Editor: Vinod Arya | 94244 37885

Sagar News : 40 लाख के मंगल भवन का विधायक शैलेंद्र जैन ने किया निरीक्षण, बाउंड्रीवाल और अतिरिक्त गेट के दिए निर्देश

गोपालगंज में 40 लाख से बने मंगल भवन का विधायक शैलेंद्र जैन ने किया निरीक्षण

• बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने और अतिरिक्त छोटा गेट लगाने के दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 18 सितम्बर, 2026

सागर।  नगर के गोपालगंज वार्ड में मुख्यमंत्री की विशेष निधि से लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगल भवन का विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने तथा एक अतिरिक्त छोटा गेट लगाने के निर्देश दिए।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि मंगल भवन बनने से क्षेत्र के नागरिकों को शादी-विवाह, मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इसके साथ ही यहां सांस्कृतिक एवं अन्य सामुदायिक गतिविधियां भी आयोजित की जा सकेंगी।

उन्होंने कहा कि सागर शहर के ऐसे सभी वार्डों में, जहां पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध है, मंगल भवनों के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। ये भवन स्थानीय नागरिकों के लिए सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। कई मंगल भवनों में लाइब्रेरी एवं पुस्तकालय भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के बच्चों को अध्ययन की सुविधा मिल रही है।

विधायक ने कहा कि जनसुविधाओं के विस्तार के साथ प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य रूपेश यादव, एल्डरमैन महेश जैन, अकलंक जैन, गोविंद प्रजापति, गिरधारी लाल चौधरी, महेश चौधरी, पी.सी. चौधरी, सुनील कुमार, होती लाल लारिया, गुड्डू चौधरी, अशोक चौधरी सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share:

मकरोनिया में जनविश्वास शिविर: पट्टा लाभ न मिलने पर पटवारी निलंबित, 40 करोड़ की सड़कें होंगी स्वीकृत

मकरोनिया में जनविश्वास शिविर: पट्टा लाभ न मिलने पर पटवारी निलंबित, 40 करोड़ की सड़कें होंगी स्वीकृत


तीनबत्ती न्यूज: 18 सितंबर, 2026

सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को मकरोनिया नगर पालिका के बजरिया हाट बाजार में खंडस्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


शिविर में ग्राम गंभीरिया के परिवारों ने धारणाधिकार योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर के निर्देश पर पटवारी राशिद खान, हल्का नंबर 16/76, तहसील सागर नगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

मकरोनिया में तेजी से हो रहा विकास : लारिया

नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने कहा कि मकरोनिया भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तेजी से विकास कर रहा है। क्षेत्र में निवेश बढ़ रहा है और बढ़ती आबादी को देखते हुए अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने को कहा।

विधायक ने बताया कि मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में करीब 40 करोड़ रुपये की सड़कें स्वीकृत हैं, जिनका निर्माण जल्द शुरू होगा। साथ ही मकरोनिया-बंडा रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मकरोनिया-बंडा रोड पर ट्रैफिक और जाम की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जहां जरूरत होगी, वहां पेयजल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

योजनाओं को घर-घर पहुंचाना उद्देश्य : कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि जनविश्वास अभियान शासन की जनकल्याणकारी मंशा को दर्शाता है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर अथवा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करना है।

उन्होंने कहा कि भूमि पट्टों और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्राप्त आवेदनों का सर्वे कराया जाएगा और पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ दिया जाएगा।


कलेक्टर ने गर्भवती माताओं, बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य जांच निःशुल्क उपलब्ध है, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। साथ ही बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए गलत आदतों और अपराधों से दूर रखने की बात कही।

उद्यमी संवाद में महिला उद्यमी ने साझा की सफलता

शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में उद्यमी श्रीमती विभा जैन ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि परिवार की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने पटकुई बरारू में सूक्ष्म निर्माण इकाई स्थापित की, जहां वर्ष 2020 से स्टेशनरी एवं संबंधित उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है।


जिला उद्योग कार्यालय की योजनाओं का लाभ मिलने से उनके उत्पादों की आपूर्ति पूरे संभाग में हो रही है। उनकी इकाई का टर्नओवर करीब 2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और वे 10 महिलाओं को रोजगार भी दे रही हैं।


शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए और पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश गोमे ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।



मकरोनिया सिविल अस्पताल का भी निरीक्षण

जनविश्वास शिविर के बाद कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मकरोनिया सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों के स्टॉक, ओपीडी और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को पूरा कराने तथा ऑपरेशन थिएटर को 15 दिवस के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश दिए। एएनसी विंग में लापरवाही मिलने पर स्टाफ नर्स और गायनेकोलॉजिस्ट को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।


कलेक्टर ने अस्पताल में मौजूद माताओं और मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिविर में मकरोनिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



Share:

सागर में निगम का अतिक्रमण अभियान: जर्जर भवन गिराया, दुकानें हटाईं

नगर निगम  सागर का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, जर्जर भवन गिराया, दुकानें हटाईं


तीनबत्ती न्यूज: 18 सितम्बर, 2026

सागर। नगर पालिक निगम सागर द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। बरियाघाट वार्ड में मंदिर ट्रस्ट क्षेत्र की कब्जे वाले जर्जर भवन को सुरक्षा की दृष्टि से गिराया गया, जबकि जवाहरगंज वार्ड में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माण का कुछ हिस्सा हटाया गया। वहीं गणेश उत्सव को देखते हुए सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगी अंडे एवं मुर्गे की दुकानों को भी हटाने की कार्रवाई की गई।

बरियाघाट में जर्जर भवन गिराया

बरीयाघाट वार्ड स्थित भवन क्रमांक 325/263/1 लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। भवन पर कब्जे की स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा पूर्व में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित कब्जाधारियों के ताले खुलवाकर अंदर रखी सामग्री का पंचनामा तैयार किया गया था।निर्धारित कार्रवाई के तहत 18 सितंबर 2026 को राजस्व अमले एवं नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से भवन को गिरा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान सागर तहसीलदार, पटवारी, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर, निगम इंजीनियर, प्रभारी अतिक्रमण, सहायक अतिक्रमण अधिकारी एवं अतिक्रमण प्रभारी सहित पुलिस प्रशासन और नगर निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही।


जवाहरगंज में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण हटाया

जवाहरगंज वार्ड में आईडीबीआई बैंक के सामने नाली के ऊपर किए गए निर्माण के मामले में नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कार्रवाई की। स्थल निरीक्षण के दौरान निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाए जाने पर संबंधित मकान मालिक को नोटिस जारी किया गया था।

कार्रवाई के दौरान मकान मालिक ने नगर निगम को आवेदन देकर अतिक्रमण का हिस्सा स्वयं हटाने के लिए समय देने का अनुरोध किया। निगम ने आवेदन स्वीकार करते हुए उसे दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की अनुमति दी।


निगम की टीम ने मौके पर अतिक्रमण का कुछ हिस्सा हटा दिया, जबकि शेष हिस्सा मकान मालिक को निर्धारित अवधि में स्वयं हटाना होगा। तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर जुर्माने के साथ नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

गणेश उत्सव के चलते अंडे-मुर्गे की दुकानें हटाईं

गणेश उत्सव को देखते हुए नगर निगम ने शहर के सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगी अंडे एवं मुर्गे की दुकानों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को दुकानें हटाने के निर्देश दिए।

अंडे के दुकानदारों को दुकानों पर नेट लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दुकानें व्यवस्थित रहें और खुले में सामग्री दिखाई न दे। निगम अमले ने दुकानदारों को निर्धारित व्यवस्था का पालन करने के लिए कहा।

नगर निगम के अनुसार शहर में अतिक्रमण हटाने के साथ सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित रखने और त्योहारी आयोजन के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Share:

ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की तैयारियों को लेकर निवेशकों की बैठक, 340 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले • निवेशकों ने भूमि आवंटन प्रक्रिया सरल बनाने, निर्बाध बिजली और बेहतर हवाई-रेल कनेक्टिविटी के दिए सुझाव

ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की तैयारियों को लेकर निवेशकों की बैठक, 340 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले

• निवेशकों ने भूमि आवंटन प्रक्रिया सरल बनाने, निर्बाध बिजली और बेहतर हवाई-रेल कनेक्टिविटी के दिए सुझाव

तीनबत्ती न्यूज:  17 सितंबर 2026

सागर। जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में क्षेत्रीय निवेशक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सागर परिक्षेत्र के विभिन्न जिलों से उद्योग एवं व्यापार संघों के सदस्य, निवेशक, उद्यमी और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल हुए।


कार्यक्रम में निवेशकों और उद्यमियों को एमएसएमई विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिभागियों से सुझाव भी लिए गए।


भूमि आवंटन प्रक्रिया सरल बनाने का सुझाव

निवेशकों ने क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध और सुचारु बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि निवेशकों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आसान होने से नए उद्योग स्थापित करने में तेजी आएगी।


इसके अलावा निवेशकों ने औद्योगिक इकाइयों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। निवेशकों का कहना था कि उद्योगों के सुचारु संचालन के लिए गुणवत्तापूर्ण और निरंतर बिजली आपूर्ति महत्वपूर्ण है।


हवाई और रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने पर जोर


बैठक में सागर क्षेत्र की हवाई एवं रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने का सुझाव भी दिया गया। निवेशकों के अनुसार बेहतर परिवहन संपर्क से व्यापारिक गतिविधियों और निवेश को गति देने में मदद मिलेगी। स्वरोजगार योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मार्जिन मनी अनुदान का प्रावधान करने सहित अन्य सुझाव भी निवेशकों द्वारा दिए गए।

340 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

कार्यक्रम के दौरान 15 निवेशकों से कुल 340 करोड़ रुपये के निवेश आशय प्रस्ताव प्राप्त हुए। अधिकारियों ने निवेशकों से प्राप्त सुझावों और प्रस्तावों को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की तैयारियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना, स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं को समझना तथा आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए निवेशकों से संवाद स्थापित करना रहा।

Share:

BTIRT Sagar में Engineers Day 2026: स्मार्ट इंजीनियरिंग और नवाचार पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

तकनीकी संस्थान BTIRT सागर में मनाया गया इंजीनियर्स डे-2026


तीनबत्ती न्यूज: 17 सितम्बर, 2026

सागर। नैक मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान बाबूलाल ताराबाई इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी (बीटीआईआरटी) में अभियंता दिवस-2026 का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय "नवाचार एवं डिजिटलीकरण के माध्यम से सतत भविष्य के लिए स्मार्ट इंजीनियरिंग" रहा।

इस अवसर पर तकनीकी प्रश्नोत्तरी, तकनीकी पोस्टर प्रस्तुति एवं विषय आधारित रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटलीकरण, सतत इंजीनियरिंग, हरित तकनीक एवं तकनीकी आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तकनीकी प्रश्नोत्तरी का संचालन एवं मंच संचालन श्री गजेंद्र सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता सांची मिल्क यूनियन लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री संजय कुमार यादव थे। उनका स्वागत डॉ. जयंत दुबे द्वारा किया गया तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।



कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। बीटी समूह संस्थान के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार जैन “घड़ी”, सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार जैन, रजिस्ट्रार डॉ. तरुण कुमार सिंह एवं बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश फुसकेले ने विद्यार्थियों को तकनीकी उत्कृष्टता, अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का कोऑर्डिनेशन यांत्रिकी विभाग के गौरव खरे एवं सहयोगियों द्वारा किया गया, जबकि पुरस्कार वितरण में ईसी विभाग की डॉ. मेघा सोनी एवं समर्थ जैन ने सहयोग प्रदान किया। इस दौरान डॉ. आशीष दुबे, डॉ. पूनम भारतीय, आशिमा जैन, पुनीत शुक्ला, आकाश वर्मा, जावेद खान, अभिषेक जाटव, बसंत पांडे, अमित पांडे, दीपक रैकवार सहित सभी फैकल्टी स्टाफ उपस्थित रहे।

Share:

श्री राधाष्टमी महोत्सव: श्री गौर गोविंद मंदिर में फूल बंगले में होंगे श्रीजी के दिव्य दर्शन, 19 सितम्बर को निकलेगी भव्य नगर संकीर्तन शोभायात्रा

श्री राधाष्टमी महोत्सव: श्री गौर गोविंद मंदिर में फूल बंगले में होंगे श्रीजी के दिव्य दर्शन, 19 सितम्बर को निकलेगी भव्य नगर संकीर्तन शोभायात्रा


तीनबत्ती न्यूज: 17 सितम्बर, 2026

सागर। श्री श्री गौर गोविंद मंदिर, रविशंकर वार्ड सागर में श्री राधाष्टमी महा-महोत्सव का आयोजन 15 से 21 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ किया जा रहा है। महोत्सव में गोपीगीत पर प्रवचन, ललिता जयंती पर हरिनाम संकीर्तन और श्री राधारानी के दिव्य प्राकट्य महोत्सव सहित अनेक आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ हो रहे हैं।

श्री गौर गोविंद मंदिर के प्रमुख फूल सिंह पंडा, डॉ लक्ष्मी ठाकुर, डॉ पी एस ठाकुर ,वृंदा, राखी, ललिता, अल्पना और राधे ने आज मीडिया को पूरे आयोजनों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बताया कि सन 1960 से श्री राधाष्टमी का आयोजन पूरे उत्साह और धार्मिक परम्पराओं के अनुरूप हो रहा है। 

------

फेसबुक लिंक क्लिक करे

सागर गौर गोविंद मंदिर में श्री राधाष्टमी महोत्सव 2026 का कार्यक्रम 

---------


नियमित प्रवचन श्री रसिक बिहारी जी के 

मंदिर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्री भील गुरुदेव 'बिरही जी' महाराज की कृपा से श्री राधाष्टमी महा-महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान 15 से 17 सितंबर तक शाम 4 से 6.30 बजे तक श्री पं. रसिक बिहारी दास भागवताचार्य द्वारा गोपीगीत पर विशेष आध्यात्मिक प्रवचन दिए जा रहे हैं। प्रवचन में गोपीगीत के माध्यम से राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम और भक्त-भगवान के आध्यात्मिक संबंध का वर्णन किया जाएगा।

18 सितंबर को ललिता जयंती पर हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा। ऊंचेगांव बरसाना वाली श्री ललिता सखी के जन्मोत्सव के अवसर पर हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाया जाएगा।



19 सितंबर को श्री राधारानी का दिव्य प्राकट्य महोत्सव

महोत्सव का मुख्य आयोजन 19 सितंबर शनिवार को श्री राधारानी के दिव्य प्राकट्य महोत्सव के रूप में होगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में फूलों से विशेष रूप से सजाए गए भव्य फूल बंगले में श्रीजी के दिव्य दर्शन होंगे।कार्यक्रम के अनुसार सुबह 5.30 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 7 से 8.30 बजे तक श्री राधारानी का अभिषेक होगा। संतों द्वारा प्रेमभक्ति चंद्रिका पाठ किया जाएगा। वहीं दोपहर 12 बजे फूलों से सुसज्जित फूल बंगले में श्री राधारानी के प्राकट्य के विशेष दर्शन होंगे।


इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, संकीर्तन और उत्सव का वातावरण रहेगा। इसके बाद वृंदावन से पधारे संतों द्वारा आध्यात्मिक प्रवचन किया जाएगा।


दोपहर 2 बजे निकलेगी भव्य नगर संकीर्तन शोभायात्रा : झाकियां होंगी आकर्षण का केंद्र


राधाष्टमी महोत्सव के अवसर पर 19 सितंबर को दोपहर 2 बजे भव्य नगर संकीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ा बाजार, गौर मूर्ति, कटरा, विजय टॉकीज रोड होते हुए राहतगढ़ बस स्टैंड पहुंचेगी और पुनः मंदिर परिसर में इसका समापन होगा। इस यात्रा में भगवान की झांकिया हर साल की तरह इस साल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस दफा भगवान सीताराम ,लक्ष्मण और निषादराज संवाद, श्रीकृष्ण शेषनाग की लीला, दामोदर लीला, श्रीगोवर्धन जी की झांकी और आंध्रप्रदेश के नृत्य कचीपुड़ी की प्रस्तुतियां होंगी। 


शोभायात्रा में हरिनाम संकीर्तन के साथ विभिन्न आकर्षण एवं आध्यात्मिक झांकियां शामिल होंगी। नगर भ्रमण के दौरान भक्तजन संकीर्तन करते हुए श्री राधा-कृष्ण की भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर में रात्रि 8 बजे तक महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

20 और 21 सितंबर को भी विशेष प्रवचन


महोत्सव के अंतर्गत 20 सितंबर रविवार और 21 सितंबर सोमवार को शाम 4 से 6.30 बजे तक वृंदावन से पधारे 108 श्री श्री रामानंद प्रभु जी द्वारा सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचन किए जाएंगे।

मंदिर समिति के व्यवस्थापक श्री कृष्ण दास पंडा ने श्रद्धालुओं से परिवार एवं इष्ट मित्रों सहित सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर श्रीजी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन स्थल श्री श्री गौर गोविंद मंदिर, रविशंकर वार्ड, सागर रहेगा।


Share:

धर्मश्री स्कूल में गुणवत्ताहीन मध्यान्ह भोजन पर कलेक्टर नाराज, प्रदाता समिति को नोटिस

धर्मश्री स्कूल में गुणवत्ताहीन मध्यान्ह भोजन पर कलेक्टर नाराज, प्रदाता समिति को नोटिस


तीनबत्ती न्यूज: 16 सितम्बर, 2026

सागर। शासकीय माध्यमिक शाला धर्मश्री में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू का पालन नहीं किए जाने पर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नाराजगी जताई। मामले में मध्यान्ह भोजन प्रदाता समूह आकांक्षा सेवा समिति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने 16 सितंबर को शासकीय माध्यमिक शाला धर्मश्री का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों को प्रदाय किए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। साथ ही भोजन शासन द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भी नहीं था।


निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन प्रदाता संस्था की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।


कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड स्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र सागर द्वारा आकांक्षा सेवा समिति के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में समिति से गुणवत्ताहीन तथा निर्धारित मेन्यू के विपरीत भोजन प्रदाय किए जाने के संबंध में दो दिवस के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई


नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयावधि में यदि समिति की ओर से संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है, तो कलेक्टर के निर्देशानुसार मध्यान्ह भोजन प्रदाय संबंधी अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के लिए प्रकरण वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा।



Share:

कांग्रेस ने अवैध शराब को लेकर दिया धरना : राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को दिया ज्ञापन

कांग्रेस ने अवैध शराब को लेकर दिया धरना : राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को दिया ज्ञापन



तीनबत्ती न्यूज: 16 सितंबर, 2026

सागर: बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतो एवं मुआवजे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण एवं शहर के संयुक्त तत्वाधान में सागर बड़ा बस स्टैंड पर धरना आयोजित किया गया। प्रदेश के महामहिम राज्यपाल के नाम नगर दंडाधिकारी सागर को ज्ञापन दिया गया।

धरना को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने कहा की अवैध शराब जिले में बंद हो और पीड़ितों को मुआवजा  मिले। एक और भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ सबका विकास करने की बात करती है, लेकिन वास्तव में अवैध शराब से हुई मौतो से ऐसा प्रतीत होता है कि शराब माफिया सरकार और प्रशासन पर हावी है और प्रशासन मौतो का वास्तविक आंकडा छुपा रहा है।जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा की पूर्व में प्रशासन को कई बार ज्ञापन के माध्यम से चेताया गया था कि जिले में और शहर में अवैध शराब बिक रही है। लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई कार्यवाही नहीं थी अगर प्रशासन चेता होता तो बंडा की घटना नहीं होती।

प्रदेश कांग्रेस सचिव सागर प्रभारी राहुल शर्मा ने कहा कि सागर जिले ही नहीं  बल्कि पूरे प्रदेश में अब शराब का कारोबार पूरी तरह प्रदेश की भाजपा सरकार की संरक्षण में फल फूल रहा है इस पर तत्काल रोक लगना चाहिए।बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने इस अवसर पर 45 मृतक लोगों के नाम लेते हुए बताया कि प्रशासन और मंत्री महोदय अभी तक सिर्फ 20 लोगों तक स्वीकार कर पा रहे हैं बाकी बचे लोगों का क्या होगा तो मालूम होगा कि वास्तव में कितने लोगों की मृत्यु घरेलू शराब पीने से हुई है।

इन्होंने भी किया संबोधित

धरना को प्रमुख रूप से  पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद डॉ आनंद अहिरवार,प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी,,नारायण प्रजापति, पूर्व विधायक सुनील जैन ,नीरज शर्मा,सुरेंद्र सुहाने, महिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय रिचा सिँह, डॉ किरणलता सोनी,जगदीश यादव,रमाकांत यादव सेवादल अध्यक्ष द्वय सिंटू कटारे बी डी पटेल संजय मोंटी यादव आदि ने संबोधित किया। संचालन संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने तथा आभार खुरई ब्लॉक अध्यक्ष हरविंदर सिंह चावला ने व्यक्त किया।

ये रहे शामिल

धरना कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार पचौरी, शहर संगठन महासचिव रामकुमार पचौरी, कोषाध्यक्ष अखिलेश मोनी केसरबानी, प्रमिला सिंह राजपूत, अशरफ खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप चौधरी,एन.एस.यू. आई अध्यक्ष  अक्षत कोठारी डॉ संदीप सबलोक,ब्लॉक अध्यक्षों में श्रीमती जानकी लोधी, इंदर सिंह यादव भूपेंद्र सिंह राजपूत शंकर सिंह लोधी श्री राम यादव संजय पटेरिया नरेंद्र मिश्रा, हरविंदर सिंह चावला शाकिर खान, गजेंद्र लोधी पप्पू यादव, पुष्पेंद्र सिंह प्रदीप सोनी राजू बटयावदा, यासीन खान जितेंद्र रोहण, कार्तिक, अवधेश सिमरिया, मनोज राय, राकेश राय,नीलोफर चमन अंसारी ताहिर खान रोशनी वसीम खान सीमा चौधरी पार्षद,मुन्ना चौधरी बाबू सिंह लोधी विजय साहू,पार्षद गीता कुशवाहा विमल अहिरवार रईस खान, नंदकिशोर भारती , भागचंद आठया इदरीश खान, सुल्तान कुरेशी हीरालाल चौधरी, नीलोफर चमन अंसारी पार्षद, बृजेंद्र मिश्रा,  संदीप यादव मोनू अहिरवार  सृजन सुहाने, राजा सेन प्रभात जैन पूर्व पार्षद,अजय बमदेले,  कपिल अहिरवार, अशोक कुशवाहा पुरुषोत्तम शिल्पी पाराशर देवेंद्र पटेल कर बना हरदयाल कुर्मी रोहित कुर्मी कोमल सिंह लोधी मनोज राय प्रेम नारायण विश्वकर्मा शैलेंद्र तोमर अवधेश तोमर, आनंद तोमर तोमर आनंद तोमर पवन जाटव गोविंद मिश्रा अजय अहिरवार महेंद्र यादव रेखा सोनी, कार्तिक रोहन सौरभ खटीक, भाव सिंह इसाक खान संजय रैकवार जय पाराशर कमल चौधरी प्रदोष कुरेशी नौशाद अब्बासी सहवाग कुरेशी गंगाराम चौधरी, सुनील बेध,प्रीतम लोधी, राजेश जैन वीरेंद्र महावते आदिल राईन रोहित, मणिकर्णिका चौधरी, नरेंद्र मिश्रा , मोनू अहिरवार , रमाशंकर सेन , दीनदयाल तिवारी , कुंजी लडिया , बिल्ली रजक , गीता यादव , राजू पटेल  , राजाराम पाराशर , जितेंद्र रोहन , नौसाद अब्बासी , अरविंद मिश्रा, डी डी नायर, डॉ. हेमंत लारिया, मनोज राय , जय पारासर,  डॉ. संदीप सवलोक, बाबू सिंह लोधी, मुन्ना चौधरी, गिरीश विश्वकर्मा, श्याम करवरिया, महेंद्र सिंह ठाकुर, हरि सींग चकेरी , संजय पटेरिया , बिहारी कुशवाहा, भोले अहिरवार , रोहित कुर्मी , मनोज गुप्ता, सुरेंद्र सिंह चावड़ा, पुष्पेंद्र सिंह ब्लॉक अध्यक्ष, आनंद सोलंकी, लीलाधर सूर्यवंशी, हरिश्चंद सोनवार , मिथुन खटीक, भाव सिंह यादव ,अनुराग सिंह ठाकुर ब्लॉक अध्यक्ष, नरेंद्र सिंह ठाकुर , बलराम अहिरवार , प्रमोद राय, संजय सराफ , नितिन बाजपेयी , सुरेश पंजवानी, प्रशांत सोनी , जानकी लोधी , प्रभु दयाल मिश्रा , शंकर सिंह लोधी, संतोष मिश्रा , जितेंद्र मिश्रा छापरी, भूपेंद्र सिंह राजपूत ब्लॉक अध्यक्ष, ब्रजेश मिश्रा , सगीर खान , परम सिंह लोधी , गब्बर सिंह लोधी, शंकर सिंह लोधी, मोनू अहिरवार, बिमला अहिरवार , चंद्रभान सिंह , चंद्रभान लोधी , मूलचंद पटेल , संतोष मिश्रा , महेंद्र सिंह दांगी , राजू मिश्रा , अभिलाषा चौधरी , कमल चौधरी , विवेक भरोटे, राजा सेन, निखिल चौकसे, भूपेंद्र कुशवाहा, उमेश अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद थे।

धरना में ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांगे रखी गई जिसमे 

1. मृतकों एवं प्रभावित मरीजों के वास्तविक आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं - मृत व्यक्तियों, उपचाररत मरीजों की संख्या का अस्पताल रिकॉर्ड, मृत्यु प्रमाण-पत्र, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सत्यापन कराया जाए और अधिकृत आंकड़ा जारी किया जाए।

2. घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए - शराब के नमूनों की वैज्ञानिक/फॉरेंसिक जांच, आपूर्ति के स्रोत तथा घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की समयबद्ध जांच हो और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

3. घटना से पहले मिली शिकायतों की जांच एवं जवाबदेही तय हो - बंडा-शाहगढ़ में पूर्व में मिली शिकायतों का रिकॉर्ड खंगाला जाए, किस अधिकारी को शिकायत मिली और क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट किया जाए।

4. अवैध शराब के पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जाए - कार्रवाई केवल बेचने वाले तक सीमित न रहे, बल्कि निर्माण, भंडारण, परिवहन, आपूर्ति और आर्थिक लेन-देन की पूरी श्रृंखला की जांच कर वास्तविक संचालकों पर कार्रवाई हो।

5. जब्त शराब की वैज्ञानिक जांच एवं सुरक्षित अभिरक्षा सुनिश्चित हो - जब्त सामग्री का निस्तारण केवल जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार किया जाए।

6. प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान की पारदर्शी निगरानी हो - 100 से अधिक गांवों में चल रहे सर्वे में कितने घरों का सर्वे हुआ, कितनी शिकायतें मिलीं, इसका ग्रामवार विवरण सार्वजनिक किया जाए।

7. पुलिस एवं आबकारी विभाग की प्रभावी जवाबदेही तय हो - जिन क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब की शिकायतें हैं, वहां के संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा हो।

8. पीड़ित परिवारों का व्यापक सर्वे एवं दीर्घकालीन पुनर्वास हो  मृतकों के आश्रितों को सहायता के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका के लिए दीर्घकालीन व्यवस्था हो।

9. पूरे सागर जिले के लिए स्थायी रोकथाम व्यवस्था बने - हॉटस्पॉट चिन्हित कर संयुक्त निगरानी हो और गोपनीय शिकायत हेल्पलाइन बनाई जाए।

10. नियमित सार्वजनिक रिपोर्ट एवं जिला स्तरीय समीक्षा हो - जब्ती, FIR, गिरफ्तारी और जांच की नियमित रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

11. जिले के थानों में लंबे समय से पदस्थ पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल्स की जाँच कराई जाए।

12. जिला आबकारी विभाग के वेयर हाउस में लंबे समय से पदस्थ मंजू शाह की भूमिका की जाँच कराई जाए।

13. सागर गोल्ड ब्रांड की शराब डिस्टलरी की जाँच कराई जाए।

14. जिले के सभी थानों के अंतर्गत चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर कठोर कार्यवाही की जाए।

हमारा स्पष्ट आग्रह है कि हमारी मांग किसी आंकड़े को बढ़ाने या घटाने की नहीं है, बल्कि प्रत्येक मृत्यु का सत्य सामने आए। न किसी मृतक का आंकड़ा अस्पष्ट रहे, न किसी पीड़ित परिवार को सहायता से वंचित किया जाए और न ही किसी जिम्मेदार व्यक्ति को पद के कारण संरक्षण मिले।उपरोक्त मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में जिला कांग्रेस कमेटी जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन के लिए स्वतंत्र होगी। उक्तसय की जानकारी मिडिया विभाग के प्रभारी अभिषेक गौर ने दी।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive