Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Girls College लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Girls College लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

उत्कृष्ट कन्या महाविद्यालय में विकास प्रस्ताव मंजूर, दिव्यांग छात्राओं के लिए बनेगा बैरियर-फ्री परिसर

उत्कृष्ट कन्या महाविद्यालय में विकास कार्यों को मिली मंजूरी, दिव्यांग छात्राओं के लिए बनेगा बैरियर-फ्री परिसर: जनभागीदारी समिति की बैठक में कई निर्णय


तीनबत्ती न्यूज: 04 सितम्बर, 2026

सागर। शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय, सागर में जनभागीदारी समिति सामान्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्राचार्य कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन, छात्रा सुविधाओं, अधोसंरचना विस्तार और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में क्षेत्रीय विधायक शैलेंद्र जैन, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी, प्रभारी जनभागीदारी समिति डॉ. पदमा आचार्य तथा कलेक्टर प्रतिनिधि डिप्टी कलेक्टर रजत सोनी सहित समिति के सदस्य, प्राध्यापक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

दिव्यांग छात्राओं के लिए बनेगा बाधा रहित परिसर

बैठक में डिप्टी कलेक्टर रजत सोनी ने महाविद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूरे परिसर को बैरियर-फ्री बनाने के लिए सुगम रैंप, विशेष प्रसाधन केंद्र और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

समिति ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए दिव्यांग छात्राओं के लिए सहज और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर सहमति जताई।

छात्राओं की सुविधाओं के लिए कई प्रस्ताव मंजूर

बैठक में सत्र 2026-27 के लिए वित्त समिति द्वारा पारित बजट पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा सेमिनार हॉल एवं ओल्ड हॉल में एसी लगाने, छात्राओं की उपस्थिति दर्ज करने के लिए RFID कार्ड प्रणाली लागू करने तथा मेधावी छात्राओं को 'स्वयं' पोर्टल परीक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

इसके साथ ही जनभागीदारी एवं स्ववित्तीय अतिथि विद्वानों के मानदेय, सुरक्षा, साफ-सफाई और अधोसंरचना से संबंधित अन्य प्रस्तावों पर भी व्यापक सहमति बनी।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाओं पर जोर

विधायक शैलेंद्र जैन ने महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों से महाविद्यालय में छात्राओं के लिए सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने की उम्मीद है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive