देवरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्थायी वारंटी के कब्जे से देशी पिस्टल बरामद
• स्थायी गिरफ्तारी वारंट की तामील के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज
तीनबत्ती न्यूज:17 अक्टूबर, 2026
सागर। जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में देवरी पुलिस ने स्थायी गिरफ्तारी वारंट की तामील के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध देशी पिस्टल बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत पृथक अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार थाना देवरी में पदस्थ प्रधान आरक्षक महेन्द्र पुलिसकर्मियों अतुल, मयंक, कमलेश और मोहित के साथ स्थायी वारंटियों की तलाश में कस्बे में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर सूचना और साइबर सहयोग से जानकारी मिली कि स्थायी वारंटी अतुल पटेल ग्राम लिंगा पिपरिया, थाना करेली, जिला नरसिंहपुर, वर्तमान में देवरी की कुसुम बिहार कॉलोनी में बायपास रोड स्थित राकेश साहू के मकान के सामने बैठा है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम अतुल पटेल पिता महेन्द्र पटेल, उम्र 28 वर्ष बताया।
आरोपी के विरुद्ध न्यायालय श्री दीपू शाक्य, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी), देवरी द्वारा प्रकरण क्रमांक RCT/426/21 में धारा 294, 323, 324, 506, 34 भादंवि के तहत स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
कमर में छिपाकर रखी थी देशी पिस्टल
स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसकी जामा तलाशी ली। तलाशी में उसकी कमर के पीछे दाहिनी ओर लोहे की देशी पिस्टल मिली। पिस्टल में धातु की खाली मैगजीन लगी थी और उसके हत्थे पर काले रंग का कवर लगा हुआ था।
अवैध रूप से बिना लाइसेंस देशी पिस्टल रखने के मामले में थाना देवरी में धारा 25(1)(बी) आर्म्स एक्ट के तहत पृथक अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें