Editor: Vinod Arya | 94244 37885

विधायक प्रदीप लारिया ने CM डॉ यादव से की मुलाकात: किसानों और सड़कों समेत विकास कार्यों पर चर्चा • जिला चिकित्सालय को बीएमसी में मर्ज करने के स्थान पर शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का सुझाव

विधायक प्रदीप लारिया ने CM डॉ यादव से की मुलाकात:  किसानों और सड़कों समेत विकास कार्यों पर चर्चा

• जिला चिकित्सालय को बीएमसी में मर्ज करने के स्थान पर शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का सुझाव


तीनबत्ती न्यूज:, 28 अक्टूबर 2026

सागर। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के किसानों के हितों, सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। विधायक ने संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान कर शीघ्र कार्यवाही का अनुरोध किया।

विधायक लारिया ने रबी फसल के मद्देनजर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने जल स्तर कम रहने की स्थिति को देखते हुए किसानों को अस्थायी विद्युत कनेक्शन पर सुविधा शुल्क में राहत देने का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

कड़ान सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन की स्वीकृति का आग्रह

विधायक ने निर्माणाधीन कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन को सक्षम समिति से स्वीकृति दिलाकर शीघ्र क्रियान्वयन कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से इससे लाभान्वित होने वाले गांवों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा और किसानों को इसका लाभ मिलेगा।

इन सड़कों के निर्माण और मजबूतीकरण की मांग

क्षेत्र में सड़क संपर्क और आवागमन सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक ने विभिन्न सड़क निर्माण, मजबूतीकरण एवं प्रशासनिक स्वीकृति से जुड़े प्रस्तावों पर कार्रवाई का आग्रह किया। इनमें—

  • भापेल–जैसीनगर तिगड्डा से पाटन मार्ग तक 1 किमी सड़क निर्माण।
  • खुरई मार्ग एनएच-14 से नगना ढोंगा–बरोदिया सड़क का मजबूतीकरण।
  • मदनपुरा–खिरिया नीखर मार्ग पर 2 किमी सड़क निर्माण।
  • मझगुवां अहीर में सीसी सड़क।
  • ग्राम सुआतला से मसानझिरी की ओर सीसी सड़क।
  • रिछावर–टीलाखेड़ी सड़क।
  • मुहली से बड़कुआ–बहेरिया–बामोरा–पटकुई सड़क।
  • मुख्य मार्ग पेट्रोल पंप–डुगांसरा सड़क।
  • पुरानी सदर–जिंदा (सेमराबाग) सड़क।

इसके अलावा सेमराहाट–बरोदिया गुसाईं सड़क मार्ग की प्रशासनिक स्वीकृति के लिए स्थायी वित्तीय समिति से अनुमोदन कराने का अनुरोध भी विधायक ने मुख्यमंत्री से किया।

सागर में स्वास्थ्य सुविधा को लेकर भी रखा प्रस्ताव

स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विधायक प्रदीप लारिया ने जिला चिकित्सालय सागर को बीएमसी में मर्ज करने के स्थान पर शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सिविल अस्पताल) स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने सागर के समीप उपयुक्त स्थान पर इस स्वास्थ्य सुविधा की स्थापना का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive