सागर लोकसभा में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सांसद लता वानखेड़े ने उठाईं 37 मांगें, नई रेल लाइनों और ट्रेनों के ठहराव पर दिया जोर
तीनबत्ती न्यूज: 4 नवंबर, 2026
सागर : सागर लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने भोपाल में आयोजित पश्चिम मध्य रेलवे की मंडल एवं जोनल बैठक में क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों के समक्ष कुल 37 मांगें एवं प्रस्ताव रखते हुए इनके निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित करने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं रेल सुविधाओं की मांगें, महामना एक्सप्रेस रानी कमलापति तक चलाने का प्रस्ताव
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बैठक में भोपाल–सागर–छतरपुर–खजुराहो नई रेल लाइन की डीपीआर शीघ्र तैयार करने तथा सिरोंज–शमशाबाद–लटेरी–कुरवाई रेल लाइन का सर्वे शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा सागर से पुणे के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा।
मंडी बामोरा और बीना स्टेशन के विकास पर जोर
सांसद ने मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन के व्यापक पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की। उन्होंने इंदौर–प्रयागराज एवं पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव के साथ दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेन को भी मंडी बामोरा में स्टॉपेज देने का प्रस्ताव रखा।
वहीं बीना जंक्शन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने तथा प्रीमियम सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
छोटे स्टेशनों पर बढ़ें यात्री सुविधाएं और ट्रेनों के ठहराव
ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद ने नरयावली, कुरवाई-कैथोरा, सेमरखेड़ी, महादेवखेड़ी, बरेठ, कुल्हार और कंजिया रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विकास करने की मांग रखी।
उन्होंने इन स्टेशनों पर पैसेंजर एवं मेमू ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने के साथ बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस का बरेठ एवं कुरवाई-कैथोरा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने और बीना–कोटा मेमू ट्रेन का सागर तक विस्तार करने का प्रस्ताव भी दिया।
पुणे, बेंगलुरु और रामेश्वरम के लिए सीधी कनेक्टिविटी की मांग
सागर को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए सांसद ने रीवा–पुणे ट्रेन को सागर मार्ग से संचालित करने, बेंगलुरु एवं रामेश्वरम के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी विकसित करने तथा जबलपुर–बेंगलुरु ट्रेन को सागर मार्ग से चलाने की मांग उठाई।
इसके अलावा गोरखपुर हमसफर ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने, रीवा–चार्लापल्ली ट्रेन का नियमित संचालन शुरू करने, हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर ट्रेन के फेरे बढ़ाने और शिप्रा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव रखा। सांसद ने राज्यरानी एक्सप्रेस का नरयावली स्टेशन पर ठहराव देने और ट्रेन का उज्जैन तक विस्तार करने की मांग भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखी।
मांगों पर समय-सीमा तय करने का आग्रह
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने रेलवे अधिकारियों से आग्रह किया कि सागर लोकसभा क्षेत्र से संबंधित प्रत्येक मांग पर कार्रवाई के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यों की प्रगति की लिखित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें