Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर पुलिस की कार्रवाई: सुरखी में जुआ फड़ का भंडाफोड़; 09 गिरफ्तार, ₹21.24 लाख का मशरूका जब्त

सागर पुलिस की कार्रवाई: सुरखी में जुआ फड़ का भंडाफोड़; 09 गिरफ्तार, ₹21.24 लाख का मशरूका जब्त


तीनबत्ती न्यूज: 26 जून 2026

सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के सख्त निर्देशों पर अमल करते हुए सागर और सुरखी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर एक बड़े जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथों दबोचा है, जिनके पास से दो कारें और नगदी सहित कुल ₹21.24 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

गौशाला के पीछे चल रहा था हार-जीत का खेल

​जानकारी के अनुसार, 25 जून की रात को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि थाना सुरखी क्षेत्र के अंतर्गत अगरा रोड स्थित गौशाला के पीछे कुछ लोग बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों के जरिए हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना श्री जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली श्री प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की।

मचा हड़कंप; पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

​जैसे ही संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जुआरियों में हड़कंप मच गया। कुछ आरोपियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर 9 आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, बरकोटी निवासी आरोपी अंकुश चौहान मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

लाखों की गाड़ियां और नगदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹71,000 नगद, 52 ताश के पत्ते, 09 टच मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹3.53 लाख), आर्टिका कार क्रमांक MP15ZJ0366 (कीमत लगभग ₹9 लाख) तथा बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत लगभग ₹8 लाख) सहित कुल लगभग ₹21,24,000 का मशरूका विधिवत जब्त किया है।
सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरखी उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक परम सिंह, प्रधान आरक्षक नोवत कुमार, आरक्षक विकास सहित सागर पुलिस एवं थाना सुरखी पुलिस के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive