Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Voter Registration लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Voter Registration लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर जिले की प्रारूप मतदाता सूची जारी, 17.06 लाख मतदाता दर्ज; 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम • जिले के 2,213 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रकाशन, 13,393 नए युवा मतदाता शामिल; 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची

सागर जिले की प्रारूप मतदाता सूची जारी, 17.06 लाख मतदाता दर्ज; 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

• जिले के 2,213 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रकाशन, 13,393 नए युवा मतदाता शामिल; 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची

तीनबत्ती न्यूज: 12 नवंबर, 2026

सागर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार, 12 नवंबर को सागर जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर उन्हें प्रारूप मतदाता सूची सौंपी। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।



जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सागर जिले के कुल 2,213 मतदान केंद्रों पर 17 लाख 6 हजार 393 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 9 लाख 5 हजार 53 पुरुष, 8 लाख 1 हजार 316 महिला और 24 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। जिले का कुल जेंडर रेशो 885 तथा ईपी रेशो 60.83 दर्ज किया गया है।



बंडा में सर्वाधिक और बीना में सबसे कम मतदाता

विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार बंडा विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 2 लाख 46 हजार 485 मतदाता दर्ज हैं, जबकि बीना विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1 लाख 79 हजार 977 मतदाता हैं। रहली विधानसभा क्षेत्र में जिले के सर्वाधिक 310 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सागर विधानसभा क्षेत्र का जेंडर रेशो 945 के साथ सबसे बेहतर है, जबकि रहली विधानसभा क्षेत्र का ईपी रेशो 63.35 सर्वाधिक दर्ज किया गया है।



13,393 नए युवा मतदाता सूची में शामिल

प्रारूप मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 13 हजार 393 नए युवा मतदाता शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक 2,157 युवा मतदाता रहली विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसी तरह 85 वर्ष से अधिक आयु के 10 हजार 699 वरिष्ठ मतदाता तथा 13 हजार 697 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। वरिष्ठ मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या 1,795 देवरी विधानसभा क्षेत्र में और दिव्यांग मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या 2,365 बंडा विधानसभा क्षेत्र में है।



11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बीएलओ उपस्थित रहेंगे।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6, नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 और नाम या अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए प्रारूप-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

बैठक में भाजपा की ओर से रामेश्वर नामदेव एवं मनीष नेमा, कांग्रेस से शैलेन्द्र तोमर, बीएसपी से हरीश राय चौधरी, सीपीआई (एम) से रामचरण लंबरदार और आम आदमी पार्टी से पुष्पेन्द्र सिंह राजपूत उपस्थित रहे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरती यादव ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिले की मतदाता सूची के विभिन्न आंकड़ों और पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सभी राजनीतिक दलों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

मीडिया से मतदाता जागरूकता बढ़ाने का आग्रह

राजनीतिक दलों की बैठक के बाद कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि मीडिया अपने समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विशेष शिविरों का प्रचार-प्रसार करे, ताकि पात्र मतदाता अपना नाम सूची में जुड़वा सकें। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों और जिज्ञासाओं के जवाब भी दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अविनाश रावत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरती यादव और सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive