Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Khurai Bhupendra Singh Bundelkhand Medical College Blood Bank Madhya Pradesh Assembly लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Khurai Bhupendra Singh Bundelkhand Medical College Blood Bank Madhya Pradesh Assembly लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

भूपेन्द्र सिंह की पहल पर शासन ने बीएमसी को स्वीकृत की 2 करोड़ की राशि, ब्लड बैंक हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण : विधानसभा में सरकार ने दी जानकारी

खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की पहल पर विधानसभा में तीन बड़ी घोषणाएं: बीएमसी ब्लड बैंक के लिए ₹2 करोड़, हनोता परियोजना सड़क निर्माण और इटवा पर्यटन परियोजना को मिली स्पष्टता


तीनबत्ती न्यूज: 22 जुलाई, 2026

सागर मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा उठाए गए जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार ने विस्तृत जानकारी देते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति, हनोता सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र में वैकल्पिक सड़क निर्माण की समय-सीमा तथा ग्राम इटवा में प्रस्तावित पर्यटन परियोजना की स्थिति स्पष्ट की।

बीएमसी ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए 2 करोड़ की मंजूरी

ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से विधायक भूपेन्द्र सिंह ने सदन में कहा कि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्वतंत्र एवं आधुनिक ब्लड बैंक की व्यवस्था लंबे समय से लंबित है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। 

उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया कि जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में ब्लड बैंक को मेडिकल कॉलेज में हस्तांतरित करने, उसकी क्षमता 1000 यूनिट से बढ़ाकर 2000 यूनिट तथा भविष्य में 5000 यूनिट तक विकसित करने के साथ प्लाज्माफेरेसिस, सिंगल डोनर प्लेटलेट्स और न्यूक्लिक एसिड टेस्टिंग (एनएटी) जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इन पर अपेक्षित गति से कार्य नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक की क्षमता नहीं बढ़ने से गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में कठिनाई आती है और उन्हें निजी अस्पतालों पर निर्भर होना पड़ता है।

जवाब में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि ब्लड बैंक को जिला चिकित्सालय से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके आधुनिकीकरण के लिए शासन ने 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

उन्होंने बताया कि इस राशि से ब्लड बैंक की स्टोरेज क्षमता बढ़ाई जाएगी और आधुनिक रक्त सेवाओं के लिए आवश्यक उपकरण खरीदे जाएंगे। मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय का स्टाफ संयुक्त रूप से तीन शिफ्टों में ब्लड बैंक का संचालन कर रहा है।

डॉ. राजेन्द्र शुक्ल ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कहना सही नहीं है कि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक नहीं होने अथवा उसकी क्षमता वृद्धि न होने के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों से 3 से 5 हजार रुपये खर्च कर रक्त खरीदना पड़ रहा है या रक्त की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक की सेवाएं नियमित रूप से संचालित हैं तथा आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है।

हनोता सिंचाई परियोजना: 21 अप्रैल 2027 तक बनेगा वैकल्पिक मार्ग

विधानसभा में विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा उठाए गए एक अन्य प्रश्न के उत्तर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि हनोता सिंचाई परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन बांध के डूब क्षेत्र में महूनाजाट और खजराहरचंद के बीच लगभग 2.25 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए 645.99 लाख रुपये (जीएसटी रहित) की निविदा 25 सितंबर 2025 को जारी की गई थी। निर्माण एजेंसी मेसर्स जितेन्द्र कुमार जैन कॉन्ट्रैक्टर, सागर है तथा अनुबंध के अनुसार कार्य 21 अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि परियोजना प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियां प्रभावित न हों।

इटवा में पर्यटन परियोजना के लिए 6.95 एकड़ भूमि आरक्षित

पर्यटन विभाग से जुड़े प्रश्न पर पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विधानसभा में बताया कि मालथौन विकासखंड के ग्राम इटवा स्थित खसरा क्रमांक 391/1 की 6.95 एकड़ भूमि रिसॉर्ट, मोटेल एवं गेस्ट हाउस निर्माण के लिए आरक्षित है।

हालांकि मंत्री ने स्पष्ट किया कि परियोजना के क्रियान्वयन की समय-सीमा अभी निर्धारित नहीं की जा सकती। विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पर्यटन परियोजना शुरू होने से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इन तीनों विषयों पर सरकार के जवाब से स्वास्थ्य, सड़क संपर्क और पर्यटन विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की वर्तमान स्थिति स्पष्ट हुई है। इससे सागर और खुरई क्षेत्र के लोगों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive