संत रविदास मंदिर निर्माण कार्यों का अनुसूचित जाति आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार ने किया निरीक्षण
तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर, 2026
सागर। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार और विधायक प्रदीप लारिया ने शुक्रवार को बड़तूमा स्थित निर्माणाधीन संत शिरोमणि रविदास मंदिर एवं संग्रहालय परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर के प्रस्तावित मॉडल का अवलोकन किया और निर्माण एजेंसी तथा विभागीय अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अहिरवार ने समरसता गैलरी का अवलोकन किया। यहां संत रविदास जी के समकालीन संतों की प्रतिमाएं और उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उन्होंने यात्री आवास गृह सहित श्रद्धालुओं के लिए विकसित की जा रही मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि यह भव्य परिसर संत रविदास जी के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक केंद्र बनेगा। यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलनी चाहिए।
101 करोड़ की लागत से बन रहा 66 फीट ऊंचा मंदिर
इस अवसर पर नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बड़तूमा में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ क्षेत्र में संत रविदास जी का भव्य मंदिर एवं संग्रहालय बनाया जा रहा है। मुख्य मंदिर 66 फीट ऊंचा होगा, जिसका निर्माण पारंपरिक नागर शैली में लाल पत्थरों से बिना लोहे के उपयोग के किया जा रहा है।
परिसर में अत्याधुनिक संग्रहालय और ऑडिटोरियम भी बनाए जा रहे हैं। इनमें डिजिटल एवं दृश्य-श्रव्य माध्यमों से संत रविदास जी के जीवन प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया जाएगा। मंदिर परिसर को शहर और प्रमुख मार्गों से जोड़ने के लिए पहुंच मार्ग भी प्रस्तावित हैं।
विधायक लारिया ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और शीघ्र ही भव्य लोकार्पण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा।
किसान की जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त
मंदिर परिसर के निरीक्षण के बाद आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार ग्राम बरकोटीकला पहुंचे। यहां एक किसान ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। अहिरवार ने तत्काल संबंधित तहसीलदार और हल्का पटवारी को मौके पर बुलाया। राजस्व अमले ने स्थल निरीक्षण और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रकरण का मौके पर ही निराकरण कराया तथा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
उन्होंने संबंधित किसान को नियमानुसार पट्टा जारी करने के लिए राजस्व अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
इस दौरान मकरोनिया नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, गुरु रविदास विश्वमहापीठ के पदाधिकारी डॉ. परशुराम, जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त अदिति शांडिल्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक प्रदीप लारिया के निज निवास पर आत्मीय स्वागत
मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल सागर जिले के प्रवास के दौरान नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के मकरोनिया स्थित निज निवास पर आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनके साथ गुरु रविदास पीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत सिंह भी पधारे, जिनका विधायक श्री लारिया ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में आत्मीय भेंट एवं स्नेहपूर्ण भोजन के साथ सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें