Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Banda News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Banda News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

उल्दन बांध ओवरफ्लो, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित; प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक मार्गों की सूचना

उल्दन बांध ओवरफ्लो, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित; प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक मार्गों की सूचना


तीनबत्ती न्यूज:  22 अगस्त 2026

सागर । बंडा वृहद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत निर्मित उल्दन बांध में लगातार बारिश के चलते जलस्तर क्रस्ट लेवल 451 मीटर से ऊपर पहुंच गया है। 21 अगस्त की मध्य रात्रि में जलस्तर बढ़ने के बाद उल्दन बांध ओवरफ्लो होना शुरू हो गया। बांध के ओवरफ्लो होने से आसपास के कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय सागर के अनुसार, बांध के पीछे बना अस्थायी मार्ग तथा सागर-धामोनी मार्ग पर ग्राम बहरोल में स्थित पुल पूरी तरह डूब गया है। इसके अलावा बंडा-बांदरी मार्ग और नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग पर स्थित पुल भी पहले से जलमग्न हैं।

राहगीरों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील

जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से डूबे हुए पुलों और मार्गों पर आवागमन नहीं करने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

बंडा-बांदरी मार्ग के लिए वैकल्पिक रास्ता


बंडा-बांदरी मार्ग पर स्थित डूबे पुल के कारण यात्री साजी तिराहा से पड़वार-राखसी-मड़ैया गोंड-बहेरिया साहनी होते हुए बांदरी पहुंच सकते हैं।

इसके अलावा दूसरा विकल्प साजी तिराहा से पड़वार-तिनसुआ-सड़ेरी-बहेरिया साहनी होते हुए बांदरी पहुंचने का रहेगा।

नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग के लिए वैकल्पिक रास्ता

नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग पर पुल के डूबने के कारण राहगीर नीमोन-पड़वार-राखसी-मड़ैया गोंड-कुल्ल होते हुए पिपरिया इल्लाई पहुंच सकते हैं।

दूसरे वैकल्पिक मार्ग के रूप में नीमोन-पड़वार-तिनसुआ-सड़ेरी-बहेरिया साहनी-कुल्ल होते हुए पिपरिया इल्लाई पहुंचा जा सकता है।


धामोनी और टीकमगढ़ से सागर आने वालों के लिए मार्ग

सागर-धामोनी मार्ग पर ग्राम बहरोल स्थित पुल के डूब जाने के कारण धामोनी अथवा टीकमगढ़ की ओर से आने वाले राहगीरों को बहरोल से बांदरी मार्ग का उपयोग करते हुए सागर पहुंचने की सलाह दी गई है।


प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों और डूबे हुए पुलों से निकलने का जोखिम न उठाएं। बारिश और बांध में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जनसुरक्षा के लिए निर्धारित डायवर्टेड मार्गों का ही उपयोग करें।


Share:

Sagar News : बंडा-बांदरी मार्ग पर बिजली का खंभा गिरा, बाइक सवार दो शिक्षक बाल-बाल बचे : दस दिन पहले लगाए गए थे खम्बे

Sagar News : बंडा-बांदरी मार्ग पर बिजली का खंभा गिरा, बाइक सवार दो शिक्षक बाल-बाल बचे : दस दिन पहले लगाए गए थे खम्बे


तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026

सागर। सागर जिले के बंडा-बांदरी मार्ग पर ग्राम रीछई के पास गुरुवार सुबह सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा अचानक उखड़कर गिर गया। इसी दौरान वहां से बाइक पर गुजर रहे दो शिक्षक खंभे की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार दोनों शिक्षक सड़क पर गिर गए, हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और दोनों सुरक्षित हैं।


जानकारी के अनुसार, बिनैका शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक राजेंद्र राजपूत और हरिनारायण रावत बाइक से स्कूल जा रहे थे। दोनों ग्राम रीछई के पास पहुंचे ही थे कि सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा अचानक उखड़कर गिर गया। खंभे की चपेट में आने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।


घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिजली कंपनी और पुलिस को घटना की सूचना दी। गनीमत रही कि खंभा शिक्षकों के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।


करीब 10 दिन पहले लगाया गया था खंभा

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली के पोल लगाने का काम चल रहा है और यह खंभा करीब 10 दिन पहले ही लगाया गया था। लगातार बारिश के कारण जमीन कमजोर होने और पोल लगाने के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के चलते खंभा उखड़ने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों के मुताबिक बंडा-बांदरी रोड व्यस्त मार्ग है। इस रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क किनारे लगाए गए बिजली के खंभों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


बाल-बाल बचे शिक्षक

हादसे में दोनों शिक्षकों के सुरक्षित बचने को ग्रामीणों ने राहत की बात बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खंभा सीधे बाइक सवार शिक्षकों के ऊपर गिरता तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद बिजली कंपनी से सड़क किनारे लगाए गए अन्य खंभों की भी जांच कराने की मांग की गई है।



Share:

सागर: स्कूल में घुसकर शिक्षकों और बच्चों से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

सागर: स्कूल में घुसकर शिक्षकों और बच्चों से मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल


तीनबत्ती न्यूज: 10 जुलाई, 2026

सागर: सागर जिले के बण्डा थाना क्षेत्र में शासकीय विद्यालय में घुसकर उत्पात मचाने, शिक्षकों से अभद्रता और मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल बण्डा भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, फरियादिया श्रीमती लक्ष्मी सोनी (61 वर्ष) निवासी नया मोहल्ला, वार्ड क्रमांक-09, बण्डा ने थाना बण्डा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह ग्राम क्वायला स्थित शासकीय विद्यालय में बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान गांव के निवासी नीलेश उर्फ डिल्लू यादव (27 वर्ष) और उसका साथी सोनू दांगी (30 वर्ष) विद्यालय परिसर में पहुंचे और हंगामा करने लगे।

शिक्षकों द्वारा समझाइश देने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की और शिक्षक तथा विद्यालय में मौजूद बच्चों के साथ मारपीट कर भय का माहौल बना दिया।

ये लगी धाराएं

शिकायत के आधार पर थाना बण्डा में अपराध क्रमांक 471/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 296(बी), 115(2), 351(2), 3(5), 121(1), 132 एवं 221 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदीप सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी बण्डा प्रदीप वाल्मीकि के मार्गदर्शन में थाना बण्डा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने दोनों को जेल भेजने के आदेश दिए।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुशवाह, उप निरीक्षक आदिल खान, प्रधान आरक्षक भोलानाथ यादव, रमेश, आरक्षक दशरथ एवं प्रहलाद की विशेष भूमिका रही।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive