खाद वितरण में लापरवाही पर कार्रवाई: बी-पैक्स बगरोही के सहायक समिति प्रबंधक निलंबित
तीनबत्ती न्यूज:14 नवंबर, 2026
सागर। खाद की कमी और वितरण में अनियमितता को लेकर किसानों की शिकायत के बाद शाहगढ़ क्षेत्र की बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित (बी-पैक्स) बगरोही के सहायक समिति प्रबंधक लखनलाल यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को आयोजित जनविश्वास शिविर में बगरोही समिति के किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि समिति द्वारा उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खाद वितरण में अनियमितता और शासकीय कार्य में लापरवाही के मामले में संबंधित अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के परिप्रेक्ष्य में प्रशासक, बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बगरोही द्वारा सहायक समिति प्रबंधक लखनलाल यादव, शाखा शाहगढ़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पिछले साल से काफी कम हुआ खाद वितरण
बगरोही समिति में खाद वितरण के आंकड़े भी इस बार कमी की स्थिति बता रहे हैं। पिछले रबी सीजन में समिति द्वारा किसानों को कुल 360 मीट्रिक टन खाद वितरित की गई थी, जबकि वर्तमान रबी सीजन में अब तक केवल 130 मीट्रिक टन खाद का ही वितरण हुआ है।
बताया गया है कि समिति द्वारा समय पर खाद की मांग नहीं किए जाने के कारण किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पाई। ऐसे में किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत के बाद हुई निलंबन की कार्रवाई से सहकारी समितियों में खाद की मांग, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें