Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में आदतन शराब पीने वालो का घर-घर पहुंचकर हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण : 50 लोगों की स्क्रीनिंग : शराब दुकानों से मिली सूची

सागर में आदतन शराब पीने वालो का घर-घर पहुंचकर हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण : 50 लोगों की स्क्रीनिंग : शराब दुकानों से मिली सूची



तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले में शराब से कथित मौतों के बाद प्रशासन अब सतर्क है।जिले में अत्यधिक और आदतन शराब का सेवन करने वाले लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाने तथा समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य एवं आबकारी विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में संयुक्त टीमें सूचीबद्ध व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया और सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के नेतृत्व में दोनों विभागों की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं।



शराब दुकानों से मिली सूची के आधार पर घर-घर पहुंच रही टीमें

अभियान के तहत मदिरा दुकानों से पूर्व में संकलित सूची के आधार पर अत्यधिक शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके घरों और चिन्हित स्थानों पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। बंडा क्षेत्र के बिनायका और मगरधा सहित ग्रामीण इलाकों के अलावा सागर शहर के गोपालगंज, सिविल लाइंस और पुरव्याऊ क्षेत्र में स्क्रीनिंग की गई।

मौके पर जांच, ब्लड सैंपलिंग और उपचार

स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित व्यक्तियों के लक्षणों के आधार पर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। आवश्यकता के अनुसार ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं और ड्रिप सहित जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अभियान के तहत 22 नवंबर को दोपहर तक बंडा क्षेत्र के बिनायका और मगरधा में लगभग 28 तथा सागर शहर के गोपालगंज, सिविल लाइंस और पुरव्याऊ क्षेत्र में 22 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार कुल लगभग 50 लोगों की स्क्रीनिंग कर उपचार शुरू किया गया।

बंडा क्षेत्र में सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया ने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण की निगरानी की, जबकि सागर शहर में विशेष चिकित्सकीय टीम ने जांच की। सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे और सीएमएचओ ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर अभियान का निरीक्षण किया तथा टीमों को आवश्यक निर्देश दिए।



परिजनों की काउंसलिंग भी कर रही संयुक्त टीमें

अभियान केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित नहीं है। टीमें मदिरा दुकानों के आसपास भी लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। इसके साथ ही सूचीबद्ध व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से संवाद किया जा रहा है। परिवारों को अत्यधिक शराब सेवन के दुष्परिणामों और समय पर उपचार कराने के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर चलाया जा रहा यह अभियान नशे के आदी लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें नशामुक्ति की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से निरंतर जारी है।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive