Sagar Crime : नगर निगम पार्षद के घर पर हथियार से हमला: छेड़छाड़ के मामले में जेल से छूटे थे आरोपी : वारदात CCTV में कैद
▪️विधायक शैलेन्द्र जैन को दिया ज्ञापन: सख्त कार्रवाई के निर्देश
तीनबत्ती न्यूज : 03 मार्च ,2026
सागर। सागर शहर में अपराध और दहशतगर्दी तेजी से बढ़ रही है। होली दहन के दौरान नगर निगम सागर के केशवगंज वार्ड की कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी के घर पर बदमाश ने हथियार लेकर हमला किया और जमकर हंगामा किया। बदमाश ने घर का गेट खोलने की कोशिश की और हथियार से वार किए। होली दहन के दौरान हुई इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है। घटना के बाद पार्षद और उनके परिजनों ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
------------------
घटना का वीडियो देखने क्लिक करे
सागर : नगरनिगम पार्षद के घर पर हथियार से हमला : घटना सीसीटीवी में
------------
होलिका दहन कार्यक्रम के वक्त हुई घटना
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात जब केशवगंज वार्ड में होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंच गए और विवाद करने लगे। इन्हीं में से एक बदमाश हाथ में धारदार हथियार लेकर सीधे कांग्रेस पार्षद के घर पहुंचा और गेट पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। हंगामा और चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग जमा हुए, तो आरोपी भीड़ को देखकर मौके से भाग निकला।
आरोपियों को लड़कियों से छेड़छाड़ करने से रोका था पार्षद परिवार ने
वारदात के बाद कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी ने परिजनों के साथ तुरंत मोतीनगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत की। पुलिस को वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया गया है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर हथियार लहराते और गेट पर हमला करते नजर आ रहा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
![]() |
जेल से छूटे और किया हमला
मामले में पार्षद के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्र में आपराधिक प्रवृत्ति के कुछ युवक आए दिन स्कल और कोचिंग जाने वाली दिन स्कूल और कोचिंग जाने वाली बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। करीब 2-3 महीने पहले ऐसी ही एक घटना की शिकायत थाने में की गई थी, जिसके बाद आरोपी जेल गए थे। परिजनों का आरोप है कि हाल ही में वे छूटकर आए हैं और इसी रंजिश में उन्होंने यह हमला किया है। गनीमत रही कि गेट बंद था, वरना वे घर में घुसकर परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते थे। परिजनों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर मोतीनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्रवासियों ने विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई के निर्देश
उधर इस वारदात से आक्रोशित केशवगंज वार्ड के नागरिकों ने पार्षद प्रतिनिधि चमन अंसारी के नेतृत्व में सागर विधायक शैलेंद्र जैन के निवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और हाल ही में घटी गंभीर घटना की जानकारी दी।क्षेत्रवासियों ने विधायक जैन को बताया कि शहर में कटरबाजों और आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है।
अपराधियों को बख्शा नहीं जायेगा
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल दूरभाष पर थाना प्रभारी से चर्चा की और आरोपियों के विरुद्ध अविलंब सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि सख्त कार्यवाही के परिणाम समय सीमा में सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ आपराधिक तत्व क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदीप यादव, नासिर सिद्दीकी, धर्मेंद्र रजक, आदिल भाई, अयाज खान, इमरान संगम, अरमान सिद्दीकी, अनीश, शैलेंद्र कालपी, गजेंद्र ठाकुर, काशीराम रजक, नंदकिशोर कुर्मी, मदन कोरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने दिया ज्ञापन
पार्षद नीलोफर चमन अंसारी जी के घर पर खुलेआम धारदार हथियार लहराया गया जिसके विरोध में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर समस्त जिला कांग्रेस परिवार ने आज सागर के मोतीनगर थाना में थाना प्रभारी को ज्ञापन दिया । इस मौके पर पार्षद रिचा सिंह, नीलोफर अंसारी, ताहिर खान, प्रवक्ता संदीप सबलोक सहित अनेक कांग्रेसजनो ने बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने की मांग की और घटना के दोषियों को पकड़कर कार्रवाई की मांग की











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें