Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Railway News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Railway News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक के साथ किया विशेष निरीक्षण : विकास कार्यों की समीक्षा की

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक के साथ किया विशेष निरीक्षण : विकास कार्यों की समीक्षा की


तीनबत्ती न्यूज: 21 सितंबर, 2026 

सागर: सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार, डीआरएम तथा रेलवे के निर्माण, परिचालन, ब्रिज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष निरीक्षण ट्रेन से संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत सागर रेलवे स्टेशन से हुई। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, निर्माण की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने प्लेटफॉर्म, नवनिर्मित प्लेटफॉर्म नंबर 3 एवं 4, सर्कुलेटिंग एरिया, फुटओवर ब्रिज तथा निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

 

रेलवे महाप्रबंधक ने सागर, दमोह स्टेशन एवं कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का किया निरीक्षण

पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक  दिलीप कुमार सिंह ने सोमवार, 21 सितम्बर 2026 को सागर एवं दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का रियर विंडो निरीक्षण कर रेल अधोसंरचना, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने स्पेशल निरीक्षण यान से रेलखंड का निरीक्षण करते हुए रेल पथ, सिग्नलिंग, पुल-पुलियों, ओएचई तथा अन्य महत्वपूर्ण संरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

यह भी पढ़ें: सागर: शराबकांड में SP अनुराग सुजानिया का बड़ा एक्शन; बंडा थाने व गूगरा चौकी से 40 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, रक्षित केंद्र से नए स्टाफ की तैनाती

सागर स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

समीक्षा के दौरान सागर रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर, नई लिफ्ट और 12 मीटर चौड़े नए फुटओवर ब्रिज से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा यात्री सुविधा, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, शेड और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। सांसद ने सागर लोकसभा क्षेत्र के लिधौरा खुर्द, मकरोनिया, सागर, नरयावली, शरवारा, सुमरेड़ी, खुरई, बीना, मंडी बामोरा और कुरवाई-केथोरा स्टेशनों पर चरणबद्ध रूप से एलईडी स्क्रीन, डिस्प्ले, पेयजल, शेड सहित अन्य मूलभूत यात्री सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी।

मंडी बामोरा स्टेशन के विकास के लिए ₹10 करोड़

बैठक में मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन के विकास के लिए ₹10 करोड़ की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई। इसके तहत प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने और लिफ्ट जैसी यात्री सुविधाओं के विकास पर जोर रहेगा।

सांसद डॉ. वानखेड़े ने कहा कि मंडी बामोरा शमशाबाद, सिरोंज, कुरवाई और नटेरन क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है। सुविधाओं के विस्तार से भविष्य में यात्री सेवाओं और ट्रेन स्टॉपेज की संभावनाओं को भी बल मिल सकता है।

अप्सरा अंडरपास के जलभराव का स्थायी समाधान

सागर के अप्सरा अंडरपास में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को भी निरीक्षण के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। शेड निर्माण, जल निकासी और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें: सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: चार्टर्ड बस और कार की सीधी भिड़ंत : सागर के दो जैन व्यापारियों सहित चार की मौत, एक घायल

बेरखेड़ी-रानीपुरा कनेक्टिविटी के लिए ROB का निरीक्षण


इसके बाद विशेष निरीक्षण ट्रेन से नरयावली क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया गया। इस दौरान NHAI के परियोजना अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह ROB सागर के रिंग रोड नंबर-1 और बेरखेड़ी-रानीपुरा कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके पूरा होने से शहर के भीतर भारी यातायात का दबाव कम करने और बाहरी यातायात को रिंग रोड की ओर डायवर्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सांसद ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



रेलवे क्रॉसिंग और ROB कार्यों की समीक्षा

नरयावली के बाद रेलवे क्रॉसिंग नंबर 21, 26 और 27 सहित अन्य महत्वपूर्ण रेल ओवरब्रिज और क्रॉसिंग से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति, सामने आ रही बाधाओं और लक्ष्य तिथि की जानकारी ली गई।

सागर की रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग

निरीक्षण और समीक्षा बैठक में सांसद ने सागर लोकसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।


इनमें प्रमुख रूप से


- प्रयागराज–हड़पसर एक्सप्रेस को सप्ताह में कम से कम एक दिन सागर होकर चलाने का प्रस्ताव।

- रीवा–हड़पसर एक्सप्रेस को सागर होकर चलाने की मांग।

- रीवा–चरला पल्ली वाया सागर सेवा को नियमित करने का प्रस्ताव।

- अंबिकापुर ट्रेन को सप्ताह में दो दिन चलाने संबंधी निर्देश की समीक्षा।

- सागर से नागपुर और हैदराबाद दिशा में बेहतर नियमित रेल कनेक्टिविटी एवं स्टॉपेज की मांग।

- सागर और मकरोनिया से नई ट्रेनों की शुरुआत के लिए रैक वॉशिंग तथा पिट लाइन सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव।

बीना यार्ड रीमॉडलिंग का भी होगा निरीक्षण

बीना जंक्शन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य को भी सागर लोकसभा क्षेत्र के रेलवे विकास से जोड़कर महत्वपूर्ण बताया गया। सांसद की ओर से बीना के यार्ड लेआउट और रीमॉडलिंग में सागर संसदीय क्षेत्र के स्टेशनों एवं यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग रखी गई। इसके साथ ही बीना में वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज की दिशा में आगे कार्यवाही की मांग भी रखी गई।


नरयावली और कजिया के लिए ट्रेन स्टॉपेज की मांग

सांसद की ओर से बताया गया कि गंजिया स्टेशन पर भोपाल–जोधपुर ट्रेन के स्टॉपेज की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई है। वहीं नरयावली स्टेशन पर राजरानी एक्सप्रेस तथा बिलासपुर–भोपाल सेवा के स्टॉपेज के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड भेजने पर सहमति की बात सामने आई। इसके अतिरिक्त खुरई, मंडी बामोरा, भूतेश्वर और सागर के लिए नए फुटओवर ब्रिज के प्रस्ताव रेलवे के समक्ष भेजे जाने की जानकारी भी दी गई।


हर रेलवे कार्य की होगी नियमित मॉनिटरिंग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने अधिकारियों से कहा कि सागर लोकसभा क्षेत्र की रेलवे संबंधी मांगों को केवल बैठकों तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारी, वर्तमान स्थिति, प्रमुख बाधा, अगली कार्यवाही और अंतिम लक्ष्य तिथि निर्धारित की जाए, ताकि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।

दमोह स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ये रहे शामिल

निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (PCOM), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) (CAO/C), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी (CAO/C/RSP), मुख्य ब्रिज इंजीनियर (CBE) एवं मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर (DRM/JBP) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




Share:

सागर को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी

सागर लोकसभा को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर–शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी : सांसद लता वानखेड़े



तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े के लगातार प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि ट्रेन क्रमांक 20971/20972 उदयपुर सिटी–शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन की आवृत्ति सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की स्वीकृति दी गई है।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने लोकसभा सत्र के दौरान सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया था। ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने की मांगों पर लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण रेल सुविधा मिली है।

विद्यार्थियों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

सांसद ने कहा कि ट्रेन के फेरे बढ़ने से सागर, बीना-मलखेड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, व्यापारियों, कारीगरों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा। खासतौर पर कोटा में अध्ययनरत सागर लोकसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आवागमन और घर आने-जाने की सुविधा बेहतर होगी।



कई राज्यों से जुड़ेगा सागर

उदयपुर से सागर होते हुए यह ट्रेन बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, टाटानगर और शालीमार तक जाती है। इसके चलते सागर क्षेत्र को छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और कोलकाता क्षेत्र से बेहतर रेल संपर्क मिलता है।ट्रेन के फेरे बढ़ने से व्यापार, पर्यटन, रोजगार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सप्ताह में दो दिन ट्रेन उपलब्ध होने से यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा, “सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना मेरी प्राथमिकता है। जनता की आवश्यकता के अनुरूप रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए मेरे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।”


Share:

सागर रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, नई रेल लाइन के सर्वे और आरओबी कार्यों में तेजी की मांग

सागर रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, नई रेल लाइन के सर्वे और आरओबी कार्यों में तेजी की मांग


तीनबत्ती न्यूज, 11 अगस्त 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और रेलवे से जुड़ी लंबित परियोजनाओं को गति देने के लिए सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपा।

सांसद ने मुख्य रूप से सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कार्यों में तेजी लाने, नई रेल लाइनों के सर्वे के आदेश जल्द जारी करने, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने तथा रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास की मांग रखी।

बीना-कुरवाई-पठारिया-सिरोंज-आरोन-लटेरी-ब्यावरा-भोपाल रेल लाइन के सर्वे की मांग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बीना, कुरवाई, पठारिया, सिरोंज, आरोन, लटेरी, सुठालिया, ब्यावरा और भोपाल को जोड़ने वाली प्रस्तावित नई रेल लाइन के सर्वे के लिए जल्द आदेश जारी करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेल मार्ग सागर लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ विदिशा, राजगढ़, गुना और भोपाल से जुड़े ऐसे अनेक क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ सकता है, जो वर्तमान में रेल सुविधा से वंचित हैं।

कुरवाई, सिरोंज, लटेरी, सुठालिया, आरोन और आसपास के क्षेत्रों को रेल कनेक्टिविटी मिलने से लाखों लोगों को लाभ मिलने की संभावना है। इससे रोजगार, व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिल सकती है।

निर्माणाधीन आरओबी के कार्यों में तेजी की मांग

सांसद ने रेल मंत्री को सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की सूची, राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे सर्विस रोड की स्थिति और रेलवे की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आरओबी परियोजनाएं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। लंबे समय से चल रहे इन कार्यों को जल्द पूरा किए जाने की आवश्यकता है।


भोपाल-रायसेन-सागर-छतरपुर-खजुराहो रेल लाइन की भी मांग

सांसद ने भोपाल-रायसेन-सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। प्रस्तावित रेल लाइन की लंबाई लगभग 320 किलोमीटर बताई गई है और इसके सर्वेक्षण के लिए रेलवे द्वारा बजट स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई।

सांसद ने कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण से भोपाल, रायसेन, सागर, छतरपुर और खजुराहो के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित होने की संभावना है।


खुरई स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव की मांग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सागर लोकसभा क्षेत्र के खुरई रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी। इनमें—

- गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस

- हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग एक्सप्रेस

- जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

- दुर्ग-उधमपुर एक्सप्रेस

- दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

- जबलपुर एक्सप्रेस

शामिल हैं।

इसके साथ ही खुरई रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास की मांग भी की गई।



रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश


सांसद द्वारा रखी गई मांगों पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सभी आरओबी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की समीक्षा किए जाने का आश्वासन भी दिया।

अन्य मांगों के संबंध में भी रेल मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद द्वारा प्रस्तुत मांग पत्रों और प्रस्तावों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजते हुए तत्काल प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive