सागर में IG इरशाद वली का चार थानों का भ्रमण, लंबित अपराधों के निराकरण और बीट प्रणाली मजबूत करने के निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 28 अक्टूवर, 2026
सागर। पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने, अपराधों पर नियंत्रण और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज श्री इरशाद वली ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री नरेंद्र सोलंकी के साथ जिले के चार थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने थाना मकरोनिया, थाना कैंट, थाना बहेरिया और थाना सानोधा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: लोकायुक्त सागर ने जल संसाधन विभाग के लेखापाल और लिपिक 45 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों के साथ पुलिसकर्मियों के शासकीय कार्यों, कार्य परिस्थितियों और समस्याओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना और उनके व्यक्तिगत एवं कार्य संबंधी अनुभव भी सुने। साथ ही सभी को तनावमुक्त रहकर पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने पर जोर
पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली ने पुलिसिंग की बुनियादी इकाई बीट प्रणाली को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बीट में तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों, अपराधियों, असामाजिक तत्वों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखें।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखना चाहिए, ताकि छोटी-छोटी समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके। इससे अपराधों की रोकथाम के साथ ही जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।
बीट स्तर पर नियमित क्षेत्र भ्रमण, सूचनाओं का प्रभावी संकलन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय को भी सफल पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
लंबित अपराधों की विवेचना में तेजी लाने के निर्देश
थानों के भ्रमण के दौरान लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और प्रत्येक मामले में प्रभावी विवेचना, साक्ष्यों का संकलन तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने अनावश्यक देरी से बचते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विवेचना करने पर जोर दिया। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिसकर्मियों का मनोबल और कल्याण भी महत्वपूर्ण
पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिसकर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, धैर्य और जनसेवा की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम बनाए रखते हुए टीम भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने तनावमुक्त और सकारात्मक कार्य वातावरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ती है और आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। थाना सानोधा के भ्रमण के दौरान एसडीओपी रहली सुश्री पूजा शर्मा भी उपस्थित रहीं।








