Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Sagar News Sagar Crime Motinagar Police Liquor News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Sagar News Sagar Crime Motinagar Police Liquor News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर, शराब दुकान सील

• मछरयाई शराब दुकान के बाहर बेहोशी की हालत में मिला था युवक


तीनबत्ती न्यूज:14 नवंबर, 2026

सागर। जिले में शराब पीने के बाद दो युवकों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। मोतीनगर थाना क्षेत्र के मछरयाई स्थित शराब दुकान से शनिवार रात शराब पीने के बाद दोनों युवकों की हालत बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है।

जहरीली शराब कांड अभी थमा नहीं

दो महीने में पहले सितम्बर माह में भी सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ में जहरीली शराब पीने से 20 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इसमें कलेक्टर एसपी आदि हटाए गए, वही आधा दर्जन से अधिक अधिकारी कमर्चारी सस्पेंड हुआ। इसकी लिए बने जांच आयोग की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। 

पिछले हफ्ते देवरी के केसली क्षेत्र में भी शराब पीने से हुई कथित मौत को लेकर अभी बबाल मचा हुआ है। जिसको लेकर धरने प्रदर्शन चल रहे है। आज की घटना ने प्रशाशन को फिर सकते में डाल दिया है। 

शराब दुकान के बाहर पड़ा मिला युवक

शराब पीने से मृतक की पहचान विष्णु (35 वर्ष), पिता राजाराम खटीक, निवासी मछरयाई के रूप में हुई है। वहीं गंभीर हालत में भर्ती दूसरे युवक की पहचान कमलेश (22 वर्ष), पिता रामचरण सोनी, निवासी पुरव्याऊ टौरी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। सीएसपी  ललित कश्यप, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंहल आदि ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर अमानक अथवा जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है। आबकारी अधिकारी वंदना पांडेय भी पहुंची।  हालांकि युवकों की तबीयत बिगड़ने और विष्णु की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एएसपी नरेंद्र सोलंकी के मुताबिक शराब दुकान के बाहर एक मृत अवस्था में मिला। वह आदतन शराबी था।घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन संबंधित शराब दुकान को सील कर दिया है। वहीं, शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे जाने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब में किसी तरह की मिलावट तो नहीं थी।

मृतक के भाई पप्पू खटीक ने बताया कि किसी परिचित ने आकर सूचना दी थी कि विष्णु शराब दुकान के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा है। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें विष्णु की मौत की जानकारी मिली।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस शराब के स्रोत और युवकों की तबीयत बिगड़ने के कारणों की जांच कर रही है।



Share:

www.Teenbattinews.com

Archive