Editor: Vinod Arya | 94244 37885

बलराम कृषि महोत्सव: सीएम मोहन यादव ने 82.70 लाख किसानों को दिए ₹3,300 करोड़, खंडवा में पुलिस बटालियन की घोषणा

बलराम कृषि महोत्सव: सीएम डॉ. मोहन यादव ने 82.70 लाख किसानों के खातों में ट्रांसफर किए ₹3,300 करोड़, खंडवा में पुलिस बटालियन की घोषणा


तीनबत्ती न्यूज: 27 जुलाई, 2026

खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत उन्होंने 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से ₹3,300 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की। किसानों को वर्ष 2025-26 की तीसरी और वर्ष 2026-27 की पहली किस्त के रूप में ₹4,000-₹4,000 की सहायता राशि प्राप्त हुई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जैविक खेती, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, मेधावी विद्यार्थियों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री का हल भेंट कर स्वागत किया।


खंडवा में पुलिस बटालियन की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा में पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा करते हुए कहा कि खंडवा-बूंदी मार्ग के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले महीने से प्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा की शुरुआत होगी, जिससे आम नागरिकों और किसानों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

किसान कल्याण सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसान हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से देश का अन्न भंडार भरता है और सरकार उनके सम्मान व समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

वर्ष 2026 'कृषक कल्याण वर्ष'

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत पूरे प्रदेश में बलराम महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने भगवान बलराम को कृषि का प्रथम देवता बताते हुए आधुनिक खेती, प्राकृतिक खेती और कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।



सिंचाई क्षमता और आधुनिक खेती पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सिंचाई क्षमता लगातार बढ़ी है। वर्ष 2002-03 से पहले जहां सिंचित रकबा 44 लाख हेक्टेयर था, वह अब बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। पिछले ढाई वर्षों में 10 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र सिंचाई के दायरे में आया है। उन्होंने कहा कि किसानों को दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है तथा ड्रोन तकनीक और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

रोडवेज, एयर एंबुलेंस और धार्मिक विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने सहायता राशि दी जा रही है। अगले महीने से सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू होगी। साथ ही जरूरतमंदों के लिए एयर एंबुलेंस सुविधा और ओंकारेश्वर सहित भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।

यूसीसी पर भी रखी बात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इसे विधानसभा से पारित कराया है। उन्होंने दावा किया कि यूसीसी को लेकर हुए सर्वे में बड़ी संख्या में लोगों ने समर्थन दिया, जिसमें मुस्लिम महिलाओं का भी उल्लेखनीय समर्थन शामिल रहा।


Share:

सागर: दद्दा जी रेजीडेंसी में आपस सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का भव्य वृक्षारोपण अभियान

दद्दा जी रेजीडेंसी और आपस सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का भव्य वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश: क्रांति गौड ने किया वृक्षारोपण


तीनबत्ती न्यूज: 27 जुलाई, 2026

सागर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से आपस सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा दद्दा जी रेजीडेंसी में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवियों, महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष, लीगल राइट्स काउंसिल, मध्यप्रदेश अनुश्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।



कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि क्रांति गौड़ ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति हमारी छोटी-छोटी जिम्मेदारियाँ ही भविष्य को सुरक्षित बना सकती हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक पारुल साहू ने भी वृक्षारोपण कर फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।



आपस सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति सिंह ने कहा,"आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के नाम हमारा सबसे अनमोल उपहार है। यदि हम प्रकृति की रक्षा करेंगे, तो प्रकृति हमारे जीवन की रक्षा करेगी। वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है।"

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। फाउंडेशन ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर संचालित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर फाउंडेशन के पदाधिकारी रानी सुहाने ,प्रीति कठल, निरूपमा गौर, अंकिता गौर मेघा दुबे,सदस्य एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share:

सागर बस स्टैंड के पास युवती का हंगामा: धारदार हथियार लेकर सड़क पर किया उत्पात, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

सागर बस स्टैंड के पास युवती का हंगामा: हाथ में धारदार हथियार लेकर सड़क पर मचाया उत्पात, पुलिस ने दर्ज किया मामला



तीनबत्ती न्यूज: 27 जुलाई, 2026

सागर। जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पास रविवार देर रात एक युवती द्वारा सरेराह हंगामा करने का मामला सामने आया है। युवती हाथ में धारदार हथियार लेकर सड़क पर उतर आई और सरेआम गाली-गलौज करते हुए किसी को जान से मारने की धमकियां देने लगी। इस दौरान उसके साथ दो युवक और एक अन्य युवती भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में बसों के पहिये थमेंगे 07 अगस्त की रात से: मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल, प्रदेशभर के बस मालिकों की सागर बैठक में फैसला

घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने युवती के इस हंगामे का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि युवती हाथ में हथियार लहराते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रही है। वायरल वीडियो पुलिस तक पहुँचते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 27 जुलाई–2 अगस्त 2026: जानें सभी 12 राशियों का भविष्यफल, शुभ दिन और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

पुलिस की कार्रवाई, हथियार व स्कूटी जब्त 

मामले की जानकारी देते हुए गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने युवती के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार और स्कूटी जब्त कर ली है। आरोपी युवती के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share:

मध्यप्रदेश में बसों के पहिये थमेंगे 07 अगस्त की रात से: मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल, प्रदेशभर के बस मालिकों की सागर बैठक में फैसला

मध्यप्रदेश में बसों के पहिये थमेंगे 07 अगस्त की रात से: मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल, प्रदेशभर के बस मालिकों की सागर बैठक में फैसला


तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026

सागर :मध्य प्रदेश में बस यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेशभर में 07 अगस्त की रात से बसों के पहिये पूरी तरह थम जाएंगे। अपनी विभिन्न ज्वलंत मांगों को लेकर मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का बड़ा फैसला लिया है। यह अहम निर्णय सागर में आयोजित प्रदेशभर के बस मालिकों और पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए बस आपरेटर्स ने एक जुटता के नारे के साथ मुद्दों पर हाथ उठाकर सहमति जताई।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 27 जुलाई–2 अगस्त 2026: जानें सभी 12 राशियों का भविष्यफल, शुभ दिन और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

किन प्रमुख मांगों को लेकर हो रही हड़ताल?

एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन द्वारा जारी एजेंडे के अनुसार बस ऑपरेटरों की मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:

 •डीजल के बढ़े दाम और किराया वृद्धि: वर्ष 2021 में डीजल ₹69.00 प्रति लीटर था, जो अब ₹100 पार कर चुका है। बैठकें होने के बाद भी सरकार किराया बढ़ाने पर निर्णय नहीं ले रही है, जबकि पड़ोसी राज्यों में किराया बढ़ाया जा चुका है।

• राष्ट्रीयकरण (राजपत्र 07/07/2026) रद्द हो: 07 जुलाई 2026 के राजपत्र को वापस लेने की मांग की गई है, जिससे बस ऑपरेटरों और नई पीढ़ी का रोजगार प्रभावित हो रहा है।

यह भी पढ़ें: सागर में प्रशासनिक फेरबदल: कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बदले एसडीएम, रोहित वर्मा बने एसडीएम सागर

 • टेंडर व रॉयल्टी व्यवस्था निरस्त हो: टेंडर के जरिए रॉयल्टी वसूलने की योजना का कड़ा विरोध करते हुए 06/07/2026 के टेंडर को निरस्त करने की मांग की गई है।

 • नई व पुरानी बसों का पंजीयन: पूर्व में पंजीकृत वाहनों को वैध माना जाए और तैयार खड़ी लगभग 1200 नई बसों का तुरंत पंजीयन किया जाए।

 •15 साल की आयु सीमा का बंधन हटे: बसों के संचालन से 15 वर्ष की समय सीमा समाप्त कर केंद्रीय मोटर यान अधिनियम के अनुसार फिटनेस वैधता तक परमिट दिए जाने की मांग रखी गई है।

 •  अधिकारियों की लापरवाही पर रोक: आरटीओ कार्यालयों में अधिकारियों के समय पर न आने और बस मालिकों का उत्पीड़न रोकने की बात कही गई है।

• स्थाई अंतर्राज्यीय परमिट: अंतर्राज्यीय परमिट प्रक्रिया की बाधाओं को दूर कर उन्हें नियमित और स्थाई रूप से जारी किया जाए।

यह भी पढ़ेंसागर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: ₹7 हजार रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक अविनाश सिंघई रंगे हाथ गिरफ्तार

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों और संभागों से आए बस संचालकों एवं पदाधिकारियों ने सरकार के समक्ष लंबित मांगों पर चर्चा की। एसोसिएशन का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो पूरे प्रदेश में बस संचालन पूरी तरह प्रभावित होगा, जिससे लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ेंसीएम डॉ. मोहन यादव के फैसले के बाद एमपी में 4 फास्ट ट्रैक कोर्ट: हाईकोर्ट ने जारी की अधिसूचना, 3 महीने में मामलों के निपटारे का लक्ष्य

ये रहे शामिल

बैठक में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों व संभागों से आए प्रमुख बस ऑपरेटर और पदाधिकारी शामिल हुए । इनमेंश्री राकेश फौजदार , प्रदेश उपाध्यक्ष , नरेंद्र सिंह बुंदेला  प्रदेश उपाध्यक्ष , जयकुमार जैन  महामंत्री, अतुल दुबे  कोषाध्यक्ष  वीरेंद्र साहू  प्रदेश उपाध्यक्ष, गोविंद बाहेती  उज्जैन संभाग अध्यक्ष, रवि शुक्ला - उज्जैन , राजा साहब  छतरपुर, सुरेन्द्र सिंह गुर्जर - रतलाम,श्रीमती रजनी शर्मा - अध्यक्ष, रायसेन, मनीष जैन  सनावद शंकर दयाल शर्मा - वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जबलपुर, तेज बाली - सिवनी, राजू मिगलानी, छिंदवाड़ा, बन्नू भैया ,विदिशा, प्रदीप जैन झाबुआ, पप्पू पहलवान , इंदौर दिलीप, समीम कुरेशी ,दमोह शामिल हुए। 

Share:

दतिया में पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह का चुनावी अभियान: भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मांगा जनसमर्थन

दतिया की जनता से पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा, विकास और सांस्कृतिक वैभव भाजपा के नेतृत्व में ही संभव

•स्टार प्रचारक पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह का दतिया में चुनावी अभियान, सघन जनसंपर्क



तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026

सागर। पूर्व गृहमंत्री , खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह दतिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उपरांय में आयोजित मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव की आमसभा में शामिल हुए और भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के लिए जनसमर्थन मांगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के साथ ओरछा की प्रसिद्ध एतिहासिक धरोहर शीशमहल का अवलोकन किया। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल के साथ सम्मेलन में हिस्सा लिया। 

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने दांगी क्षत्रिय समाज की बैठक ली जहां उनका समाजजनों ने भावपूर्ण स्वागत किया। दतिया में ब्रजरानी गार्डन में आयोजित दांगी क्षत्रिय समाज की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि दतिया के विकास की पटकथा भाजपा की सरकार ने ही लिखी है। भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डा मोहन यादव और क्षेत्र के वरिष्ठ नेता पूर्व गृहमंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में दतिया के विकास को शिखर तक ले जाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ही दतिया के विकास और सांस्कृतिक वैभव को आगे ले जा सकती है। सिर्फ विकास से ही क्षेत्र, समाज और परिवार की समृद्धि आती है। दतिया की जनता विवेकशील है और वह विकास के मार्ग को अच्छी तरह पहचानती है जो कि भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है।



बैठक में उपस्थित सभी गणमान्य जनों ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में अपना संकल्प स्पष्ट किया। बैठक को दतिया दांगी जिला पंचायत अध्यक्ष श्री धीरू सिंह ने भी संबोधित किया। बैठक का मंच संचालन भगवत सिंह दांगी ने किया। तत्पश्चात् पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने ग्राम रेड़ा सहित अनेक ग्रामों में जनसंपर्क कर ग्राम बैठकों में हिस्सा लिया और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के लिए जनसमर्थन मांगा।


दांगी क्षत्रिय समाज के सम्मेलन में माधव सिंह दांगी, भगवत सिंह दांगी, लल्लू सिंह दांगी, नाथूराम सिंह दांगी, गुलजारी सिंह दांगी, प्रशांत सिंह दांगी, रमेश दांगी, बृजभूषण सिंह दांगी, अरविंद सिंह दांगी, रामकुमार सिंह दांगी, एलएस दांगी, केपी दांगी, गौरव सिंह दांगी, रेशू दांगी, मुकेश सिंह दांगी, जीतू सिंह दांगी, केशव सिंह दांगी, राजेंद्र सिंह दांगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य उपस्थित थे। ग्राम रेड़ा की बैठक में ग्राम रेड़ा जनसंपर्क माधव सिंह, धीरू सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष दतिया, श्रीराम सिंह, बहादुर सिंह, रामकुमार सिंह, केशव सिंह, स्वामी शरण सिंह, राघवेन्द्र सिंह, वल्दन विश्वकर्मा, रामकृष्ण सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, रामअवतार तिवारी, पप्पू पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



Share:

सागर: ग्रामीण कांग्रेस सेवा दल का मासिक ध्वज वंदन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को बताया छात्रों की जीत

सागर में ग्रामीण कांग्रेस सेवा दल का मासिक ध्वज वंदन संपन्न शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को बताया लोकतंत्र और छात्रों की जीत


तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026

सागर। जिला कांग्रेस सेवा दल सागर ग्रामीण द्वारा रविवार को मकरोनिया रजाखेड़ी स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर मासिक ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लोकतंत्र एवं छात्रों की जीत बताया। साथ ही कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के उपाध्यक्ष अभिषेक गौर ने बताया कि इसके मुख्य अतिथि वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सुहाने तथा विशेष अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस सेवा दल के जिला मुख्य संगठक बी.डी. पटेल ने की। ध्वज रक्षक की भूमिका प्रदेश सचिव मनोज पवार ने निभाई, जबकि अतिथियों का स्वागत सेवादल यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष संजय रोहिदास ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय गीत, ध्वज गीत एवं राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सुहाने ने ध्वज वंदन किया।


वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सुहाने ने कहा कि केंद्र के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लोकतंत्र और देश के छात्रों की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों का भविष्य अंधकारमय कर दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों के व्यापक आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।

पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और संदेश को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों की मांगों का समर्थन किया और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता छात्रों के समर्थन में सड़कों पर उतरे। इसी जनदबाव के कारण सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना पड़ा।

कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव विजय साहू, वरिष्ठ नेता राकेश राय, उपाध्यक्ष जतिन चौकसे, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कुर्मी, सीमा कमल चौधरी, पार्षद एवं प्रदेश सचिव महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हेमंत लारिया, अशोक कुशवाहा, अजय अहिरवार, हरगोविंद कुर्मी, सुरेश रैकवार, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जय पाराशर, कुंवर राजा बुंदेला, रोहित वर्मा, सुनील चौधरी, दिनेश कुर्मी, अजय बमदेले, कमल चौधरी, अनिल अहिरवार, रेवा राम रजक, अजुद्दी अहिरवार, कल्याण अहिरवार, सत्यम चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share:

सागर: मेधावी छात्रा सृष्टि सोनी ने किया कांग्रेस सेवादल के ध्वजवंदन कार्यक्रम में ध्वजारोहण, छात्र आंदोलन की सफलता पर दिया संदेश

कांग्रेस सेवादल का मासिक ध्वजवंदन: मेधावी छात्रा सृष्टि सोनी ने किया ध्वजारोहण, छात्र आंदोलन की सफलता को बताया शिक्षा के अधिकार की जीत


तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026

सागर। शहर कांग्रेस सेवादल के जुलाई माह के अंतिम रविवार को आयोजित मासिक ध्वजवंदन कार्यक्रम में इस बार हायर सेकेंडरी की मेधावी छात्रा सृष्टि सोनी ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम राजीव गांधी भवन स्थित जिला शहर कांग्रेस कार्यालय के सामने आयोजित किया गया। आयोजन जिला शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे के नेतृत्व में हुआ, जबकि संचालन द्वारका चौधरी ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सेवादल के महासचिव विजय साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सृष्टि सोनी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक भारतीय का संवैधानिक अधिकार है और यह अधिकार समाज के हर वर्ग को समान रूप से प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन की सफलता यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी शिक्षा के प्रति गंभीर और जागरूक है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्र आंदोलन को दिए गए समर्थन के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि छात्र आंदोलन को राहुल गांधी ने नई ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने आंदोलन के दौरान कांग्रेस सेवादल के स्वयंसेवकों द्वारा की गई सेवा और सहयोग की सराहना करते हुए सभी को आंदोलन की सफलता के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व पार्षद मदन बाबा यादव की माताजी, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा के छोटे भाई, नरेंद्र कोष्ठी की माता, वरिष्ठ पत्रकार विष्णु पारासर, पत्रकार दीपेश शर्मा तथा नीट परीक्षा लीक प्रकरण के बाद दिवंगत हुए छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

ये शामिल हुए

कार्यक्रम में सृष्टि सोनी, पुरुषोत्तम (मुन्ना) चौबे, राकेश राय, जितेंद्र रोहण, बी.डी. पटेल, राहुल चौबे, सागर साहू, दीनदयाल तिवारी, रजिया खान, आकांक्षा सोनी, आर्या पचौरी, समीर खान, प्रेमनारायण विश्वकर्मा, ऋषभ जैन, हरिश्चंद्र सोनवार, राजा सेन, शरद पुरोहित, नितिन पचौरी, कल्लू पटेल, वसीम खान, गोपीलाल यादव, उमेश यादव, राकेश छावड़ा, मानसिंह चौधरी, रामशंकर सेन, गफ्फार भाई, महेश अहिरवार, लल्ला यादव, परख शुक्ला, अंकुर यादव, हरिदयाल पटेल, हरिओम पटेल, दिनेश पटेल, विक्की रैकवार, मोहनलाल सेन, मोहित मछंदर, मजहर हाश्मी आदि शामिल रहे। 


Share:

सागर में 29 जुलाई को मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान, रावतपुरा सरकार ट्रस्ट की तैयारियां तेज

सागर में रावतपुरा सरकार का चातुर्मास व्रत-संकल्प संपन्न, 29 जुलाई को होगा मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान



तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026

सागर। संत शिरोमणि श्री रविशंकर जी रावतपुरा सरकार का चातुर्मास व्रत एवं संकल्प कार्यक्रम रविवार को सागर के पंतनगर वार्ड स्थित वेदांती आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मंच से संगीतमय सुंदरकांड का पाठ भी आयोजित किया गया।

आश्रम में प्रतिदिन सुबह 8 बजे एवं शाम 6 बजे आस्था मंच से प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा है। वहीं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक वेदांती आश्रम परिसर में श्री शशि शेखर शास्त्री के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का वाचन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।



इधर, 29 जुलाई को श्री मनसा पूरण बालाजी मंदिर परिसर, धर्मश्री सागर में आयोजित होने वाले मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। आयोजन को लेकर विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 1100 पंडित, गुरु भाई-बहन एवं शिष्य सेवा कार्य और व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

आयोजकों के अनुसार गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह महाअनुष्ठान रोग, कष्ट एवं पीड़ा निवारण के साथ धन-वैभव, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए विशेष महत्व रखता है। इसमें शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है तथा सभी श्रद्धालुओं को परिवार और इष्ट-मित्रों सहित सादर आमंत्रित किया गया है।

आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से भारतीय पारंपरिक परिधान में शामिल होने की अपील की है। पुरुषों के लिए धोती-कुर्ता या कुर्ता-पायजामा तथा महिलाओं के लिए साड़ी अथवा सलवार-सूट निर्धारित किया गया है।

महाअनुष्ठान का आयोजन श्री मनसा पूरण बालाजी मंदिर परिसर, धर्मश्री, सागर (मध्य प्रदेश) में श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive