सागर जिला भाजपा की तीसर मासिक बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों की हुई समीक्षा
▪️राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर रजनीश अग्रवाल के सम्मान में आभार प्रस्ताव पारित
तीनबत्ती न्यूज: 07 जून,2026
सागर। भारतीय जनता पार्टी जिला सागर की तीसरी जिला स्तरीय मासिक बैठक रविवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे तथा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर उपस्थित रहे।
बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान की समीक्षा की गई तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार, चैन सिंह ठाकुर, अभियान टोली के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया, सह संयोजक आसमा जैन एवं निकेश गुप्ता मंचासीन रहे।
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सागर जिले में अब तक 6500 पौधों का रोपण किया जा चुका है।
मुख्य अतिथि गौरव रणदिवे ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम है। उन्होंने 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं को केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण से मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों तक पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का आग्रह किया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों तथा दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों और पूर्व में संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर निवासी रजनीश अग्रवाल को भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति “ॐ” उच्चारण के साथ आभार प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने इसे सागर जिले के लिए गौरवपूर्ण निर्णय बताते हुए पार्टी नेतृत्व का अभिनंदन किया। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक, सह-संयोजक एवं अपेक्षित कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें