नरयावली की आवाज विधानसभा में गूंजी, विधायक प्रदीप लारिया ने अवैध शराब सहित जनहित के मुद्दे उठाए
तीनबत्ती न्यूज: 21जुलाई, 2026
भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाया। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर रोक, कानून-व्यवस्था मजबूत करने, हवाई सेवा विस्तार और खेल सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विधानसभा में नरयावली क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और मदिरा दुकानों से जुड़े विषय को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों, अवैध शराब के खिलाफ की गई कार्रवाई और निर्धारित समय सीमा के पालन को लेकर सरकार से जानकारी मांगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है, ताकि सामाजिक वातावरण बेहतर रहे और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
ढाना हवाई पट्टी से घरेलू विमान सेवा का मुद्दा उठाया
विधायक प्रदीप लारिया ने सागर जिले की ढाना हवाई पट्टी से घरेलू विमान सेवा शुरू करने का महत्वपूर्ण प्रश्न भी विधानसभा में रखा। सरकार की ओर से बताया गया कि प्रदेश में घरेलू विमान सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 लागू की गई है।
कर्रापुर पुलिस चौकी को थाना बनाने की मांग
विधायक ने कर्रापुर पुलिस चौकी को थाना का दर्जा देने तथा मकरोनिया के दीनदयाल नगर क्षेत्र में नवीन पुलिस चौकी स्थापित करने की आवश्यकता भी सदन में रखी। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और क्षेत्रीय विस्तार को देखते हुए पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाना जरूरी है।
सानोधा में खेल मैदान की मांग
इसके अलावा विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने ग्राम सानोधा में खेल मैदान की स्वीकृति प्रदान किए जाने संबंधी याचिका भी विधानसभा में प्रस्तुत की। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल होगी।
विधायक प्रदीप लारिया द्वारा विधानसभा में लगातार क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों को उठाए जाने से नरयावली विधानसभा क्षेत्र की मांगों को मजबूती मिल रही है। उन्होंने जनसुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित किया।






