Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Narayavali लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Narayavali लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

भापेल फूलनाथ बाबा मंदिर के पास निर्माण पर रोक की मांग, विधायक प्रदीप लारिया ने SDM को लिखा पत्र

भापेल में मंदिर के समीप निर्माण कार्य पर रोक की मांग, विधायक लारिया ने SDM को लिखा पत्र



तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भापेल स्थित प्राचीन भगवान फूलनाथ बाबा मंदिर के समीप चल रहे निर्माण कार्य और कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों की आपत्तियों के बीच नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सागर को पत्र लिखकर निर्माण कार्य पर पुनः रोक लगाने का आग्रह किया है।

विधायक लारिया ने पत्र में बताया कि मंदिर परिसर के समीप निर्माण कार्य पूर्व में रोका गया था, लेकिन रोक समाप्त होने के बाद दोबारा निर्माण की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि भगवान फूलनाथ बाबा मंदिर धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां वृहद मेले का आयोजन होता है और वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

ग्रामीणों ने उठाए निर्माण और भूमि से जुड़े सवाल

ग्राम पंचायत भापेल एवं ग्रामीणों की ओर से की गई शिकायत में स्नेहधारा वेलफेयर सोसायटी की संचालक फिलोमिना पजहुरू परमबिल पुत्री जोसेफ पर संबंधित भूमि का संपूर्ण डायवर्सन नहीं कराए जाने तथा निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति और नक्शा स्वीकृति प्राप्त नहीं होने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में भूमि की खुदाई, पेड़ों को हटाने और पहाड़ी क्षेत्र में निर्माण कार्य किए जाने से मंदिर तक जाने वाले मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र की स्थिति प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।

SDM के समक्ष भी पहुंचा मामला

मामला अनुविभागीय दंडाधिकारी, सागर के समक्ष भी पहुंच चुका है। ग्रामीणों ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 164 के तहत आवेदन प्रस्तुत कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने जांच और रोक की मांग की

विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने प्रशासन से भूमि के स्वामित्व एवं उपयोग, डायवर्सन, निर्माण अनुमति और अतिक्रमण से जुड़े तथ्यों की जांच कराने का आग्रह किया है। उन्होंने धार्मिक स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर पुनः रोक लगाने की मांग की, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की धार्मिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।


Share:

नरयावली विधानसभा विकास कार्यों पर विधायक लारिया ने कलेक्टर से की चर्चा

नरयावली विधानसभा के विकास कार्यों को लेकर विधायक लारिया ने कलेक्टर से की चर्चा

• मकरोनिया और कर्रापुर में भूमि आवंटन सहित विभिन्न विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा, समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों पर भी हुआ विचार-विमर्श


तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त 2026

सागर। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल से मुलाकात कर नरयावली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में मकरोनिया एवं कर्रापुर क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए लंबित भूमि आवंटन के प्रकरणों तथा प्रस्तावित निर्माण कार्यों को गति देने पर विशेष रूप से चर्चा हुई।

विधायक लारिया ने बताया कि मकरोनिया में विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन संबंधी 11 आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें मकरोनिया स्थित सहकारी गोदाम परिसर की भूमि पर नगर विकास एवं पुनर्धनीकरण (Redensification) योजना के तहत पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।

इसके अलावा नगरपालिका परिषद मकरोनिया द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, दिव्यांग पार्क, जनपद कार्यालय भवन सहित अन्य विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन के मामलों पर भी चर्चा की गई।


कर्रापुर और नरयावली के विकास कार्यों पर भी चर्चा


कर्रापुर क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए भूमि आवंटन के प्रस्तुत आवेदनों तथा सीएम राइज स्कूल के लिए भूमि आवंटन के विषय को भी विधायक ने कलेक्टर के समक्ष रखा। वहीं नरयावली क्षेत्र में प्रस्तावित 132/33 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि आवंटन तथा लव-कुश मंदिर के लिए स्वीकृत राशि से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई।


विधायक लारिया ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए भूमि आवंटन सहित आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं का शीघ्र निराकरण जरूरी है। इससे जनहित से जुड़े विकास कार्य समय-सीमा में पूरे किए जा सकेंगे।


समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा

मुलाकात के दौरान आगामी समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों को लेकर भी विधायक लारिया और कलेक्टर प्रतिभा पाल के बीच चर्चा हुई। यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं, जनभागीदारी और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

विधायक लारिया ने यात्रा को सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का व्यापक संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए इसकी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Share:

धानुक समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पहली बार मिला सम्मान, विधायक प्रदीप लारिया ने भवन की घोषणा की

धानुक समाज के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को पहली बार मिला सम्मान

• धानुक समाज का बडतुआं में बनेगा भवन : विधायक प्रदीप लारिया

• धानुक समाज अध्यक्ष डॉ बृजेश बैन की अध्यक्षता में हुआ वृहद कार्यक्रम


तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त ,2026

सागर। धानुक समाज सागर द्वारा रविवार को प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान के लिए वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। धानुक समाज सागर के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पहली बार प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।


बढ़तुमा में बनेगा भवन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने धानुक समाज के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सागर नगर से लगे बढ़तूमा में समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का सबसे बड़ा माध्यम है। आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। समाज द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे इस प्रयास की उन्होंने सराहना की।

कार्यक्रम में कुशवाहा बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल पटेल, सागर विश्वविद्यालय की डीन प्रोफेसर श्रीमती चंदा बैन, डिक्की मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. अनिल सरवैया, भाजपा एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष श्री अमित कच्छवाह सहित समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

मां सरस्वती की पूजा से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद धानुक समाज सागर के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के उद्देश्य एवं समाज की गतिविधियों की जानकारी दी।

8वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का सम्मान

प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धानुक समाज के छात्र-छात्राओं को अतिथियों एवं समाज अध्यक्ष के सानिध्य में ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पहली बार आयोजित इस प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।



शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया

विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि समाज के विकास और उत्थान के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने धानुक समाज और अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन के प्रयासों की सराहना की तथा बढ़तूमा में समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।

कुशवाहा बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल ने अपने संबोधन में रोजगार से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी दी और युवाओं को उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

सागर विश्वविद्यालय की डीन डॉ. चंदा बैन ने सामाजिक उत्थान में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के बच्चों को उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं डिक्की मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. अनिल सरवैया ने रोजगार एवं स्वरोजगार के छोटे-छोटे अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए समाज के युवाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाली खिलाड़ी के पिता का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो खेल में रजत पदक प्राप्त करने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य के पिता श्री हरिओम मौर्य का भी शाल, श्रीफल एवं सम्मान सामग्री भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनकी बेटी की उपलब्धि को समाज के लिए गौरवपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में धानुक समाज के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन ने सभी अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में लगभग 300 से 400 सामाजिक बंधुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में धानुक समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं समाज के सभी बंधुओं का विशेष सहयोग रहा। प्रतिभा सम्मान और सामुदायिक भवन की घोषणा को समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।




Share:

www.Teenbattinews.com

Archive