Editor: Vinod Arya | 94244 37885

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 22 जून से 28 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️पंडित अनिल पाण्डेय

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 22 जून से 28 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह

▪️पंडित अनिल पाण्डेय



जय श्री राम | जय मां शारदा

विशेष संदेश:

मुंह में राम बगल में छुरी नहीं, बल्कि अगर मुख में राम हैं तो बगल में हनुमान हैं। श्री हनुमान चालीसा की चौपाइयां हमारे सभी कष्टों को दूर करने में सक्षम हैं।

इस सप्ताह का संपुट पाठ: "संकट तें हनुमान छुड़ावै | मन क्रम बचन ध्यान जो लावै ||" इस चौपाई का पाठ करने से जातक सभी संकटों से मुक्त रहता है। (इन उपायों का विस्तृत विवरण हमारी पुस्तक "नाशे रोग हरे सब पीरा" में उपलब्ध है, जिसे आप हमारे यहां से प्राप्त कर सकते हैं।)


​🌌 इस सप्ताह के मुख्य ग्रह गोचर (Planetary Transits)

  • सूर्य: मिथुन राशि में गोचर करेंगे।
  • मंगल: वृष राशि में गोचर करेंगे।
  • गुरु (बृहस्पति): कर्क राशि में (उच्च के) विराजमान रहेंगे।
  • शनि: मीन राशि में गोचर करेंगे।
  • राहु: कुंभ राशि में गोचर करेंगे।
  • बुध: प्रारंभ में कर्क राशि में मार्गी रहेंगे, परंतु 30 जून की दोपहर 12:30 बजे से वक्री गति से भ्रमण करेंगे।
  • शुक्र: प्रारंभ में कर्क राशि में रहेंगे और 4 जुलाई की दोपहर 3:53 बजे से सिंह राशि में प्रवेश करेंगे।

​🔮 राशिवार राशिफल और अचूक उपाय

​♈ मेष राशि

  • स्थिति: आपका और जीवनसाथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। भाई-बहनों से संबंध सामान्य रहेंगे। प्रतिष्ठा में वृद्धि के लिए विशेष प्रयास करने होंगे।
  • सावधानी: कर्मचारियों और अधिकारियों को कार्यक्षेत्र में बेहद सावधान रहने की आवश्यकता है।
  • शुभ दिन व तिथियां: 1 जुलाई की दोपहर से लेकर 2 और 3 तारीख कार्यों के लिए विशेष उपयोगी हैं। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन चावल का दान करें तथा शुक्रवार को मंदिर में सफेद वस्त्र या चावल का विशेष दान करें।

​♉ वृष राशि

  • स्थिति: धन आगमन के योग हैं, परंतु प्रयास आवश्यक है। जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। भाग्य से कभी-कभी मदद मिलेगी, पर कर्म पर ज्यादा भरोसा करें।
  • सावधानी: स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी आ सकती है। कर्मचारी और अधिकारी अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें। 29, 30 और 1 तारीख को सावधान रहें।
  • शुभ दिन व तिथियां: 4 और 5 जुलाई विशेष परिणामदायक हैं। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं।

​♊ मिथुन राशि

  • स्थिति: आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आपका और जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। धन आने के योग हैं। भाग्य के भरोसे बिल्कुल न बैठें, केवल अपने कर्म का सहारा लें।
  • सावधानी: कचहरी के कार्यों में सावधानी बरतें। 1 तारीख की दोपहर के बाद से 2 और 3 तारीख को सचेत रहें।
  • शुभ दिन व तिथियां: 29, 30 और 1 तारीख की दोपहर तक का समय अनुकूल है। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।

​♋ कर्क राशि

  • स्थिति: यह वर्ष आपके लिए उत्तम है क्योंकि लग्न में उच्च के गुरु विराजमान हैं जो सभी बाधाएं दूर करेंगे। अविवाहितों के लिए विवाह के नए प्रस्ताव आ सकते हैं।
  • सावधानी: कचहरी के कार्यों में सावधानी रखने पर ही विजय मिलेगी। सप्ताह के बाकी दिनों में सतर्कता बरतें।
  • शुभ दिन व तिथियां: 1 तारीख की दोपहर से लेकर 2 और 3 तारीख विशेष परिणामदायक हैं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में जाकर कम से कम 3 बार पाठ करें।

​♌ सिंह राशि

  • स्थिति: धन आगमन का अद्भुत योग है, थोड़े प्रयास से अधिक लाभ होगा। मांगलिक कार्यों (विवाह, जमीन की खरीदी) में धन व्यय हो सकता है। प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।
  • सावधानी: वाहन चलाने में कोई रिस्क न लें, दुर्घटनाओं से बचें। अधिकारी/कर्मचारी कार्यालय में सतर्क रहें। 1 तारीख की दोपहर से 2 और 3 तारीख को सावधान रहें।
  • शुभ दिन व तिथियां: 4 और 5 जुलाई प्रतिष्ठा दायक हैं। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करें।

​♍ कन्या राशि

  • स्थिति: अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए समय अच्छा है, कार्यालय व क्षेत्र में प्रतिष्ठा मिलेगी। शत्रु शांत रहेंगे (परंतु समाप्त नहीं होंगे)।
  • सावधानी: भाई-बहनों के साथ संबंध नरम रहेंगे। संतान से इस सप्ताह विशेष सहयोग नहीं मिल पाएगा। 4 और 5 तारीख को सचेत रहकर कार्य करें।
  • शुभ दिन व तिथियां: 29, 30 और 1 तारीख की दोपहर तक का समय फलदायक है। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन काले उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनिदेव का पूजन करें।

​♎ तुला राशि

  • स्थिति: भाग्य सामान्य रूप से साथ देगा और कई कार्य निपटेंगे, फिर भी कर्म पर भरोसा रखें। शत्रु शांत रहेंगे।
  • सावधानी: अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में सतर्क रहें। संतान से सहयोग में कमी और छात्रों की पढ़ाई में बाधा आ सकती है। दुर्घटनाओं से सावधान रहें।
  • शुभ दिन व तिथियां: 1 तारीख की दोपहर के बाद से 2 और 3 तारीख परिणाममूलक हैं। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'रुद्राष्टक' का पाठ करें।

​♏ वृश्चिक राशि

  • स्थिति: स्वास्थ्य उत्तम रहेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। कार्यालय में प्रतिष्ठा ठीक रहेगी। धन आने के योग हैं। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी।
  • सावधानी: माता-पिता को कष्ट हो सकता है। भाई-बहनों से संबंध सामान्य रहेंगे और संतान से मामूली सहयोग ही प्राप्त होगा।
  • शुभ दिन व तिथियां: 4 और 5 जुलाई आपके लिए उत्तम हैं। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षरी मंत्र' का जाप करें।

​♐ धनु राशि

  • स्थिति: आपका और जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। लंबी यात्रा के योग बन सकते हैं। भाग्य से मदद मिलेगी। विशेष प्रयास से शत्रुओं को पराजित कर सकते हैं।
  • सावधानी: शत्रुओं से सतर्क रहें। भाई-बहनों के साथ संबंधों में तनाव आ सकता है। सामाजिक और जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा सामान्य रहेगी।
  • शुभ दिन व तिथियां: 29, 30 और 1 तारीख आपके लिए बेहद लाभप्रद हैं। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षरी स्तोत्र' का पाठ करें।

​♑ मकर राशि

  • स्थिति: अविवाहितों के लिए विवाह के नए प्रस्ताव और प्रेम संबंधों में वृद्धि संभव है। भाई-बहनों से संबंध ठीक रहेंगे। धन आने की थोड़ी उम्मीद है। कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है।
  • सावधानी: संतान के प्रति सतर्क रहें, उन्हें कष्ट हो सकता है। छात्रों की पढ़ाई में बाधा आ सकती है। 29, 30 और 1 की दोपहर तक का समय बेहद जागरूक रहने का है।
  • शुभ दिन व तिथियां: 1 तारीख की दोपहर से लेकर 2 और 3 तारीख आत्मविश्वास और सफलता से भरपूर रहेंगी। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें।

​♒ कुंभ राशि

  • स्थिति: अधिकारियों और कर्मचारियों के कामों की प्रशंसा होगी। संतान से अच्छा सहयोग मिलेगा और छात्र पढ़ाई में सफल रहेंगे। धन आने की उम्मीद है।
  • सावधानी: शत्रुओं से सावधान रहें। आपके या आपके जीवनसाथी के स्वास्थ्य में थोड़ी समस्या हो सकती है। 1 तारीख की दोपहर से लेकर 2 और 3 तारीख को विशेष सावधान रहें।
  • शुभ दिन व तिथियां: 4 और 5 तारीख विभिन्न प्रकार से प्रभावशाली और शुभ कार्यों के लिए श्रेष्ठ हैं। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।

​♓ मीन राशि

  • स्थिति: सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। छात्रों की पढ़ाई ठीक चलेगी और संतान से मदद प्राप्त होगी। भाग्य साथ देगा पर कर्म प्रधान रखें। कर्मचारियों व अधिकारियों के काम की सराहना होगी।
  • सावधानी: भाई-बहनों के साथ संबंधों में तनाव आ सकता है। 4 और 5 तारीख को विशेष रूप से सावधान रहकर अपने कार्यों को निपटाएं।
  • शुभ दिन व तिथियां: 29, 30 और 1 तारीख की दोपहर तक का समय परिणामदायक है। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'गणेश अथर्वशीर्ष' का पाठ करें।
  • 💡 महत्वपूर्ण सूचना: यह एक सामान्य ज्योतिषीय भविष्यवाणी है। अपनी कुंडली के सटीक, व्यक्तिगत विश्लेषण और विशेष समाधान के लिए आप मुझसे व्यक्तिगत रूप से या दूरभाष पर संपर्क कर सकते हैं।


    ✍️ निवेदक:

    पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय

    (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ)

    साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश)

    पिन कोड: 470004 | मोबाइल नंबर: 8959594400

Share:

Sagar News: प्रशासन का बड़ा एक्शन: ढाई करोड़ की शासकीय भूमि से हटाया कब्जा, चला बुलडोजर

Sagar News: प्रशासन का बड़ा एक्शन: ढाई करोड़ की शासकीय भूमि से हटाया कब्जा, चला बुलडोजर


तीनबत्ती न्यूज: 27 जून,2026

सागर। जिला प्रशासन ने भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के कड़े रुख के बाद सागर के ग्राम बारछा में करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को दो टूक निर्देश दिए हैं कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों पर तुरंत सख्त एक्शन लिया जाए।

बुलडोजर चलाकर मुक्त कराई 21 हेक्टेयर से अधिक जमीन

​कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ ग्राम बारछा पहुंचा। यहाँ शासकीय भूमि खसरा नंबर 572/1, रकबा क्रमशः 10.12 और 11.35 (कुल रकबा 21.47 हेक्टेयर) पर अवैध रूप से किए गए कब्जे को मलबे में तब्दील कर दिया गया। मुक्त कराई गई इस विशाल भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।

मौके पर डटा रहा प्रशासनिक अमला

​अतिक्रमण विरोधी इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तहसीलदार श्री राहुल गौड़ और पटवारी श्री विजय पाठक सहित राजस्व विभाग की टीम मौके पर मुस्तैद रही।

कलेक्टर की दो टूक- 'अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं'

​कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (SDM) को अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी जमीनों का सर्वे करने और अवैध कब्जों को चिन्हित कर तत्काल हटाने के निर्देश जारी किए हैं। 

Share:

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रस्ताव पर खुरई में 19.80 करोड़ की लागत से 11 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों की स्वीकृति

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रस्ताव पर खुरई में 19.80 करोड़ की लागत से 11 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों की स्वीकृति 


तीनबत्ती न्यूज: 26 जून,2026

सागर। मप्र शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्रालय ने पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रस्ताव पर खुरई विधानसभा क्षेत्र में  प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 19.80 करोड़ की लागत से 11 ग्रामीण सड़कों का निर्माण कार्य स्वीकृत किया है। इनमें खुरई विधानसभा क्षेत्र के मालथौन विकासखण्ड में 14.93 करोड़ की लागत से 8 ग्राम सड़कें तथा खुरई विकासखण्ड में 4.87 करोड़ की लागत से 3 ग्राम सड़कों का निर्माण होगा।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल द्वारा जारी की गई प्रशासकीय स्वीकृति में मालथौन विकासखण्ड में कुल 14.93 करोड़ की लागत से जो 8 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कें शामिल हैं उनमें रिछा रोड से मड़ावन पार्क नीचेपुरा 1.40 किलोमीटर लागत 253.20 लाख, खटोरा से आदिवासी बस्ती -अनुसूचित जाति बस्ती गुल्लीपुरा 1.28 किमी लागत 100.86 लाख, बीजरी से बड़ी बीजरी टोला 0.72 किमी लागत 55.96 लाख, पथरिया चिंटाई से बड़राहो टपरा 2.78 किमी लागत 324.55 लाख, संजरा से लिधोरा 2.70 किमी लागत 286.88 लाख, सेवन प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क से अनुसूचित जाति बस्ती कुलुआ तक 1.06 किमी लागत 101.35 लाख, जेरवारा से सिद्धासन अनुजाति टोला तक 3.90 किमी लागत 296.19 लाख, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क सेवन रोड से सेवन अनु जाति टोला तक 0.70 किमी लागत 74.08 लाख शामिल हैं।

इसी प्रकार खुरई विधानसभा क्षेत्र के खुरई विकासखण्ड में कुल 4.87 करोड़ की लागत से जो 3 प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़कें स्वीकृत हुई हैं उनमें नरोधा से भी ढइऐ तक 1.95 किमी लागत 208.51 लाख, सिलारपुर से सिलारपुर सोसायटी तक 1.50 किमी लागत 157.06 लाख, खुरई नारधा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क से खेरा आदिवासी मोहल्ला तक 0.93 किमी लागत 121.06 लाख शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से खुरई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और परिवहन ज्यादा सुविधाजनक तथा सुरक्षित रूप से हो सकेगा। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने खुरई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण जनों को यह सौगात देने पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।


Share:

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने ली सड़क सुरक्षा की बैठक, रोटरी और लेफ्ट टर्न पर न रूकें बस: सड़कों से हटेंगे अनावश्यक कट और आवारा पशु, सुरक्षा नियमों के लिए चलेगा विशेष अभियान

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने ली सड़क सुरक्षा की बैठक, रोटरी और लेफ्ट टर्न पर न रूकें बस: 
सड़कों से हटेंगे अनावश्यक कट और आवारा पशु, सुरक्षा नियमों के लिए चलेगा विशेष अभियान


तीनबत्ती न्यूज:  26 जून 2026

सागर: सागर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नरेंद्र सोलंकी, डीएसपी ट्रैफिक  मयंक चौहान, एसडीओ पीडब्ल्यूडी श्री साहित्य तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 

यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी रोटरी (चौराहे) और लेफ्ट टर्न पर भारी वाहनों तथा बसों को रुकने की अनुमति कतई न दी जाए। ऐसा करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि मोड़ पर जाम और दुर्घटना की स्थिति न बने।

60 लोगों को ट्रेनिंग

इसी क्रम में एंबुलेंस व पेट्रोलिंग वाहनों के चालकों, टोल प्लाजा कर्मचारियों तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कम से कम 60 व्यक्तियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल सहायता देकर कैशलेस उपचार वाले अस्पतालों तक पहुँचाया जा सके। वर्तमान में प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत 16 अस्पताल पंजीकृत हैं और तहसील स्तर पर भी अस्पतालों को जोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप और रेडियम स्ट्रिप लगाने की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम स्ट्रिप नहीं लगी है, उन्हें टोल प्लाजा से गुजरने न दिया जाए, ताकि वाहन स्वामी सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। वहीं मकरोनिया एवं मोतीनगर चौराहे पर सुबह के समय मजदूरों की भीड़ से प्रभावित होने वाले यातायात को सुधारने के लिए जंक्शन इम्प्रूवमेंट किया जाएगा, जिसके लिए नगर निगम एवं श्रम विभाग को मजदूरों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख मार्गों पर बने अनावश्यक मीडियन कट बंद करने की कार्रवाई के तहत पीडब्ल्यूडी और एमपीआरडीसी ने कार्य पूर्ण कर लिया है, जबकि एनएचएआई को शेष कार्यों की रिपोर्ट जल्द देने को कहा गया है। इसके अलावा शंकरगढ़ में यू-टर्न के पास बने यात्री प्रतीक्षालय को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने और राधा तिराहे के पास दुर्घटना की आशंका वाले विद्युत पोल को हटाने के निर्देश दिए गए। सड़कों पर बैठने वाले आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम और नगर पालिकाओं को निर्देश दिए गए हैं कि पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए और उनके मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में यह भी बताया गया कि भोपाल एवं इंदौर मार्ग की यात्री बसों का संचालन अब नवीन बस स्टैंड से ही किया जा रहा है और अनुरक्षण शुल्क भी वहीं से वसूला जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस विभाग को हेलमेट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अंत में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सभी निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी है।




Share:

सागर पुलिस की कार्रवाई: सुरखी में जुआ फड़ का भंडाफोड़; 09 गिरफ्तार, ₹21.24 लाख का मशरूका जब्त

सागर पुलिस की कार्रवाई: सुरखी में जुआ फड़ का भंडाफोड़; 09 गिरफ्तार, ₹21.24 लाख का मशरूका जब्त


तीनबत्ती न्यूज: 26 जून 2026

सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के सख्त निर्देशों पर अमल करते हुए सागर और सुरखी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर एक बड़े जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथों दबोचा है, जिनके पास से दो कारें और नगदी सहित कुल ₹21.24 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

गौशाला के पीछे चल रहा था हार-जीत का खेल

​जानकारी के अनुसार, 25 जून की रात को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि थाना सुरखी क्षेत्र के अंतर्गत अगरा रोड स्थित गौशाला के पीछे कुछ लोग बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों के जरिए हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना श्री जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली श्री प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की।

मचा हड़कंप; पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

​जैसे ही संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जुआरियों में हड़कंप मच गया। कुछ आरोपियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर 9 आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, बरकोटी निवासी आरोपी अंकुश चौहान मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

लाखों की गाड़ियां और नगदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹71,000 नगद, 52 ताश के पत्ते, 09 टच मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹3.53 लाख), आर्टिका कार क्रमांक MP15ZJ0366 (कीमत लगभग ₹9 लाख) तथा बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत लगभग ₹8 लाख) सहित कुल लगभग ₹21,24,000 का मशरूका विधिवत जब्त किया है।
सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरखी उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक परम सिंह, प्रधान आरक्षक नोवत कुमार, आरक्षक विकास सहित सागर पुलिस एवं थाना सुरखी पुलिस के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।


Share:

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प: अंबेडकर पार्क में 300 से अधिक पौधों का वृहद वृक्षारोपण, पार्क गोद लेने की घोषणा

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प: अंबेडकर पार्क में 300 से अधिक पौधों का वृहद वृक्षारोपण, पार्क गोद लेने की घोषणा

तीनबत्ती न्यूज: 26 जून 2026

सागर। पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मानसून पूर्व धर्मश्री स्थित अंबेडकर पार्क में लीगल राइट्स काउन्सिल इंटरनेशनल के तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, चिकित्सकों, समाजसेवियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 300 से अधिक पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लीगल राइट्स काउन्सिल इंटरनेशनल की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री शैलेंद्र जैन ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाने से शुद्ध ऑक्सीजन, पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अनुश्री शैलेंद्र जैन ने अंबेडकर पार्क को गोद लेने की घोषणा करते हुए कहा कि पार्क में नियमित रूप से पौधारोपण, पौधों की देखरेख और हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि यह शहर का आदर्श हरित क्षेत्र बन सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद लता वानखेड़े मौजूद रहीं। उनके साथ आपस वेलफेयर फाउंडेशन की प्रीति सिंह, रॉयल राजपूत क्लब की ऋतु सिंह, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के डॉ. तल्हा साद एवं डॉ. ज्योति चौहान, सिद्धत्व फाउंडेशन की डॉ. श्वेता नेमा, महिला एडवोकेट संघ की सदस्याएं, आंगनवाड़ी सहायिकाएं, भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता तथा लीगल राइट्स काउन्सिल इंटरनेशनल सागर इकाई की मेघा दुबे, निशा शिंदे और स्वाति हलवे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से समाज में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।

Share:

प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने देखा अमृत 2.0 का काम : 2 एकड़ ज़ोन में वृहद पौधरोपण अभियान शुरू ▪️विधायक प्रदीप लारिया के जन्मदिन पर एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू

प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने देखा अमृत 2.0 का काम : 2 एकड़ ज़ोन में वृहद पौधरोपण अभियान शुरू

▪️विधायक प्रदीप लारिया के जन्मदिन पर एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू




तीनबत्ती न्यूज: 25 जून 2026 
सागर: मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के मुख्य आतिथ्य में आज मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृहद पौधारोपण अभियान की शुरुआत हुई। उन्होंने यह नारियल का पौधा रोपकर वृहद पौधारोपण की शुरुआत की। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में अमृत 2.0 योजना के कार्यों का मूल्यांकन करने के साथ ही, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से "एक पेड़ माँ के नाम" वृहद पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, जिला अध्यक्ष  श्याम तिवारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि , प्रशासनिक अधिकारी और जन समुदाय विशेष रूप से उपस्थित रहे। 
उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मकरोनिया क्षेत्र में हो रहे तीव्र विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित 'अमृत योजना' को स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों ने बखूबी धरातल पर उतारा है। क्षेत्र के निरंतर 4 बार के विधायक ने जनता के दिलों में स्थान बनाकर विकास को प्राथमिकता दी है।


पुराने कुओं, बावड़ियों और पारंपरिक जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करना अत्यंत आवश्यक है। वर्षा जल को सहेजकर जमीन के भीतर पहुंचाना और वाटर टेबल (भूजल स्तर) को बनाए रखना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। वर्षा के जल का संचय करना और उसे वापस भूमि में पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ी के प्रति यह हमारी जिम्मेदारी भी है। 

सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने मकरोनिया क्षेत्र में तेज गति से हो रहे विकास कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने यहां बन रहे भव्य रविदास मंदिर निर्माण, शबरी जलाशय के सुंदरीकरण और क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण हेतु स्थानीय विधायक, प्रशासनिक और जनभागीदारी के प्रयासों की सराहना की।



विधायक प्रदीप लारिया ने क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी और कहा कि क्षेत्र में लगातार तीव्र गति से विकास हो रहा है। आज यहां करीब ₹1.60 करोड़ की लागत से शबरी जलाशय/सरोवर का उन्नयन एवं जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही ₹72 लाख की लागत से 'शबरी पार्क' का निर्माण भी जारी है, जिसे एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है।
 "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान अभियान के तहत यहां करीब 2 एकड़ क्षेत्र को विशेष वन ज़ोन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहाँ कुल 1,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य है।


विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं अनुकंपा नियुक्ति

अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पार्क और वॉटर बॉडी विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
 

हितग्राहियों को राहत:प्रशासनिक संवेदनशीलता के अंतर्गत कार्यक्रम के दौरान दो पात्र हितग्राहियों—श्री आशु जाटव एवं श्री प्रिंस दुबे—को मुख्य अतिथियों द्वारा शासकीय सेवा हेतु अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल, जिला महामंत्री चैन सिंह, जिला सह मीडिया प्रभारी कपिल कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी, अशोक सिंह, अरविंद घोषी, सोहन लोधी, जिला पंचायत सदस्य शारदा खटीक, समस्त पार्षदगण एवं एल्डरमैन, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में मातृशक्ति सहित कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया एवं विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर मिश्रा ने किया।




Share:

सागर: जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा: डिप्टी सीएम ने दिए विधानसभावार मॉनिटरिंग के निर्देश, पौधे बचाने वाली संस्थाएं होंगी पुरस्कृत

सागर:  जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा: डिप्टी सीएम ने दिए विधानसभावार मॉनिटरिंग के निर्देश, पौधे बचाने वाली संस्थाएं होंगी पुरस्कृत


तीनबत्ती न्यूज:25 जून,2026 
सागर: मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 'जल गंगा संवर्धन अभियान' की जिला स्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा जल के अधिकतम संचयन हेतु फार्म पॉन्ड्स के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, पर्यावरण-अनुकूल और लोकहितकारी कार्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी कार्यों की विधानसभावार मॉनिटरिंग करने और शेष बचे कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पौधों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना बढ़ाने के लिए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन निकायों, संस्थाओं आदि द्वारा लगाए गए पौधे अगले वर्ष तक सर्वाधिक संख्या में जीवित और सुरक्षित रहेंगे, उन्हें  पुरस्कृत भी किया जाए जिससे संबंधितों को प्रोत्साहन मिले। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारा लक्ष्य केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि पौधों के वृक्ष बनने तक उनकी सुरक्षा करना है।

पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि खुरई में इस वर्ष एक दिन में  1 लाख पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें समाज के सभी व्यक्तियों की सहभागिता रहती है। गत वर्ष भी वृहद पैमाने पर यह गतिविधि की गई थी जिसमें पौधारोपण करने वाले सभी व्यक्ति नियमित रूप से उनके द्वारा लगाए गए पौधों की फोटो अपलोड करते हैं जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि उस पौधे को सही देखभाल मिल रही है। पौधों की एक गार्जियन की तरह सेवा और सुरक्षा का ध्यान रखा जाता है।


सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने शहरी क्षेत्र में रेनवाटर हार्वेस्टिंग को सक्रिय करने और लाखा बंजारा झील पर गंगा आरती के माध्यम से आई जन-जागरूकता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सागर नगर में भी उचित स्थान को देखते हुए करीब 25 हज़ार पौधारोपण का लक्ष्य लिया गया है।

देवरी विधायक  वृजबिहारी पटेरिया, बंडा विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी ने भी उनके क्षेत्र ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत ने जहां बाउंड्री नहीं है वहां रोपे गए पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री-गार्ड उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अभियान के तहत विगत दो वर्षों में किए गए कार्यों की मॉनिटरिंग और गैप फिलिंग करने साथ ही अभियान के तहत आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने के की बात कही। जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों का प्रेजेंटेशन देते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी ने बताया कि सागर जिला जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर चुका है और लगातार इसके तहत कार्य किए जा रहे हैं।


इस अवसर पर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक  भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक  शैलेन्द्र जैन, देवरी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, अध्यक्ष नगर निगम वृंदावन अहिरवार, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, श्रीमती रानी कुशवाहा, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ  विवेक केवी, डीएफओ  शैलेश माचरा एवं  वरुण यादव, नगर निगम कमिश्नर श्री राजकुमार खत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive