बीना में मां-बेटी को आग लगाने की वारदात का खुलासा, रिश्ते की देवरानी गिरफ्तार; एक की मौत
तीनबत्ती न्यूज: 05 नवंबर, 2026
सागर/बीना। सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना में मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्टील की डोलची, उसके कपड़े, जूते और माचिस सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
घटना में गंभीर रूप से झुलसी 35 वर्षीय गिरजा की उपचार के दौरान बीएमसी सागर में मौत हो गई, जबकि दूसरी पीड़िता का हमीदिया अस्पताल भोपाल में उपचार जारी है। महिला की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पति और पीड़िता के कथित संबंधों को लेकर थी रंजिश
पुलिस के अनुसार 2 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे ग्राम गोदना में आरोपी काजल गोस्वामी पेट्रोल से भरी स्टील की डोलची लेकर पीड़िताओं के घर पहुंची। वहां कहासुनी के बाद उसने मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी और फरार हो गई।
घायल बालिका द्वारा हमीदिया अस्पताल भोपाल में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार आरोपी काजल उसकी मां की रिश्ते की देवरानी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पति आकाश और पीड़िता गिरजा के बीच कथित मैत्री संबंधों को लेकर उसके मन में रंजिश थी। इसी के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पहले से बनाई थी आग लगाने की योजना
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घटना से एक दिन पहले अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रख लिया था। वारदात के दिन सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वह घर के पीछे के रास्ते से पेट्रोल लेकर पीड़िताओं के घर पहुंची। कमरे में मां-बेटी को देखकर उन पर पेट्रोल डाला और माचिस से आग लगा दी।
वारदात के बाद आरोपी पेट्रोल की डोलची मौके पर फेंककर दीवार पार करते हुए अपने घर के पिछले दरवाजे से निकल गई। उसने घटना के समय पहने कपड़े पन्नी में रखकर स्कूटी से किर्रवदा बायपास के पास फेंक दिए थे।
सीसीटीवी और मरणासन्न कथनों से खुला राज
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। दोनों पीड़िताओं के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष मरणासन्न कथन दर्ज कराए गए। इनमें आरोपी द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आई। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में भी आरोपी घटना के समय पीड़िताओं के घर की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया।
डोलची, कपड़े, जूते और माचिस जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्टील की डोलची और उसका ढक्कन, घटना के समय पहने कपड़े, जूते और माचिस जब्त की है। इसके अलावा घटनास्थल से पीड़िताओं के अधजले कपड़े और अधजला मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी काजल गोस्वामी पति आकाश दांगी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम गोदना को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
प्रकरण में पहले धारा 109(1) बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। गिरजा की उपचार के दौरान मृत्यु होने के बाद अब धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध भी जोड़ा जा रहा है। दूसरी पीड़िता का उपचार जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी बीना अजय सनकत के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। इस मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखन राज, कस्तूरी अहिरवार, निशांत भगत, एएसआई प्रीति थापा सहित थाना बीना के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें