Editor: Vinod Arya | 94244 37885
BT Group Sagar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
BT Group Sagar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर में पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता शुरू, 18 नवंबर तक होंगे मुकाबले

सागर में पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, 18 नवंबर तक होंगे मुकाबले

• विधायक प्रदीप लारिया और कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने किया शुभारंभ


तीनबत्ती न्यूज:13 नवंबर, 2026

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर एवं बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) से स्वीकृत पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को सिरोंजा स्थित बीटी ग्रुप परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। 13 से 18 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की पुरुष कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष पं. श्याम तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संचालक शारीरिक शिक्षा डॉ. विवेक बी. साठे, महाविद्यालयीन विकास परिषद के निदेशक प्रो. एन.पी. सिंह तथा एआईयू पर्यवेक्षक डॉ. सुशील कुमार भी मौजूद रहे।


खेलो इंडिया से बढ़ी ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान : प्रदीप लारिया

मुख्य अतिथि विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने खेलो इंडिया योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण और संसाधन मिलने पर देश के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का गौरव बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में सहभागिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। कबड्डी भारतीय परंपरा से जुड़ा ऐसा खेल है, जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ रणनीति, साहस, त्वरित निर्णय और टीम समन्वय की आवश्यकता होती है। 

बीटी ग्रुप के चेयरमैन संतोष कुमार जैन 'घड़ी' ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान के लिए राष्ट्रीय स्तर की विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता की मेजबानी करना गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को महत्व देने का आह्वान किया।


आयोजन व्यवस्थाओं की सराहना

संचालक शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. विवेक बी. साठे ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बीटी ग्रुप द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। बीटी ग्रुप के सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन ने संस्थान की शैक्षणिक और खेल गतिविधियों की जानकारी दी।आयोजन के समन्वय और व्यवस्थाओं में बीटीआईपीएस के निदेशक प्रो. संजय आर. जैन, सलाहकार प्रो. सुबोध जैन एवं रजिस्ट्रार डॉ. तरुण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में शैलेश मेमोरियल स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद बीटी ग्रुप के विद्यार्थियों ने पारंपरिक बधाई नृत्य के माध्यम से लोक संस्कृति की झलक दिखाई। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा।

इस अवसर पर शैलेश मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर संदीप जैन, बीटी इंस्टीट्यूट ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य डॉ. राजू टंडन, बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश फुसकेले तथा बीटीआईपीएस के प्राचार्य डॉ. अशोक जैन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


18 नवंबर तक होंगे रोमांचक मुकाबले

13 से 18 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। मैदान पर खिलाड़ियों के रेडिंग, डिफेंस, सुपर टैकल और सामूहिक रणनीति के प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। 

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive