सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश लेकर सागर पहुंची सेवा संकल्प यात्रा
तीनबत्ती न्यूज : 27 सितंबर 2026
सागर। वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा के रूट क्रमांक-3 का रविवार को सागर शहर में आगमन हुआ। यात्रा के शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों से गुजरने के दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न वर्गों ने पुष्पवर्षा और पुष्पमालाओं से यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी किया गया।
सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, नशामुक्ति, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की सहभागिता और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। मोतीनगर चौराहे पर यात्रा के पहुंचने पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिलाएं और आमजन उपस्थित रहे तथा यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है। देश के नौजवान इस संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं । उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प की यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही यह यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का संदेश दे रही है।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प लें : मुकेश राठवा
गुजरात के राज्यसभा सांसद मुकेश राठवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के प्रति श्रद्धा और निष्ठा रखते हुए देश की सेवा एवं जनकल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
सेवा और संकल्प का संदेश दे रही यात्रा : शैलेंद्र जैन
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने के साथ ही सेवा और संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।उन्होंने सागर की धरती पर यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि अतिथि हमारे लिए सम्मान और आत्मीयता का विषय हैं तथा सागर की जनता यात्रियों का पूरे मन से स्वागत करती है।
जैन ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और विश्व में भारत की भूमिका को और मजबूत करने के संकल्प के साथ सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। सेवा संकल्प यात्रा इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
युवाओं से सेवा कार्यों में सहभागिता का आह्वान
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने युवाओं से आगे बढ़कर लघु एवं छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान, नशामुक्त भारत और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न वार्डों के पार्षद, सिटी मजिस्ट्रेट सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








