Editor: Vinod Arya | 94244 37885

15 साल से फरार हत्या का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार : 30 हजार का इनाम था ▪️जिला अस्पताल से हुआ था फरार : जयपुर में मदन लाल नाम रखे था आरोपी अब्दुल राशिद

15 साल से फरार हत्या का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार : 30 हजार का इनाम था 

▪️जिला अस्पताल से हुआ था फरार :  जयपुर में मदन लाल नाम रखे था आरोपी अब्दुल राशिद


तीनबत्ती न्यूज : 17 मार्च, 2026

सागर :  सागर के गोपालगंज थाना पुलिस ने 15 साल पहले जिला अस्पताल से फरार हुए सजायाफ्ता आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। उस पर 30 हजार रुपए का इनाम भी रखा था। आरोपी अपनी पहचान और नाम बदलकर मुस्लिम बस्ती में छिपा हुआ था।लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम जयपुर पहुंची, जहां करीब 4 दिन तक आरोपी की रेकी की गई। इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को उसे सागर लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

_____________

वीडियो देखने क्लिक करे

15 वर्षों से फरार 30 हजार का इनामी :हत्या का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

_______________

हत्या के मामले में  अस्पताल से हुआ था फरार

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2009 में कैंट थाना क्षेत्र में जयकुमार उर्फ पूरन अहिरवार की हत्या हुई थी। इस मामले में  पुलिस ने शनिचरी चौगुना निवासी अब्दुल राशिद, अब्दुल जाहिद और एक महिला को आरोपी बनाया था। कोर्ट ने सभी आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। आरोपी अब्दुल राशिद केंद्रीय जेल सागर में सजा काट रहा था। वर्ष 2011 में तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से वह फरार हो गया। इसके बाद गोपालगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

_____________

वीडियो देखने नीचे क्लिक करे

बुंदेलखंड को मिले सागर से पुणे व नागपुर के लिए सीधा रेल संपर्क : सांसद डॉ. लता वानखेड़े की लोकसभा में बड़ी मांग

----------------

हाईकोर्ट ने दिए निर्देश

आरोपी राशिद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी रहीं। लेकिन वह नहीं मिला। इसी दौरान हाईकोर्ट ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह लगातार अपनी पहचान छुपाकर स्थान बदलता रहा और लगभग 15 वर्षों तक गिरफ्तारी से बचता रहा।

जयपुर की मिली लोकेशन : मदन नाम रखे था आरोपी राशिद

सागर पुलिस की टीम जयपुर पहुंची, जहां जांच में पता चला कि आरोपी नाम बदलकर रह रहा है। लोग उसे मदनलाल के नाम से जानते थे और वह मुस्लिम बस्ती में रहता था। पुलिस ने वेश बदलकर उसकी निगरानी शुरू की। जवानों ने सिर पर टोपी और कंधे पर गमछा डालकर इलाके में रेकी की। करीब चार दिन की निगरानी के बाद सोमवार को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई तो शुरुआत में वह खुद को मदनलाल बताता रहा, लेकिन सख्ती करने पर उसने अपनी असली पहचान अब्दुल राशिद बताई। उसने मदनलाल के नाम से आधारकार्ड भी बनवा लिया था। 

पूछताछ में सामने आया कि फरारी के दौरान आरोपी राजस्थान के अलग-अलग शहरों में रहा, लेकिन लंबे समय से जयपुर में ही रह रहा था। वहां पहले वह एक प्लांट में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। वर्ष 2021 में प्लांट बंद होने के बाद उसने चाट-फुल्की का काम शुरू कर दिया। वह शादी-विवाह में ठेके भी लेता था।


पुलिस ने वेष बदलकर पकड़ा आरोपी को : ललित कश्यप 

सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि 15 साल से फरार आरोपी अब्दुल राशिद को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहा था और 2011 में जिला अस्पताल से फरार हो गया था। लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम जयपुर भेजी गई, जहां वेश बदलकर उसे गिरफ्तार किया।

इनका कार्य रहा सराहनीय

आरोपी की तलाश से लेकर गिरफ्तारी तक  संपूर्ण कार्यवाही थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नीरज जैन ,प्रधान आरक्षक दीपक व्यास ,आरक्षक आशीष, मनीष, अन्य सहयोगी स्टाफ के साथ ही प्रधान आरक्षक सौरभ, आरक्षक कुलदीप एवं हेमेंद्र  आरक्षक हीरेन्द्र एवं थिरबम ,प्रधान आरक्षक अनिल प्रभाकर एवं उनके सहयोगी भरत व महेंद्र आरक्षक दशरथ आरक्षक आनंद सिंधु एवं उप निरीक्षक आरकेएस चौहान द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई ।




Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive