी बेसहारा गौमाता की भूख मिटाने का माध्यम बन सकता है।


वर्षभर चलाया जा रहा अभियान

पूज्य महाराज श्री का संदेश है कि गौसेवा केवल गौशालाओं तक सीमित न रहे, बल्कि यह हर घर और परिवार के जीवन का संस्कार बने। इसी उद्देश्य से ‘एक रोटी गौमाता के लिए’ अभियान वर्षभर संचालित किया जा रहा है, ताकि समाज की सहभागिता से बेसहारा गौमाताओं तक नियमित रूप से भोजन पहुंचाया जा सके।


सागर में अभियान के दौरान लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की और गौसेवा के इस संकल्प को अपनाने का विश्वास जताया। एक रोटी… एक छोटा-सा प्रयास… और किसी बेसहारा गौमाता के लिए भरपेट भोजन का सहारा। यही संदेश है—‘एक रोटी गौमाता के लिए’।


Share:

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:11 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर : सागर कमिश्नर अनिल सुचारी का तबादला: दिलीप कुमार को सागर संभाग की कमान • 6 जिला पंचायत सीईओ बदले गए

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:11 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर : सागर कमिश्नर अनिल सुचारी का तबादला: दिलीप कुमार को सागर संभाग की कमान

• 6 जिला पंचायत सीईओ  बदले गए 

तीनबत्ती न्यूज : 5 सितंबर 2026

सागर: । मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया है। 5 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। इनमें सागर संभाग के आयुक्त अनिल सुचारी भी शामिल हैं।

आदेश के अनुसार 2006 बैच के आईएएस अधिकारी श्री अनिल सुचारी, जो वर्तमान में आयुक्त, सागर संभाग के पद पर पदस्थ थे, को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश भंडार गृह निगम, भोपाल पदस्थ किया गया है।

वहीं 2008 बैच के आईएएस अधिकारी श्री दिलीप कुमार, जो आयुक्त, उद्योग, मध्यप्रदेश तथा प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम के अतिरिक्त प्रभार में थे, को आयुक्त, सागर संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


इन अधिकारियों की भी बदली पदस्थापना


आदेश में अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं—


श्रीमती अनिमा श्रीवास्तव (2009) को सचिव, मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।


श्री सोतेन्द्र सिंह (2009) को सचिव, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तथा संबंधित विभागों का दायित्व सौंपा गया है।


श्रीमती नेहा मारव्या सिंह (2011) को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम, भोपाल बनाया गया है।


सुश्री निधि निवेदिता (2012) को राजस्व एवं भू-अभिलेख संबंधी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।


श्री अनुराग वर्मा (2012) को प्रबंध संचालक, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, भोपाल बनाया गया है।


श्री मयंक अग्रवाल (2013) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकसित भारत-रोजगार गारंटी आजीविका मिशन (ग्रामीण) सहित संबंधित दायित्व सौंपे गए हैं।


श्री संदीप जी.आर. (2013) को महिला एवं बाल विकास तथा पोषण मिशन से जुड़े दायित्व दिए गए हैं।


श्री अवि प्रसाद (2014) को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विस कॉरपोरेशन लिमिटेड सहित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

सुश्री नेहा जैन (2018) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी उज्जैन एवं अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम उज्जैन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


मध्यप्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल: 6 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले, कई जिला पंचायतों के CEO बदले

 मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस संबंध में 5 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया। अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करते हुए आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना पर पदस्थ किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार कई जिलों की जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

1. श्री नरोत्तम प्रसाद भार्गव (आरआर 2008)

वर्तमान पद: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला विकास प्राधिकरण

नई पदस्थापना: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, हरदा।

2. श्री अभिषेक कुमार जैन (आरआर 2008)

वर्तमान पद: अपर कलेक्टर, जिला गुना तथा संबंधित अतिरिक्त प्रभार

नई पदस्थापना: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, धार।

3. श्रीमती सुरभि तिवारी (आरआर 2008)

वर्तमान पद: उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, भोपाल

नई पदस्थापना: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, विदिशा।

4. श्री ओमप्रकाश सोनोडिया (आरआर 2011)

वर्तमान पद: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, विदिशा

नई पदस्थापना: अपर मेला अधिकारी, सिंहस्थ, उज्जैन।

5. श्री शैलेन्द्र सिंह (आरआर 2011)

वर्तमान पद: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, सतना

नई पदस्थापना: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, दतिया।

6. श्रीमती सपना त्रिपाठी (आरआर 2012)

वर्तमान पद: अपर कलेक्टर, जिला रीवा

नई पदस्थापना: मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, सतना।

जिला पंचायतों में बदली जिम्मेदारियां

तबादला आदेश के बाद हरदा, धार, विदिशा, दतिया और सतना जिला पंचायतों में CEO स्तर पर बदलाव हुआ है। वहीं ओमप्रकाश सोनोडिया को आगामी सिंहस्थ आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए अपर मेला अधिकारी, उज्जैन पदस्थ किया गया है।


Share:

सागर में अवैध कॉलोनाइजरों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, 15 दिन का अल्टीमेटम, अन्यथा होगी FIR

अवैध कॉलोनाइजरों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई : 15 दिन में अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम


तीनबत्ती न्यूज: 04 सितम्बर ,2026

सागर। बिना अनुमति प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर न्यायालय से जारी आदेशों के तहत जिले के बीना और रहली क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित करने के मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर अवैध चिन्हांकन एवं निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन द्वारा निर्माण हटाने के साथ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

पांच मामलों में कार्रवाई

कलेक्टर न्यायालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार—

  • बीना, मौजा इटावा: खसरा नंबर 514/2/1/1/1/1/1/1/1/1/1/1 की 0.717 हेक्टेयर भूमि पर बिना डायवर्जन और कॉलोनाइजर लाइसेंस के प्लॉटिंग कर 28 भूखंड बेचे जाने के मामले में आदित्य पिता देवेन्द्र सिंह ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
  • रहली, मौजा खमरिया: खसरा नंबर 221/1/1 की 0.164 हेक्टेयर कृषि भूमि पर बिना डायवर्जन और स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करने के मामले में महेंद्र उर्फ मुन्ना पिता रामनाथ घोषी के विरुद्ध आदेश जारी किया गया।
  • रहली, मौजा खमरिया: खसरा नंबर 537/2 की 0.394 हेक्टेयर भूमि पर बिना अनुज्ञा एवं विकास कार्यों के प्लॉट बेचने के मामले में पुष्पा पति विनोद जैन के खिलाफ कार्रवाई की गई।
  • रहली, मौजा रहलीखास: खसरा नंबर 309/42/1/1/1 की 0.2845 हेक्टेयर भूमि पर बिना अनुमति प्लॉटिंग करने के मामले में चंद्रभान पिता द्वारकाप्रसाद शर्मा के खिलाफ आदेश पारित किया गया।
  • रहली, मौजा बमूराजैसिंह: खसरा नंबर 10/6/1/1/1/1/1/1 की 1.227 हेक्टेयर भूमि पर बिना सक्षम अनुज्ञा भूखंडों का विक्रय करने के मामले में संजना पति संतोष तिवारी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

जमीनों की खरीद-बिक्री पर भी रोक

मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम, 2021 के तहत कलेक्टर ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन जमीनों की क्रय-विक्रय रोकने के लिए उप-पंजीयक कार्यालय को सूची भेजी जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 15 दिन में अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो बुलडोजर चलाकर निर्माण हटाया जाएगा। साथ ही संबंधित खसरे के कॉलम नंबर 12 में 'अहस्तांतरणीय' दर्ज किया जाएगा और संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

कलेक्टर की इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लॉटिंग और कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share:

उत्कृष्ट कन्या महाविद्यालय में विकास प्रस्ताव मंजूर, दिव्यांग छात्राओं के लिए बनेगा बैरियर-फ्री परिसर

उत्कृष्ट कन्या महाविद्यालय में विकास कार्यों को मिली मंजूरी, दिव्यांग छात्राओं के लिए बनेगा बैरियर-फ्री परिसर: जनभागीदारी समिति की बैठक में कई निर्णय


तीनबत्ती न्यूज: 04 सितम्बर, 2026

सागर। शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय, सागर में जनभागीदारी समिति सामान्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्राचार्य कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन, छात्रा सुविधाओं, अधोसंरचना विस्तार और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में क्षेत्रीय विधायक शैलेंद्र जैन, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी, प्रभारी जनभागीदारी समिति डॉ. पदमा आचार्य तथा कलेक्टर प्रतिनिधि डिप्टी कलेक्टर रजत सोनी सहित समिति के सदस्य, प्राध्यापक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

दिव्यांग छात्राओं के लिए बनेगा बाधा रहित परिसर

बैठक में डिप्टी कलेक्टर रजत सोनी ने महाविद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूरे परिसर को बैरियर-फ्री बनाने के लिए सुगम रैंप, विशेष प्रसाधन केंद्र और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

समिति ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए दिव्यांग छात्राओं के लिए सहज और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर सहमति जताई।

छात्राओं की सुविधाओं के लिए कई प्रस्ताव मंजूर

बैठक में सत्र 2026-27 के लिए वित्त समिति द्वारा पारित बजट पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा सेमिनार हॉल एवं ओल्ड हॉल में एसी लगाने, छात्राओं की उपस्थिति दर्ज करने के लिए RFID कार्ड प्रणाली लागू करने तथा मेधावी छात्राओं को 'स्वयं' पोर्टल परीक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

इसके साथ ही जनभागीदारी एवं स्ववित्तीय अतिथि विद्वानों के मानदेय, सुरक्षा, साफ-सफाई और अधोसंरचना से संबंधित अन्य प्रस्तावों पर भी व्यापक सहमति बनी।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाओं पर जोर

विधायक शैलेंद्र जैन ने महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों से महाविद्यालय में छात्राओं के लिए सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने की उम्मीद है।

Share:

रुद्राक्ष धाम पवित्र भूमि, यहां आकर ऊर्जा और विश्वास से भर जाते हैं : रावतपुरा सरकार • केशवम् बैंड की भजन क्लबिंग ने युवा श्रद्धालुओं को उमंग से भर दिया

रुद्राक्ष धाम पवित्र भूमि, यहां आकर ऊर्जा और विश्वास से भर जाते हैं : रावतपुरा सरकार

• केशवम् बैंड की भजन क्लबिंग ने युवा श्रद्धालुओं को उमंग से भर दिया



तीनबत्ती न्यूज:04 सितम्बर, 2026

सागर। जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर रुद्राक्ष धाम में भक्ति, आध्यात्मिकता और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में दिल्ली से आए केशवम् बैंड के कलाकारों ने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। सैकड़ों युवा कलाकारों के साथ झूमते और हजारों श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ परमपूज्य श्री रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पूर्व उन्होंने रुद्राक्ष धाम स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में दर्शन किए।

रुद्राक्ष धाम पहुंचकर लगा जैसे वृंदावन आ गया हूं : रावतपुरा सरकार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार ने कहा कि जब वे यहां भगवान श्री राधाकृष्ण जी के दर्शन कर रहे थे, तब उन्हें ऐसा लगा जैसे वे वृंदावन में हों। उन्होंने कहा कि रुद्राक्ष धाम अब एक पवित्र और भक्तिमय भूमि बन गई है। उन्होंने कहा, "यहां 39 करोड़ रुद्री अभिषेक हुए हैं। यहां आकर ऊर्जा और विश्वास से भर जाते हैं। यह भूमि अच्छा सोचने के लिए प्रेरित करती है।"

रावतपुरा सरकार ने पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे अच्छे कार्य करते हैं। उन्होंने मां नर्मदा और भगवान से प्रार्थना की कि उन्हें इसी तरह श्रेष्ठ कार्य करने की प्रेरणा मिलती रहे।


न्यायमूर्ति अशोक भूषण शर्मा के योगदान को किया याद

रावतपुरा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक भूषण शर्मा का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को चुना था, वैसे ही एक अर्जुन हमारे बीच बैठे हैं, जिन्होंने प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के लिए उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।उन्होंने न्यायमूर्ति अशोक भूषण शर्मा को त्यागी, तपस्वी और सरल हृदय का व्यक्ति बताया।


निष्काम कर्म से मजबूत होता है भाग्य

श्री रविशंकर जी महाराज ने कहा कि अविराज सिंह ने जीवन में सरलता और नम्रता के महत्व को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश है कि जो व्यक्ति निष्काम कर्म करता है, उसे फल के लिए अलग से मांग नहीं करनी पड़ती। उन्होंने कहा कि मनुष्य को कर्म करते समय फल की चिंता नहीं करनी चाहिए। "आप कर्म करिए, तब आपका भाग्य भी मजबूत होता जाता है।"


रुद्राक्ष धाम का हनुमान मंदिर अद्भुत

रावतपुरा सरकार ने कहा कि रुद्राक्ष धाम में स्थापित हनुमान जी का मंदिर अद्भुत है और उत्तर भारत में ऐसा मंदिर कहीं और देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि यहां दद्दा जी की कृपा है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति यहां भक्ति में भीग जाता है, उसे संसार की आग नहीं पकड़ पाती। उन्होंने कमल का उदाहरण देते हुए कहा कि कमल कीचड़ में रहते हुए भी उससे ऊपर उठता है। इसी तरह मनुष्य को बुराई से अच्छाई की ओर बढ़ना चाहिए।उन्होंने कहा कि हमारी दृष्टि, विचार और सोच ऊंची होनी चाहिए और अच्छे लोगों की संगति से यह संभव होता है।

मंदिर जाने से होता है हृदय परिवर्तन

श्री रविशंकर जी महाराज ने कहा कि व्यक्ति श्रवण से बदलता है और मंदिर जाने से उसके हृदय में परिवर्तन आता है। तीर्थ यात्रा से मनुष्य के भीतर के मोह, माया और अहंकार कम होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में झूठ को जोर-जोर से बोलकर सच साबित करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन अंततः व्यक्ति को अपने कर्मों का फल मिलता है। उन्होंने कहा कि जीवन में कर्म और पुरुषार्थ से मुट्ठी भरी होनी चाहिए।उन्होंने गुप्त दान के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि केवल दिखावे, यश और प्रतिष्ठा के लिए दान देना उचित नहीं है। दान में परमार्थ की भावना होनी चाहिए।

श्रीकृष्ण का संदेश आज की युवा पीढ़ी के लिए भी प्रासंगिक : अविराज सिंह

स्वागत भाषण में युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल भक्ति और आध्यात्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें ज्ञान, कर्म, न्याय, साहस, नेतृत्व और सामाजिक एकता का व्यापक संदेश समाहित है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से सिखाया कि धर्म केवल पूजा-पाठ का नाम नहीं, बल्कि सत्य, न्याय, कर्तव्य और मानव कल्याण के लिए खड़े होने का नाम है।

अविराज सिंह ने गोवर्धन पर्वत के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्वत श्रीकृष्ण की उंगली पर था, लेकिन उसके नीचे पूरा ब्रज समाज एकजुट होकर खड़ा था। इससे संदेश मिलता है कि जब समाज संगठित होकर चुनौती का सामना करता है तो बड़ी से बड़ी कठिनाई को भी पार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को श्रीकृष्ण के इसी संदेश से प्रेरणा लेकर जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास और एकजुटता के साथ सामना करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने व्यक्ति को परिस्थितियों से भागने के बजाय अपने धर्म और कर्तव्य के अनुसार कर्म करने की प्रेरणा दी। महाभारत के प्रसंगों से यह भी सीख मिलती है कि मतभेदों के कारण बड़ी शक्ति भी कमजोर हो सकती है, जबकि एकजुटता सफलता का आधार बनती है।

अविराज सिंह ने कहा कि सफलता मिलने पर व्यक्ति को अहंकार से बचना चाहिए, क्योंकि किसी भी उपलब्धि के पीछे व्यक्तिगत प्रयास के साथ परिस्थितियों, सहयोग और ईश्वरीय कृपा का भी योगदान होता है।

उन्होंने कहा कि आज जब युवा तनाव, असफलता और जीवन की विभिन्न चुनौतियों से जूझ रहे हैं, तब श्रीकृष्ण का निष्काम कर्म का संदेश उन्हें निराशा से बाहर निकलकर अपने कर्तव्य पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व नहीं, बल्कि उनके विचारों, कर्मयोग और धर्म, न्याय तथा मानव कल्याण के संदेश को जीवन में उतारने का अवसर भी है।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ रावतपुरा सरकार ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके पूर्व उन्होंने श्री राधाकृष्ण जी मंदिर में दर्शन किए। मंच पर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने रावतपुरा सरकार, सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक भूषण शर्मा और केशवगिरि जी महाराज का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। भजन क्लबिंग कर रहे केशवम् बैंड के कलाकार लोबीश शीतल एवं प्रगति शर्मा का भी पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मण सिंह लोधी ने किया।


केशवम् बैंड ने भजनों से कराया मथुरा-वृंदावन का एहसास

दिल्ली से प्रस्तुति देने पहुंचे केशवम् बैंड के युवा कलाकारों ने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मथुरा, वृंदावन और बरसाने की आध्यात्मिक भजन यात्रा का एहसास कराया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद कलाकारों ने "शिव कैलाशों के वासी", "अच्युतम् केशवम् कृष्ण दामोदरम्", "राम नारायणम् जानकी वल्लभम्", "कौन कहते हैं भगवान आते नहीं", "श्यामा आन बसो वृंदावन में", "मेरी उमर बीत गई गोकुल में", "गोविंद गोविंद गोविंद राधे", "बृज रज की" और "मने कारो कारो यमुना जी को पानी लागे" सहित अनेक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां दीं।


गिटार, वायलिन, बांसुरी, इलेक्ट्रॉनिक की-बोर्ड और ड्रम की संगत ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सैकड़ों युवा बैंड के कलाकारों के साथ नृत्य करते नजर आए, जबकि हजारों श्रद्धालु भजनों पर झूमते और तालियां बजाते दिखाई दिए।



हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुद्राक्ष धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने श्री राधाकृष्ण जी के दर्शन किए और भक्ति संध्या का आनंद लिया। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।



ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सांसद लता वानखेड़े, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा, सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक भूषण शर्मा, महापौर संगीता तिवारी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक पारुल साहू केसरवानी, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कप्तान सिंह यादव, पूर्व मंत्री नारायण कबीर पंथी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, शहडोल संभाग प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, जाहर सिंह, पूर्व महापौर अभय दरे, डॉ. सुशील तिवारी, संध्या भार्गव, तृप्ति सिंह लोधी, जिला पंचायत सदस्य सरवजीत सिंह लोधी, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र परिहार मालथौन, एमआईसी सदस्य शैलेंद्र ठाकुर, राजकुमार पटेल, शैलेष जैन, सोमेश जड़िया, पार्षद रूबी कृष्ण कुमार पटेल, संजू घोसी, संतोष रोहित, अनुराग प्यासी, लक्ष्मण सिंह, वीरेंद्र बहादुर सिंह, एडवोकेट श्वेता यादव, पृथ्वी सिंह, क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष लखन सिंह, खुरई नगरपालिका उपाध्यक्ष राहुल चौधरी, रामकुमार बघेल मालथौन, नीतिराज पटेल, राजकुमार सिंह सुमरेड़ी, एडवोकेट गोविंद सिंह कर्रापुर, शैलेष केशरवानी, पार्षद बलराम यादव, मनोज राय, महेश साहू, जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, मनीष चौबे, सूर्यांश तिवारी, अंशुल परिहार, निकेश गुप्ता, यश अग्रवाल, अजीत सिंह चील पहाड़ी, वीनू शमशेर जंग बहादुर राणा, देवेंद्र सिंह केसली, राजा करैया, विजय पटेल, रिशांक तिवारी, मनीष मिश्रा, अभिषेक गौर, मीरा शर्मा, पप्पू गुप्ता, संतोष दुबे, नवीन भट्ट, अजय तिवारी देवलचैरी, रविंद्र सिंह गौर, कमलेश राय, डॉ. मदन केशरवानी, उमेश यादव, समर्थ दीक्षित, प्रतीक चौकसे, शुभम घोसी, आकाश सिंह गोदना, मनोज शुक्ला, डॉ. लक्ष्मी ठाकुर, राकेश चौबे, आशीष दुबे, अंकित विश्वकर्मा, पर्व तिवारी, सचिन शर्मा, राजवीर सिंह, रविंद्र सिंह बरोदिया, पुष्पेंद्र सिंह राजपूत मालथौन, अखिलेश पाठक, राजीव सोनी, शरद जैन, अंकित पांडे, राजू तिवारी, सचिन साहू, राजकुमार अहिरवार गढ़ौली, अजय लम्बरदार, अंश चौकसे, राजेंद्र यादव कल्लू, बलराम सिंह बरोदिया, संतोष तिवारी बमोरी हुड्डा, पप्पू मुकद्दम बांदरी, राजकमल केशरवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share:

हजारों होर्डिंग और जनसैलाब के बीच मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जन्मदिन, दिव्यांग बच्चों के साथ बांटी खुशियां

हजारों होर्डिंग और जनसैलाब के बीच मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जन्मदिन, दिव्यांग बच्चों के साथ बांटी खुशियां

• भगवान शिव का महाभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत; कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने दी जन्मदिन की बधाई

तीनबत्ती न्यूज: 4 सितंबर 2026

सागर : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जन्मदिन शुक्रवार को सागर शहर और सुरखी विधानसभा क्षेत्र में उत्साह, आत्मीयता और जनसेवा के भाव के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर मंत्री राजपूत को शुभकामनाएं देने वाले होर्डिंग, बैनर और संदेश नजर आए। दिनभर अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी से जन्मदिन का माहौल उत्सव में बदल गया।

सुबह से ही मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, इष्ट-मित्रों, माताओं-बहनों, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने उनसे मुलाकात कर स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।

पूजा-अर्चना और गौसेवा के साथ दिन की शुरुआत

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने जन्मदिन की शुरुआत सुबह करीब 11 बजे निज निवास पर पूजा-अर्चना और गौसेवा के साथ की। उन्होंने प्रदेश और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद दोपहर 12 बजे मंत्री राजपूत भूतेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भूतेश्वर महादेव का विधि-विधान से महाभिषेक किया और विशेष पूजा-अर्चना की। भगवान भोलेनाथ को 56 भोग अर्पित किए गए। मंत्री राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

बीएमसी के पूर्व छात्रों ने किया आत्मीय स्वागत

दीनदयाल चौराहे पर बीएमसी के पूर्व छात्र भीमसेन यादव और उनकी मित्र मंडली ने मंत्री राजपूत का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान केक काटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। मित्रों और शुभचिंतकों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

होटल में उमड़ा जन सैलाब

दोपहर से शाम तक होटल रॉयल पैलेस में मंत्री राजपूत ने कार्यकर्ताओं, इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों से मुलाकात की। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल दिखाई दिया।

दिव्यांग बच्चों के साथ भोजन कर मनाया जन्मदिन

जन्मदिन के अवसर पर मंत्री राजपूत ने दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग बच्चों के साथ भोजन किया। उन्होंने बच्चों को पुरस्कार और उपहार वितरित किए तथा उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर मंत्री राजपूत ने कहा कि समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जन्मदिन मनाने की वास्तविक सार्थकता है।


प्रजापति समाज ने 63 मटकियों में दूध-दही भरकर दी शुभकामनाएं

मंत्री राजपूत के जन्मदिन को समर्थकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अपने-अपने अंदाज में मनाया। प्रजापति समाज के लोगों ने विशेष रूप से 63 मटकियों में दूध, दही और मक्खन भरकर मंत्री राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

समाज के लोगों ने इस आयोजन के जरिए मंत्री राजपूत के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त की। वहीं कई समर्थकों और शुभचिंतकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में साथियों के साथ जन्मदिन मनाया। जो लोग प्रत्यक्ष रूप से सागर नहीं पहुंच सके, उन्होंने भी अपने क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर शुभकामनाएं दीं।


युवाओं के बीच मटकी फोड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ

युवा शक्ति संगठन द्वारा आयोजित भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का मंत्री राजपूत ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान युवाओं में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने मंत्री राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

होटल रॉयल पैलेस से निज निवास के लिए रवाना होते समय मोतीनगर चौराहे पर भाजपा नेता नेवी जैन, छुट्टन तिवारी एवं उनकी मित्र मंडली ने मंत्री राजपूत का भव्य स्वागत किया। यहां केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी गई। इसके बाद पद्माकर सभागार में हिमांशु घोषी एवं उनकी मित्र मंडली ने मंत्री राजपूत का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान केक काटकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

होर्डिंग्स से लेकर जनसैलाब तक दिखा उत्साह

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के जन्मदिन पर सागर शहर का नजारा खास रहा। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगाए गए जन्मदिन की शुभकामनाओं के होर्डिंग और बैनर लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों में मंत्री राजपूत को शुभकामनाएं देते संदेश दिखाई दिए।


दूसरी ओर, दिनभर अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और लगातार मिल रही शुभकामनाओं से जन्मदिन का आयोजन जनउत्सव जैसा नजर आया। कई स्थानों पर लोगों ने केक काटकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर और आत्मीय स्वागत कर मंत्री राजपूत को शुभकामनाएं दीं।


मोदी के नेतृत्व और डॉ. मोहन यादव के सुशासन में विकास को आगे बढ़ाना संकल्प: गोविंद सिंह राजपूत

जन्मदिन के अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश एवं क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों, इष्ट-मित्रों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, जनकल्याण और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र की जनता उनके लिए केवल मतदाता नहीं, बल्कि उनका अपना परिवार है। क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जन्मदिन के अवसर पर जिस आत्मीयता और प्रेम के साथ लोगों ने शुभकामनाएं दीं, उसके लिए वे सभी के हृदय से आभारी हैं।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।


जनता के नाम मंत्री राजपूत का संदेश

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से शुभकामनाएं देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों, इष्ट-मित्रों एवं समस्त क्षेत्रवासियों का वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए ईश्वर के आशीर्वाद के समान है। यह विश्वास उन्हें जनसेवा के पथ पर और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।


उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश की जनता के हित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते रहें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने में वे अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते रहेंगे।

इन नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं


मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को जन्मदिन की बधाई देने वालों में भाजपा जिला अध्यक्ष पं. श्याम तिवारी, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, बंडा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर, नारायण कबीरपंथी, वरिष्ठ जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, पूर्व जनपद अध्यक्ष गुलाब सिंह राजपूत, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुखेदव मिश्रा, डॉ. वीरेंद्र पाठक, नेता कृष्णा सिंह महुआखेड़ा, हरिराम सिंह कैथोरा, नगरपालिका अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा नेता नेवी जैन, राहुल साहू, यश अग्रवाल, संध्या भार्गव, याकृति जड़िया, जगन्नाथ गुरैया सहित हजारों कार्यकर्ता, समर्थक, अधिकारी-कर्मचारी एवं शुभचिंतक शामिल रहे।



Share:

www.Teenbattinews.com

Archive