Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Lata Wankhede लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Lata Wankhede लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक के साथ किया विशेष निरीक्षण : विकास कार्यों की समीक्षा की

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक के साथ किया विशेष निरीक्षण : विकास कार्यों की समीक्षा की


तीनबत्ती न्यूज: 21 सितंबर, 2026 

सागर: सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार, डीआरएम तथा रेलवे के निर्माण, परिचालन, ब्रिज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष निरीक्षण ट्रेन से संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत सागर रेलवे स्टेशन से हुई। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, निर्माण की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने प्लेटफॉर्म, नवनिर्मित प्लेटफॉर्म नंबर 3 एवं 4, सर्कुलेटिंग एरिया, फुटओवर ब्रिज तथा निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

 

रेलवे महाप्रबंधक ने सागर, दमोह स्टेशन एवं कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का किया निरीक्षण

पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक  दिलीप कुमार सिंह ने सोमवार, 21 सितम्बर 2026 को सागर एवं दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का रियर विंडो निरीक्षण कर रेल अधोसंरचना, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने स्पेशल निरीक्षण यान से रेलखंड का निरीक्षण करते हुए रेल पथ, सिग्नलिंग, पुल-पुलियों, ओएचई तथा अन्य महत्वपूर्ण संरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

यह भी पढ़ें: सागर: शराबकांड में SP अनुराग सुजानिया का बड़ा एक्शन; बंडा थाने व गूगरा चौकी से 40 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, रक्षित केंद्र से नए स्टाफ की तैनाती

सागर स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

समीक्षा के दौरान सागर रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर, नई लिफ्ट और 12 मीटर चौड़े नए फुटओवर ब्रिज से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा यात्री सुविधा, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, शेड और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। सांसद ने सागर लोकसभा क्षेत्र के लिधौरा खुर्द, मकरोनिया, सागर, नरयावली, शरवारा, सुमरेड़ी, खुरई, बीना, मंडी बामोरा और कुरवाई-केथोरा स्टेशनों पर चरणबद्ध रूप से एलईडी स्क्रीन, डिस्प्ले, पेयजल, शेड सहित अन्य मूलभूत यात्री सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी।

मंडी बामोरा स्टेशन के विकास के लिए ₹10 करोड़

बैठक में मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन के विकास के लिए ₹10 करोड़ की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई। इसके तहत प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने और लिफ्ट जैसी यात्री सुविधाओं के विकास पर जोर रहेगा।

सांसद डॉ. वानखेड़े ने कहा कि मंडी बामोरा शमशाबाद, सिरोंज, कुरवाई और नटेरन क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है। सुविधाओं के विस्तार से भविष्य में यात्री सेवाओं और ट्रेन स्टॉपेज की संभावनाओं को भी बल मिल सकता है।

अप्सरा अंडरपास के जलभराव का स्थायी समाधान

सागर के अप्सरा अंडरपास में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को भी निरीक्षण के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। शेड निर्माण, जल निकासी और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें: सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: चार्टर्ड बस और कार की सीधी भिड़ंत : सागर के दो जैन व्यापारियों सहित चार की मौत, एक घायल

बेरखेड़ी-रानीपुरा कनेक्टिविटी के लिए ROB का निरीक्षण


इसके बाद विशेष निरीक्षण ट्रेन से नरयावली क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया गया। इस दौरान NHAI के परियोजना अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह ROB सागर के रिंग रोड नंबर-1 और बेरखेड़ी-रानीपुरा कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके पूरा होने से शहर के भीतर भारी यातायात का दबाव कम करने और बाहरी यातायात को रिंग रोड की ओर डायवर्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सांसद ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



रेलवे क्रॉसिंग और ROB कार्यों की समीक्षा

नरयावली के बाद रेलवे क्रॉसिंग नंबर 21, 26 और 27 सहित अन्य महत्वपूर्ण रेल ओवरब्रिज और क्रॉसिंग से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति, सामने आ रही बाधाओं और लक्ष्य तिथि की जानकारी ली गई।

सागर की रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग

निरीक्षण और समीक्षा बैठक में सांसद ने सागर लोकसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।


इनमें प्रमुख रूप से


- प्रयागराज–हड़पसर एक्सप्रेस को सप्ताह में कम से कम एक दिन सागर होकर चलाने का प्रस्ताव।

- रीवा–हड़पसर एक्सप्रेस को सागर होकर चलाने की मांग।

- रीवा–चरला पल्ली वाया सागर सेवा को नियमित करने का प्रस्ताव।

- अंबिकापुर ट्रेन को सप्ताह में दो दिन चलाने संबंधी निर्देश की समीक्षा।

- सागर से नागपुर और हैदराबाद दिशा में बेहतर नियमित रेल कनेक्टिविटी एवं स्टॉपेज की मांग।

- सागर और मकरोनिया से नई ट्रेनों की शुरुआत के लिए रैक वॉशिंग तथा पिट लाइन सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव।

बीना यार्ड रीमॉडलिंग का भी होगा निरीक्षण

बीना जंक्शन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य को भी सागर लोकसभा क्षेत्र के रेलवे विकास से जोड़कर महत्वपूर्ण बताया गया। सांसद की ओर से बीना के यार्ड लेआउट और रीमॉडलिंग में सागर संसदीय क्षेत्र के स्टेशनों एवं यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग रखी गई। इसके साथ ही बीना में वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज की दिशा में आगे कार्यवाही की मांग भी रखी गई।


नरयावली और कजिया के लिए ट्रेन स्टॉपेज की मांग

सांसद की ओर से बताया गया कि गंजिया स्टेशन पर भोपाल–जोधपुर ट्रेन के स्टॉपेज की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई है। वहीं नरयावली स्टेशन पर राजरानी एक्सप्रेस तथा बिलासपुर–भोपाल सेवा के स्टॉपेज के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड भेजने पर सहमति की बात सामने आई। इसके अतिरिक्त खुरई, मंडी बामोरा, भूतेश्वर और सागर के लिए नए फुटओवर ब्रिज के प्रस्ताव रेलवे के समक्ष भेजे जाने की जानकारी भी दी गई।


हर रेलवे कार्य की होगी नियमित मॉनिटरिंग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने अधिकारियों से कहा कि सागर लोकसभा क्षेत्र की रेलवे संबंधी मांगों को केवल बैठकों तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारी, वर्तमान स्थिति, प्रमुख बाधा, अगली कार्यवाही और अंतिम लक्ष्य तिथि निर्धारित की जाए, ताकि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।

दमोह स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ये रहे शामिल

निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (PCOM), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) (CAO/C), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी (CAO/C/RSP), मुख्य ब्रिज इंजीनियर (CBE) एवं मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर (DRM/JBP) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




Share:

घरौंदा आश्रम में दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचा सेवा का भाव, आदिशक्ति फाउंडेशन ने मनाया सेवा संकल्प

घरौंदा आश्रम में दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचा सेवा का भाव:  आदिशक्ति फाउंडेशन ने मनाया सेवा संकल्प


तीनबत्ती न्यूज: 21 सितम्बर, 2026

सागर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सागर में आदिशक्ति फाउंडेशन द्वारा घरौंदा आश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनकी जरूरतों को समझते हुए आवश्यक सामग्री भेंट की।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, लीगल राइट्स काउंसिल इंटरनेशनल की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन, शिल्पी भार्गव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेघा दुबे, प्रतिभा तिवारी एवं ऋतू तिवारी सहित अन्य अतिथि शामिल हुए।

बच्चों से किया आत्मीय संवाद

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने घरौंदा आश्रम के दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और आदिशक्ति फाउंडेशन की सदस्यों के साथ मिलकर जरूरत के अनुसार सामग्री वितरित की।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के लोकसेवा के सफर में सेवा को जनकल्याण से जोड़ते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है। 

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का लोकसेवा संकल्प सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सेवा केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को समझना और उनके जीवन को सहज बनाने का प्रयास करना ही इसकी सार्थकता है।

अनुश्री जैन ने कहा कि सेवा का वास्तविक रूप जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सहयोग और अपनत्व पहुंचाना है। दिव्यांग बच्चों के बीच समय बिताना और उनकी जरूरतों को समझना संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का विषय है।

शिल्पी भार्गव ने कहा कि सेवा केवल सामग्री उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। किसी जरूरतमंद के साथ आत्मीयता से कुछ समय बिताना और उसके चेहरे पर मुस्कान लाना भी बड़ी सेवा है।



कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष वैशाली सोनी ने किया। इस अवसर पर एल्डरमैन आशा लता सिलाकारी, निशा सिंदें सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं आदिशक्ति फाउंडेशन की सदस्याएं मौजूद रहीं।

Share:

डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आजादी के बाद राष्ट्र की अखंडता के लिए प्राण देने वाले बलिदानी : विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर• खुरई में प्रतिमा का अनावरण और विकास कार्यों का लोकार्पण

डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आजादी के बाद राष्ट्र की अखंडता के लिए प्राण देने वाले बलिदानी :  विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर 

• खुरई में प्रतिमा का अनावरण और विकास कार्यों का लोकार्पण

तीनबत्ती न्यूज: 12 सितम्बर, 2026

सागर। डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी आजादी के बाद राष्ट्र की अखंडता के लिए प्राण देने वाले पहले बलिदानी थे। वे देश के लिए जिए, उन्होंने देश के लिए मृत्यु का वरण किया। उनका जीवन और विचार हमारे बीच प्रेरणा के रूप में मौजूद है। यह उद्गार मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने खुरई में डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। 

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि डाॅ. मुखर्जी के एक विधान, एक प्रधान, एक निशान के संकल्प को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कश्मीर से धारा 370 हटा कर पूरा किया। यह आज जिस कश्मीर में तिरंगा फहराना चुनौती थी उस कश्मीर के कोने कोने में गर्व से तिरंगा फहराया जा रहा है और पूरा वन्देमातरम् गाया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि जिस देश की आजादी के लिए शहीद भगत सिंह जैसे वीर क्रांतिकारी वन्देमातरम् गाते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए उस देश में पूरा वन्देमातरम् गाने के लिए 75 साल लग गए। ऐसा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हो सका जब उन्होंने वन्देमातरम् पूरा गाने के लिए कानून बना दिया। उन्होंने बताया कि डाॅ. मुखर्जी ने धारा 370 को हटाने के विचार को लेकर 5 लोगों की राजनैतिक पार्टी खड़ी की थी उस विचार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा कर दिखाया। 


विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि दो दिन पूर्व कश्मीर में हुए एक कार्यक्रम में कश्मीर की जनता के साथ वहां के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. फारूख अब्दुल्ला तिरंगे को सम्मान देते हुए पूरा वन्देमातरम् गा रहे थे। यह डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प के कारण उस कश्मीर में हो सका जहां आजादी के बाद भी जाने के लिए परमिट लेना पड़ता था। जहां का प्रधानमंत्री और झंडा अलग था। इस अलगाव को खत्म करने के लिए डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आंदोलन किया, जेल गए और जेल में उनकी संदिग्ध हालातों में रहस्यमय तरीके से मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे प्रतिभावान व्यक्तित्व थे जो मात्र 32 वर्ष की आयु में उस दौर में देश के सबसे बड़े कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति चुने गए थे। लेकिन उनमें राष्ट्र भक्ति का भाव प्रबल था और यह सोच कर कि मां भारती की गुलामी की बेड़ियां काटने किसी को तो आगे आना होगा उन्होंने सब कुछ त्याग कर संघर्ष का रास्ता चुना।


श्री तोमर ने कहा कि खुरई में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा की स्थापना और विकास कार्यों का यह आयोजन ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि मैं यह पूर्व यह देख कर भावों से भर गया जब यहां पार्क में मुझे संत शिरोमणि रविदास जी महाराज और उनके बाजू में ही राष्ट्र शिरोमणि डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्प चढ़ाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आज खुरई में उनकी प्रतिमा का अनावरण केवल एक प्रतिमा स्थापित करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है। श्री तोमर ने खुरई की जनता, युवा पीढ़ी और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से आहृवान किया कि प्रतिवर्ष 6 जुलाई को डा मुखर्जी की जयंती और 23 जून को उनकी पुण्यतिथि पर आप सभी इस प्रतिमा के समक्ष माथा टेकने आएं उनकी जीवन यात्रा को जाने और मिल कर भविष्य की दिशा को तय करें।


उन्होंने पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह जैसा संघर्ष और परिश्रम से तपकर निकला कार्यकर्ता ही अपने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का सामर्थ्य रखता है। उन्होंने कहा कि श्री भूपेन्द्र सिंह ने लंबे राजनीतिक जीवन में संघर्ष और परिश्रम के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है तथा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहे हैं।


श्री तोमर ने कहा कि खुरई में हुए विकास कार्यों को देखकर यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में विकास की दिशा में लगातार काम हुआ है। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक संबंधों को स्मरण करते हुए कहा कि श्री भूपेन्द्र सिंह के साथ लंबे समय से काम करने का अवसर मिला है और उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी संघर्ष करते हुए कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि जब किसी क्षेत्र का जनप्रतिनिधि विकास के लिए दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास करता है तो उसका परिणाम क्षेत्र की बदली हुई तस्वीर के रूप में सामने आता है। श्री तोमर ने खुरई के नवीन नगर पालिका भवन और नागरिक सुविधाओं के लिए किए गए कार्यों की भी सराहना की तथा कहा कि विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है।



पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज खुरई को एक और विकास की सौगात मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के करकमलों से मिली है। उन्होंने कहा कि श्री तोमर का राजनीतिक जीवन संघर्ष, संगठन क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और सरलता का उदाहरण है। सामान्य परिवार से निकलकर पार्षद से लेकर केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने वाले श्री तोमर ने सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई है। श्री सिंह ने कहा कि उन्हें श्री तोमर के साथ संगठन में काम करने तथा सांसद के रूप में भी साथ रहने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में श्री तोमर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए सदन में सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करते हैं। उनके कार्यकाल में विधानसभा में विकास के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होता है और प्रदेश के विकास के लिए बड़े निर्णय लिए जा सके।



उन्होंने कहा कि खुरई में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन नगर पालिका भवन का लोकार्पण भी आज श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के करकमलों से हुआ है। यह भवन केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि खुरई में महापुरुषों के प्रति सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है और 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापुरुष हमारे आदर्श हैं और उनके विचारों तथा जीवन मूल्यों को समाज तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बंडा में हुई दुखद घटना के कारण आज के कार्यक्रम में स्वागत को लेकर सादगी बरती गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए किसी प्रकार का फूल-माला, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी या बैंड-बाजे का आयोजन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान हमारी परंपरा है और ऐसे अवसरों पर उनके विचारों को आत्मसात करना ही सबसे बड़ा सम्मान है। कार्यक्रम के अंत में बंडा विकासखण्ड में शराब कांड में जान गंवाने वालों को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी गई।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डाॅ. लता वानखेड़े ने कहा कि पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह का पूरा चिंतन खुरई के विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने खुरई में सर्वांगीण विकास कर यहां की तस्वीर बदल दी। उनका बस चले तो वे खुरई विधानसभा क्षेत्र के लिए आसमान के तारे तोड़ कर लाने की आकांक्षा रखते हैं। नगरपालिका के नवीन भवन जितना बड़ा और आधुनिक भवन प्रदेश की किसी नगरपालिका का नहीं है। उन्होंने खुरई में विभिन्न पार्कों में देश के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की हैं जिनसे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि अखंड भारत के लिए डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान अविस्मरणीय है। 


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी युगद्रष्टा थे। उनके राष्ट्रवादी विचारों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के सिद्धांत से आगे बढ़ाया। उन्होंने व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास का ऐसा दर्शन दिया, जिसमें भारतीय संस्कृति, संस्कार, परंपराओं और जीवन मूल्यों को राष्ट्र निर्माण का आधार माना गया। उनका एकात्म मानववाद व्यक्ति, समाज और प्रकृति के परस्पर संबंधों पर आधारित व्यापक दर्शन था, जबकि अंत्योदय का मूल भाव समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति तभी सार्थक है, जब उसका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। आज की युवा पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र प्रथम, कर्तव्य, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। चरित्र, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सेवा और नवाचार के माध्यम से युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने 22 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन किया जिनमें 12 करोड़ की लागत से निर्मित नगरपालिका खुरई का नवीन भवन शामिल हैं जिसका नाम डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन रखा गया है। इसमें मिडवे रिट्रीट, गुरु तेग बहादुर चैराहे के विकास कार्य भी शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर खुली जीप में पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह तथा सांसद श्रीमती लता वानखेड़े के साथ सवार होकर नगर के मुख्य मार्गों से निकले। खुरई वासियों ने रास्ते में कई स्थानों पर काफिले को रोक कर उनका भव्य स्वागत किया।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक देवरी बृजबिहारी पटैरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, खुरई नपा अध्यक्ष श्रीमती नन्हींबाई अहिरवार, पूर्व नपा अध्यक्ष जिनेंद्र गुरहा, रामनिवास माहेश्वरी, वीर सिंह उरदोना, विजय जैन बट्टी, पूर्व विधायक धरमू राय, डाॅ. सुशील तिवारी, युवा भाजपा नेता अविराज सिंह, अर्जुन सिंह कठेली, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चैधरी, राजपाल सिंह, रविंद्र सिंह, अनिल पाराशर, नीतेश यादव, देशराजसिंह यादव, बलराम यादव, नीति राज पटेल, बरोदिया नपं अध्यक्ष श्रीमती मालती कुशवाहा, बांदरी नपं अध्यक्ष श्रीमती सुधा विश्वनाथ लोधी, मालथौन पं अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, जनपद अध्यक्ष जमना अहिरवार, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह नगदा, जनपद उपाध्यक्ष बलवीरसिंह राजपूत, श्रीमती मालती धर्मेंद्र अहिरवार, हरिशंकर कुशवाहा, रामकुमार बघेल, जिला क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष लखन सिंह, एमआईसी सदस्य राजकुमार पटेल, मूरत सिंह राजपूत, राधेश्याम सिंह सिमरिया, लक्ष्मण सिंह लोधी, श्रीमती रश्मि सोनी, ओमप्रकाश घोरट, अंकित ठाकुर, श्रीमती सुनीता राय, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र परिहार मालथौन, राजेंद्र सिंह दरी, निरंजन सिंह, महेश लोधी, लोकेंद्र सिंह पिठौरिया, कुसुम विनोद राजहंस, मनोज दुबे, जितेंद्र सिंह, तिलक सिंह, रामसिंह ठाकुर बरोदिया, चंद्रिका प्रसाद पाराशर, अभय सिंह लोधी बांदरी, नवनियुक्त महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोना सिंघई, शांति बलवंत सिंह, संध्या राजपूत, श्रीमती संध्या जितेंद्र सिंह, सीएमओ नपा खुरई राजेश मेहतेल, रामशास्त्री शुक्ला, कमलेश राय, विक्रम अहिरवार, राजेंद्र यादव, अजत सिंह अजमानी, डी आर रोहित, नारायण सिंह पप्पू, खुशाल चंद जैन, सहित अनेक जनप्रतिनिधि,  अधिकारी, पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता व गणमान्य जन उपस्थित रहे।



Share:

बंडा हादसे के दिवंगतों को भाजपा जिला कार्यसमिति ने दी श्रद्धांजलि, सागर में हुई बैठक

बंडा हादसे के दिवंगतों को भाजपा जिला कार्यसमिति ने दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर जताया शोक

• भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन, सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत@2047 पर हुई चर्चा


तीनबत्ती न्यूज: 07 सितम्बर, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी सागर जिला की जिला कार्यसमिति की बैठक सोमवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इस दौरान बंडा क्षेत्र में हुई दुखद घटना में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, प्रदेश कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान, विकसित भारत@2047 और संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के तहत चल रहे समरसता संकल्प अभियान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।


बैठक को भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने संबोधित किया।

प्रदेश नेतृत्व के संकल्प को बूथ तक पहुंचाना जिम्मेदारी : श्याम तिवारी

जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि नवीन जिला कार्यसमिति के गठन के बाद यह पहली बैठक है। इसका उद्देश्य प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त दिशा को धरातल तक पहुंचाना और आगामी कार्ययोजना को मंडल, शक्ति केंद्र तथा बूथ स्तर तक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका कार्यकर्ता और उसकी संगठनात्मक कार्यपद्धति है। जिला कार्यसमिति के प्रत्येक सदस्य को अपने दायित्व को पद के बजाय संगठन और समाज के प्रति जिम्मेदारी के रूप में लेना चाहिए। नियमित प्रवास, कार्यकर्ता संवाद, लाभार्थी संपर्क और बूथ स्तर पर सक्रियता से संगठन को और मजबूत किया जा सकता है।


संगठन केवल बैठकों से नहीं, संबंधों से भी बनता है : गौरव रणदिवे

प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे ने कहा कि भाजपा की पहचान कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और सामूहिकता से बनी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, विनम्रता, धैर्य, प्रवास और संगठन के प्रति समर्पण से होनी चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं के लिए “पांव में चक्कर, मुंह में शक्कर और सिर पर बर्फ” को कार्यशैली का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता निरंतर प्रवास करे, मधुर व्यवहार रखे और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य न खोए।उन्होंने कहा कि संगठन केवल बैठकों से नहीं चलता, बल्कि संबंधों से भी बनता है। कार्यकर्ता एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें। यही आत्मीयता संगठन को परिवार का स्वरूप देती है।


सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाएं कार्यकर्ता : लोकेन्द्र पाराशर

प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने कहा कि भाजपा की कार्यपद्धति राष्ट्रीय स्तर से प्रदेश, प्रदेश से जिला, जिला से मंडल और मंडल से बूथ तक विचार और कार्ययोजना पहुंचाने की है। कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाना चाहिए। पाराशर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्र निर्माण के भाव को समाज तक पहुंचाना है।




विकसित भारत 2047 राष्ट्रीय संकल्प : डॉ. लता वानखेड़े

सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। सत्ता अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा और तब देश को विकसित, आत्मनिर्भर, सक्षम तथा विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाना लक्ष्य है।

सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा की वर्तमान शक्ति के पीछे असंख्य कार्यकर्ताओं का संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति की है।



समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश सह-संयोजक एवं नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहा समरसता संकल्प अभियान सामाजिक एकता, समानता और समरसता का जनअभियान है।उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ऊंच-नीच, भेदभाव और सामाजिक दूरी समाप्त कर मानव मात्र में एकात्म भाव स्थापित करने का संदेश दिया। उनका संदेश किसी एक समाज का नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का है।लारिया ने कहा कि सागर में लगभग 102 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संत शिरोमणि गुरु रविदास का भव्य मंदिर एवं स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरणा केंद्र बनेगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुमित यादव ने किया, जबकि आभार सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया ने व्यक्त किया।बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, कुश समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक पारुल साहू सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और सेवा संकल्प अभियान की मंडल टोलियों के सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

सागर को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी

सागर लोकसभा को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर–शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी : सांसद लता वानखेड़े



तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े के लगातार प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि ट्रेन क्रमांक 20971/20972 उदयपुर सिटी–शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन की आवृत्ति सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की स्वीकृति दी गई है।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने लोकसभा सत्र के दौरान सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया था। ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने की मांगों पर लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण रेल सुविधा मिली है।

विद्यार्थियों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

सांसद ने कहा कि ट्रेन के फेरे बढ़ने से सागर, बीना-मलखेड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, व्यापारियों, कारीगरों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा। खासतौर पर कोटा में अध्ययनरत सागर लोकसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आवागमन और घर आने-जाने की सुविधा बेहतर होगी।



कई राज्यों से जुड़ेगा सागर

उदयपुर से सागर होते हुए यह ट्रेन बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, टाटानगर और शालीमार तक जाती है। इसके चलते सागर क्षेत्र को छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और कोलकाता क्षेत्र से बेहतर रेल संपर्क मिलता है।ट्रेन के फेरे बढ़ने से व्यापार, पर्यटन, रोजगार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सप्ताह में दो दिन ट्रेन उपलब्ध होने से यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा, “सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना मेरी प्राथमिकता है। जनता की आवश्यकता के अनुरूप रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए मेरे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।”


Share:

संत रविदास जयंती पर सागर में सामाजिक समरसता अभियान, कलश वंदन यात्रा शुरू

संत रविदास जयंती वर्ष पर सागर विधानसभा में सामाजिक समरसता अभियान का शुभारंभ, निकली कलश वंदन यात्रा


तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026

सागर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर सागर विधानसभा में सामाजिक समरसता अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ संत कुंजीदास एवं डेलन दास जी महाराज के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता, समानता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। मुख्य कार्यक्रम संत रविदास मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं संतों ने संत रविदास जी के चित्र एवं कलश का विधिवत पूजन किया।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि संत रविदास जी केवल महान संत ही नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाले युगपुरुष थे। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके वचनों को केवल सुनना नहीं, बल्कि अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक समरसता अभियान चलाया जा रहा है।

विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता का मजबूत ताना-बाना तैयार करना है। संत रविदास जी ने कर्म को प्रधानता दी और आर्थिक रूप से कमजोर एवं शोषित वर्ग की सहायता को भी धर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का संदेश जाति-भेद और असमानता से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का संदेश है। उनकी जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश की यात्रा सागर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएगी।

नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि संत रविदास जी ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों का त्याग नहीं किया। उनकी ‘बेगमपुरा’ की कल्पना ऐसे समाज की थी, जहां दुख, भेदभाव और असमानता न हो। उनकी वाणी आज भी समाज को समानता और भाईचारे का संदेश देती है तथा युवाओं को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।


भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को कलश के माध्यम से भोपाल से सागर लाया गया है। यह कलश यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा, जहां श्रद्धालु इसका पूजन कर संत रविदास जी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लेंगे।नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि सागर के बड़तूमा में संत रविदास जी के भव्य मंदिर एवं स्मारक का लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संतों एवं महापुरुषों के सम्मान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कार्य है।

महिलाओं ने निकाली कलश वंदन यात्रा

कार्यक्रम के दौरान सागर एवं नरयावली विधानसभा के विभिन्न मंडलों के लिए कलशों का वितरण किया गया। इसके बाद कलश वंदन यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। मुख्य कलश को जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने सिर पर धारण किया। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं ने कलश का पूजन किया और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बड़ी संख्या में वार्डवासी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए।



Share:

तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा में 700 कावड़ यात्री बरमान रवाना, 17 अगस्त को सागर में होगा भव्य स्वागत

तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा में 700 कावड़ यात्री नर्मदा जल लेने बरमान रवाना: 17 अगस्त को सागर में होगा भव्य स्वागत


तीनबत्ती न्यूज: 14 अगस्त, 2026

सागर। तुलसी फाउंडेशन की ओर से आयोजित भव्य कावड़ यात्रा के तहत शुक्रवार को 700 कावड़ यात्री मां नर्मदा का पवित्र जल लेने बरमान के लिए रवाना हुए। यात्रा प्रारंभ होने से पहले रामबाग मंदिर में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कावड़ यात्रियों को मंगलकामनाएं देकर विदा किया गया। इस दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा।

रामबाग मंदिर में सभी कावड़ यात्रियों को महंत श्री घनश्याम दास जी महाराज, महंत श्री विपिन बिहारी जी महाराज एवं महंत श्री केशव गिरी जी महाराज ने तिलक लगाकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद कावड़ यात्री रामबाग मंदिर से पैदल रवाना हुए। यात्रा बड़ा बाजार, कोतवाली होते हुए तीनबत्ती पहुंची।



तीनबत्ती पर विधायक और निगम अध्यक्ष ने किया स्वागत

तीनबत्ती पर सागर विधायक  शैलेंद्र जैन एवं निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार ने कावड़ यात्रियों का स्वागत किया और उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद कावड़ यात्री भीतर बाजार एवं परकोटा होते हुए बस स्टैंड पहुंचे, जहां से बसों के माध्यम से सभी यात्री बरमान के लिए रवाना हुए।

सांसद डॉ. लता बानखेड़े ने भगवा ध्वज दिखाकर किया रवाना

बस स्टैंड पर सांसद डॉ. लता बानखेड़े ने भगवा ध्वज दिखाकर कावड़ यात्रियों को बरमान के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कुश बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल कुशवाहा, पूर्व निगम अध्यक्ष डॉ. प्रदीप पाठक, शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राजकुमार पचौरी, यात्रा संयोजक श्री हरिराम सिंह ठाकुर, सह संयोजक श्री रामअवतार, श्री अमित पांडेय, श्री अमित राम जी दुबे, श्री चेतराम अहिरवार, श्री शिवशंकर मिश्रा, श्री कैलाश चौरसिया, श्री प्रहलाद रैकवार, यात्रा के पालक श्री अनिल जैन, श्री संजय द्विवेदी, श्री रामेश्वर नामदेव, श्री सिंटू कटारे एवं श्री अनिल दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


सांसद डॉ. लता बानखेड़े ने कहा कि तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्री बरमान से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर सागर लौटेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

कावड़ यात्रियों के लिए की गईं विशेष व्यवस्थाएं

यात्रा संयोजक हरिराम सिंह ठाकुर ने बताया कि कावड़ यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के अध्यक्ष प्रदीप राजौरिया ने कहा कि यात्रा को लेकर कावड़ यात्रियों में खासा उत्साह है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल हुए।

17 अगस्त को सागर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

तुलसी फाउंडेशन के अनुसार कावड़ यात्री बरमान से मां नर्मदा का जल लेकर 17 अगस्त को सागर पहुंचेंगे। इसके बाद सागर में विशाल कावड़ शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगी और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामबाग मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक किया जाएगा।

आयोजन में बसंत चौरसिया, सोमेश जड़िया, रीतेश मिश्रा, रविंद्र अवस्थी, लक्ष्मण सिंह, असंख्य दुबे, देवेंद्र कटारे, मुकेश नायक, राजेश केशरवानी, मधुर पुरोहित, मनमोहन रैकवार, दिलीप बाबू रैकवार, अंशुल हर्ष, यशोवर्धन चौबे, नीरज पांडे, सुरेंद्र रिछारिया, विजय गौतम, पवन गौतम, राकेश चौबे, सुरेंद्र तिवारी, डॉ. उमेश सराफ, टप्पू चौबे, बाटू दुबे, बृजमोहन पाठक, जुगुल पचौरी, अनिल सैनी, सचिन साहू, सोनू विश्वकर्मा, श्यामसुंदर मिश्रा, अभिषेक व्यास, नरेंद्र पाराशर, रमेश दुबे, मनीष नेमा, राहुल सोनी, योगेश नेमा, संजय मुखिया सहित नगर के गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमी बंधु एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।



Share:

सागर रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, नई रेल लाइन के सर्वे और आरओबी कार्यों में तेजी की मांग

सागर रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, नई रेल लाइन के सर्वे और आरओबी कार्यों में तेजी की मांग


तीनबत्ती न्यूज, 11 अगस्त 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और रेलवे से जुड़ी लंबित परियोजनाओं को गति देने के लिए सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपा।

सांसद ने मुख्य रूप से सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कार्यों में तेजी लाने, नई रेल लाइनों के सर्वे के आदेश जल्द जारी करने, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने तथा रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास की मांग रखी।

बीना-कुरवाई-पठारिया-सिरोंज-आरोन-लटेरी-ब्यावरा-भोपाल रेल लाइन के सर्वे की मांग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बीना, कुरवाई, पठारिया, सिरोंज, आरोन, लटेरी, सुठालिया, ब्यावरा और भोपाल को जोड़ने वाली प्रस्तावित नई रेल लाइन के सर्वे के लिए जल्द आदेश जारी करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेल मार्ग सागर लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ विदिशा, राजगढ़, गुना और भोपाल से जुड़े ऐसे अनेक क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ सकता है, जो वर्तमान में रेल सुविधा से वंचित हैं।

कुरवाई, सिरोंज, लटेरी, सुठालिया, आरोन और आसपास के क्षेत्रों को रेल कनेक्टिविटी मिलने से लाखों लोगों को लाभ मिलने की संभावना है। इससे रोजगार, व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिल सकती है।

निर्माणाधीन आरओबी के कार्यों में तेजी की मांग

सांसद ने रेल मंत्री को सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की सूची, राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे सर्विस रोड की स्थिति और रेलवे की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आरओबी परियोजनाएं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। लंबे समय से चल रहे इन कार्यों को जल्द पूरा किए जाने की आवश्यकता है।


भोपाल-रायसेन-सागर-छतरपुर-खजुराहो रेल लाइन की भी मांग

सांसद ने भोपाल-रायसेन-सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। प्रस्तावित रेल लाइन की लंबाई लगभग 320 किलोमीटर बताई गई है और इसके सर्वेक्षण के लिए रेलवे द्वारा बजट स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई।

सांसद ने कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण से भोपाल, रायसेन, सागर, छतरपुर और खजुराहो के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित होने की संभावना है।


खुरई स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव की मांग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सागर लोकसभा क्षेत्र के खुरई रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी। इनमें—

- गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस

- हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग एक्सप्रेस

- जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

- दुर्ग-उधमपुर एक्सप्रेस

- दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

- जबलपुर एक्सप्रेस

शामिल हैं।

इसके साथ ही खुरई रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास की मांग भी की गई।



रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश


सांसद द्वारा रखी गई मांगों पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सभी आरओबी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की समीक्षा किए जाने का आश्वासन भी दिया।

अन्य मांगों के संबंध में भी रेल मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद द्वारा प्रस्तुत मांग पत्रों और प्रस्तावों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजते हुए तत्काल प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Share:

सागर-विदिशा में सड़क नेटवर्क को मिलेगी रफ्तार, NHAI मुख्यालय में सांसद लता वानखेड़े की समीक्षा

सागर-विदिशा लोकसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मिलेगी नई रफ्तार, NHAI मुख्यालय में सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने की समीक्षा



तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र की सड़क एवं परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूत करने और क्षेत्र में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय, द्वारका में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में NHAI के सदस्य (प्रोजेक्ट्स) विपिनेश शर्मा के साथ मध्य प्रदेश, विशेषकर सागर एवं विदिशा लोकसभा क्षेत्र में चल रही, प्रस्तावित और आगामी सड़क परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गति, समय-सीमा और क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

यह भी पढ़े : मध्यप्रदेश पुलिस में 27,534 पदोन्नति, CM मोहन यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र

सागर बाईपास और रिंग रोड को प्राथमिकता

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सागर शहर को भारी यातायात के दबाव से राहत देने के लिए नए सागर बाईपास की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बाईपास से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाकर इसे शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया।

बैठक में सागर रिंग रोड-1 तथा बेरखेड़ी–रानीपुरा मार्ग को भी महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया। इन परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण कराने तथा आगामी 6 से 8 माह में बेरखेड़ी–रानीपुरा मार्ग को चालू करने की दिशा में कार्य करने पर चर्चा हुई।

सागर–भोपाल फोरलेन पर भी हुई चर्चा

बैठक में सागर–भोपाल फोरलेन परियोजना को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सागर–भोपाल फोरलेन के पूर्ण होने से दोनों शहरों के बीच आवागमन सुगम होगा और सागर की आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के माध्यम से सागर–भोपाल यात्रा का समय लगभग ढाई घंटे तक लाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

सिरोंज, शमशाबाद और कुरवाई को बेहतर हाईवे कनेक्टिविटी

बैठक में सिरोंज, शमशाबाद और कुरवाई क्षेत्र में नई हाईवे कनेक्टिविटी विकसित करने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही बीना रिंग रोड को लेकर भी सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।

सांसद ने कहा कि सागर लोकसभा क्षेत्र में एक साथ कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है। आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र मजबूत राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ेगा।

NHLML चेयरमैन से भी की मुलाकात

NHAI मुख्यालय में सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) के चेयरमैन आलोक दीपांकर से भी मुलाकात की।

इस दौरान NHLML से संबंधित परियोजनाओं और सागर-विदिशा क्षेत्र में भविष्य की संभावित कनेक्टिविटी एवं लॉजिस्टिक्स से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा हुई। सागर को लॉजिस्टिक्स एवं परिवहन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

‘सागर को बड़ा रोड एवं कनेक्टिविटी हब बनाना प्राथमिकता’

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि सागर को मध्य प्रदेश के बड़े रोड एवं कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करना प्राथमिकता है। सागर बाईपास, रिंग रोड, बेरखेड़ी–रानीपुरा, सागर–भोपाल फोरलेन सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध गति देने के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में धरातल पर दिखाई दें।

सांसद ने कहा कि मजबूत सड़क कनेक्टिविटी से सागर के साथ-साथ बीना, सिरोंज, शमशाबाद, कुरवाई और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग, रोजगार एवं पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत कनेक्टिविटी के माध्यम से सागर को मध्य भारत के प्रमुख कनेक्टिविटी केंद्रों में शामिल करने का लक्ष्य है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive