Editor: Vinod Arya | 94244 37885
मुनि श्री शुद्धात्म सागर पर्णकला प्रदर्शनी सागर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मुनि श्री शुद्धात्म सागर पर्णकला प्रदर्शनी सागर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज जैन मुनिश्री की पर्णकला प्रदर्शनी, 26 सितंबर तक श्रद्धालु कर सकेंगे अवलोकन

लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज जैन मुनिश्री की पर्णकला प्रदर्शनी, 26 सितंबर तक श्रद्धालु कर सकेंगे अवलोकन


तीनबत्ती न्यूज: 24 सितम्बर, 2026

सागर। लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज मुनि श्री शुद्धात्म सागर महाराज द्वारा पत्तों पर उकेरे गए चित्रों की पर्णकला प्रदर्शनी कटरा नमक मंडी स्थित गौराबाई दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित की जा रही है। वर्षाकालीन चातुर्मास कर रहे आचार्य श्री विभव सागर महाराज के संघस्थ मुनि श्री शुद्धात्म सागर महाराज ने सुई और रेजर पत्ती के माध्यम से पत्तों पर प्रकृति, धर्म और आत्मा के विविध चित्र उकेरे हैं।




आचार्य श्री के साथ विहार के दौरान जंगल में गिरे पत्तों पर मुनिश्री ने जैन धर्म के महामंत्र का लेखन किया। इसके बाद सुई और रेजर पत्ती की सहायता से पत्तों पर प्रकृति से सृजन तक की भावनाओं को आकार दिया। यह पर्णकला साधना और सृजन के अनूठे संगम को दर्शाती है। इसके माध्यम से धर्म के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया है।




प्रदर्शनी में मुनिश्री ने आत्मदर्शन और गुरु परंपरा को पत्तों पर उकेरा है। इसके साथ ही रिश्तों और विश्वास की डोर जैसे भावों को भी चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। पीपल के पत्तों पर प्रकृति की गोद में भारत का चित्रण तथा सीमा पर डटे राष्ट्र प्रहरी सैनिकों की आकृतियां भी आकर्षण का केंद्र हैं।

प्रदर्शनी के संयोजक सुनील जैन पड़वार ने बताया कि 22 सितंबर से मंदिर परिसर में शुरू हुई यह पर्णकला प्रदर्शनी 26 सितंबर शनिवार तक श्रद्धालुओं के अवलोकनार्थ रहेगी। अब तक एक हजार से अधिक श्रद्धालु प्रदर्शनी देख चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि 24 अक्टूबर 2025 को मुनि श्री शुद्धात्म सागर महाराज द्वारा पत्तों पर उकेरे गए चित्रों को लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive