दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को 11 माह में 8.20 करोड़ की सहायता, कर्मचारी कल्याण कोष बना सहारा
तीनबत्ती न्यूज: 23 अक्टूबर, 2026
सागर: मध्यप्रदेश में पीएमयूएम शिक्षक संघ द्वारा संचालित कर्मचारी कल्याण कोष योजना शिक्षकों की एकजुटता और संवेदनशीलता की मिसाल बनकर सामने आई है। योजना के माध्यम से पिछले 11 माह में प्रदेश के 30 दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को करीब 8.20 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
संघ के प्रांतीय महासचिव मुकेश नेमा ने बताया कि यह उपलब्धि प्रदेश के शिक्षकों के स्वैच्छिक सहयोग, संगठन की मजबूती और सामाजिक संवेदनशीलता का परिणाम है। अक्टूबर माह में 5 से 20 अक्टूबर तक चलाए गए सहयोग अभियान के दौरान प्रदेश के 76 हजार शिक्षकों ने प्रति दिवंगत शिक्षक 34 रुपए के हिसाब से सहयोग किया।
इनको मिला सहयोग
अक्टूबर माह में टीकमगढ़ के स्वर्गीय संतोष यादव के परिवार को 26.02 लाख, खरगोन के स्वर्गीय नरेंद्र कनासे को 26.29 लाख, नीमच के स्वर्गीय नरेंद्र धुलिया को 25.89 लाख, धार के स्वर्गीय हिरदाराम सोलंकी को 25.91 लाख तथा झाबुआ के स्वर्गीय हटटू सिंह डामर के परिवार को 26.12 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई।
संयुक्त सचिव शिव चौरसिया ने बताया कि नवंबर माह में सागर जिले के सांदीपनि विद्यालय नरयावली के दिवंगत शिक्षक स्वर्गीय अरविंद साहू के परिवार को कर्मचारी कल्याण कोष से सहायता दी जाएगी। यह सागर जिले का पहला सहयोग होगा। इसके बाद सागर जिले के तीन अन्य दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को वरीयता के अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा साहू एवं प्रदेश संगठन मंत्री मनीष माथुर ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य दिवंगत शिक्षक के परिजनों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि परिवार को कठिन समय में आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो।
जिला अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव एवं जिला प्रभारी गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि कर्मचारी कल्याण कोष से अधिक से अधिक शिक्षकों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में योजना में 1.31 लाख शिक्षक पंजीकृत हो चुके हैं। संभागीय उपाध्यक्ष अनुराग राय एवं रामनरेश ठाकुर ने शिक्षा विभाग के कर्मचारियों से योजना में पंजीयन कर सहयोग करने की अपील की।
योजना संघ के संस्थापक सतीश खरे, प्रांताध्यक्ष मुरली मनोहर अरजरिया, प्रांत संयोजक पवन खरे, सह संस्थापक बृजेश असाटी, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव एवं संयोजक राघवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संचालित हो रही है।
सागर जिले की टीम में राघवेंद्र सिंह, प्रेमनारायण अहिरवार, रंजीत यादव, रामनरेश सिंह ठाकुर, खूब सिंह ठाकुर, वीरेंद्र सोनी, प्रदीप जैन, जितेंद्र जेरई, जिला आईटी सेल प्रभारी रवि जैन, शिवकुमार चौरसिया, अभिषेक सोनी, हरीश पटवा, प्रतिपाल सिंह ठाकुर, रोशनी पटेल, रूपेश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र अहिरवार, अजय कोहले, सुरेश साहू, शारदा ठाकुर, विनोद ताम्रकार, जया दुबे एवं उपेंद्र राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।यह जानकारी मीडिया प्रभारी बृजेश द्विवेदी ने दी।






