Sagar Crime: अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा: शक में पत्नी की कुल्हाड़ी से गर्दन काटने वाला पति गिरफ्तार
तीनबत्ती न्यूज: 25 अप्रैल,
2026
सागर: सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम बोमा खजूरा में हुए जघन्य हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर फरार हुए क्रूर आरोपी मोहन गौड़ को रहली पुलिस ने घेराबंदी कर विजयपुरा के जंगलों से दबोच लिया है।
नींद में ही उतार दिया मौत के घाट
घटना 23 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। आरोपी मोहन गौड़ (31 वर्ष) अपनी पत्नी देवकी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। वारदात के दिन जब पत्नी सो रही थी, तब शराब के नशे में धुत मोहन ने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका के परिजन बलराम गौड़ की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया था।
जंगलों में पुलिस ने बिछाया जाल, 'ऑपरेशन विजयपुरा' सफल
वारदात को अंजाम देकर आरोपी घने जंगलों में छिप गया था। वह पुलिस को छकाने के लिए बार-बार लोकेशन बदल रहा था। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल और SDOP प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने मोर्चा संभाला। पुलिस की टीम ने दुर्गम पहाड़ियों और जंगलों में घंटों सर्चिंग की। सटीक मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विजयपुरा के पास आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म, खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद
पकड़े जाने के बाद पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी मोहन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
इनकी रही मुख्य भूमिका:इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा, बलेह चौकी प्रभारी हरिसिंह तोमर, प्रआर. अमित चौबे, आरक्षक सतीश, विनय पथरोल और चालक सुनील दुबे की सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की तत्परता और साहस की प्रशंसा की है।
____________________सच्ची खबर सबसे पहले
____________________________________








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें