सागर: अधिवक्ता की शिक्षिका पत्नी पर हमला: केस की फीस को लेकर था विवाद:ऑटो चालक की आंखों में झोंकी मिर्ची
तीनबत्ती न्यूज: 23 नवंबर, 2026
सागर। सागर शहर के बाघराज वार्ड स्थित आवासीय कॉलोनी के पास सोमवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां ऑटो में बच्चों के साथ स्कूल जा रही एक शिक्षिका पर हमला करने के इरादे से पहुंचे आरोपी ने ऑटो चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। शुरुआत में बच्चों के अपहरण के प्रयास की सूचना पर पहुंची मोतीनगर थाना पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अधिवक्ता की पत्नी की हत्या करने की नीयत से वहां पहुंचा था। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने सोमवार दोपहर 3 बजे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 9 बजे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने आरोपी अजय तिवारी निवासी ढाना को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
जमीन और केस की फीस को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का अधिवक्ता निवासी सनराइज मेगा सिटी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी केस की फीस चुकाने में असमर्थ था, इसलिए उसने अपनी जमीन अधिवक्ता को खेती के लिए दे दी थी। अधिवक्ता ने जमीन पर बोरवेल कराकर उसे उपजाऊ बनाया और खेती शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी की नीयत बदल गई और वह जमीन पर दोबारा कब्जा करना चाहता था। इसी बात को लेकर वह अधिवक्ता के परिवार से रंजिश रखने लगा था।
ऑटो चालक की आंखों में फेंका मिर्ची पाउडर
थाना प्रभारी जसवंत सिंह के अनुसार, सोमवार को आरोपी अधिवक्ता की पत्नी की हत्या करने के इरादे से पहुंचा था। वह पेशे से शिक्षिका हैं और बच्चों के साथ ऑटो में स्कूल जा रही थीं। आरोपी ने उन्हें निशाना बनाने के लिए पहले ऑटो चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंका और फिर चाकू से हमला करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आरोपी अपने इरादे में सफल नहीं हो सका।
पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास में जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2006 में हत्या और वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी महिलाओं के कपड़े पहनकर और चेहरा ढंककर वारदात को अंजाम देने की तैयारी से आया था। हालांकि, पुलिस को वह मौके पर इस वेशभूषा में नहीं मिला।
फिलहाल मोतीनगर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें