वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा
• 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने
तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026
जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह 6 बजे राज्य जीएसटी (SGST) विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। वर्तमान में दमोह में पदस्थ अधिकारी के जबलपुर, भोपाल और सागर से जुड़े ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली जा रही है। लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी की आय और व्यय के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। जांच टीम अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों तथा आय के स्रोतों से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।
1.03 करोड़ की आय, 3.78 करोड़ रुपये का व्यय
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के अनुसार, अधिकारी की कुल आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपये आंकी गई है, जबकि कुल व्यय 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये सामने आया है। लोकायुक्त के अनुसार, यह व्यय ज्ञात आय का 364.64 प्रतिशत है। यानी आय की तुलना में 264.64 प्रतिशत अधिक व्यय दर्ज किया गया है। शिकायत का सत्यापन निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने किया था। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मिली शिकायत के आधार पर तीन टीमों ने कार्रवाई शुरू की।
सागरछापे में सामने आईं जमीन, मकान और फ्लैट की संपत्तियां
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी मनीष कुमार जैन, उनकी पत्नी निधि जैन और परिजनों के नाम पर जमीन, प्लॉट, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों से संबंधित संपत्तियों का ब्योरा सामने आया है।
छापे में सामने आई संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है—
1. जबलपुर में अधिकारी के नाम जमीन: मनीष कुमार जैन के नाम पर 278.74 वर्गमीटर जमीन की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60 हजार 880 रुपये बताई गई है।
2. जबलपुर में पत्नी के नाम जमीन और प्लॉट: निधि जैन के नाम पर 116.14 वर्गमीटर जमीन की कीमत 9 लाख 56 हजार 375 रुपये और 116.14 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत भी 9 लाख 56 हजार 375 रुपये आंकी गई है।
3. भोपाल में जमीन और प्लॉट: निधि जैन के नाम पर 180 वर्गमीटर जमीन, जिस पर बंगला बना हुआ है, की अनुमानित कीमत 22 लाख 87 हजार 126 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 402.41 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत 13 लाख 68 हजार 550 रुपये और 83.18 वर्गमीटर के फ्लैट की कीमत 13 लाख 34 हजार 630 रुपये बताई गई है।
4. सागर के बंडा में परिजनों के नाम संपत्तियां: माता राशि जैन के नाम पर 92.93 वर्गमीटर का प्लॉट, जिस पर मकान बना है, की अनुमानित कीमत 23 लाख 49 हजार 140 रुपये बताई गई है। पिता कोमलचंद जैन के नाम पर 91.07 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की कीमत 43 लाख 19 हजार 388 रुपये और 111.48 वर्गमीटर के एक अन्य प्लॉट पर बने मकान की कीमत 2 लाख 86 हजार 485 रुपये दर्ज की गई है।
5. वाहन और बीमा पॉलिसियां: पत्नी निधि जैन के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस वाहन की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, अधिकारी और परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियों का मूल्य 33 लाख 93 हजार 986 रुपये बताया गया है।
यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल, जानिए सभी राशियों का भविष्यफल
आय के स्रोतों और दस्तावेजों की जांच जारी
लोकायुक्त पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर मिली संपत्तियों और दस्तावेजों का सत्यापन कर रही हैं। जांच में संपत्तियों के वास्तविक मूल्य, उन्हें खरीदने में खर्च की गई राशि, आय के ज्ञात स्रोतों तथा कुल व्यय के बीच अंतर का परीक्षण किया जाएगा।
फिलहाल सामने आए आंकड़े प्रारंभिक जांच पर आधारित हैं। संपत्तियों के स्वामित्व, मूल्य और आय के स्रोतों का अंतिम आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।







