सागर: जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा: डिप्टी सीएम ने दिए विधानसभावार मॉनिटरिंग के निर्देश, पौधे बचाने वाली संस्थाएं होंगी पुरस्कृत
तीनबत्ती न्यूज:25 जून,2026
सागर: मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 'जल गंगा संवर्धन अभियान' की जिला स्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा जल के अधिकतम संचयन हेतु फार्म पॉन्ड्स के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, पर्यावरण-अनुकूल और लोकहितकारी कार्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी कार्यों की विधानसभावार मॉनिटरिंग करने और शेष बचे कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पौधों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना बढ़ाने के लिए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन निकायों, संस्थाओं आदि द्वारा लगाए गए पौधे अगले वर्ष तक सर्वाधिक संख्या में जीवित और सुरक्षित रहेंगे, उन्हें पुरस्कृत भी किया जाए जिससे संबंधितों को प्रोत्साहन मिले। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारा लक्ष्य केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि पौधों के वृक्ष बनने तक उनकी सुरक्षा करना है।
पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि खुरई में इस वर्ष एक दिन में 1 लाख पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें समाज के सभी व्यक्तियों की सहभागिता रहती है। गत वर्ष भी वृहद पैमाने पर यह गतिविधि की गई थी जिसमें पौधारोपण करने वाले सभी व्यक्ति नियमित रूप से उनके द्वारा लगाए गए पौधों की फोटो अपलोड करते हैं जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि उस पौधे को सही देखभाल मिल रही है। पौधों की एक गार्जियन की तरह सेवा और सुरक्षा का ध्यान रखा जाता है।
सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने शहरी क्षेत्र में रेनवाटर हार्वेस्टिंग को सक्रिय करने और लाखा बंजारा झील पर गंगा आरती के माध्यम से आई जन-जागरूकता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सागर नगर में भी उचित स्थान को देखते हुए करीब 25 हज़ार पौधारोपण का लक्ष्य लिया गया है।
देवरी विधायक वृजबिहारी पटेरिया, बंडा विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी ने भी उनके क्षेत्र ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत ने जहां बाउंड्री नहीं है वहां रोपे गए पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री-गार्ड उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अभियान के तहत विगत दो वर्षों में किए गए कार्यों की मॉनिटरिंग और गैप फिलिंग करने साथ ही अभियान के तहत आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने के की बात कही। जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों का प्रेजेंटेशन देते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी ने बताया कि सागर जिला जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर चुका है और लगातार इसके तहत कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, देवरी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, अध्यक्ष नगर निगम वृंदावन अहिरवार, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, श्रीमती रानी कुशवाहा, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, डीएफओ शैलेश माचरा एवं वरुण यादव, नगर निगम कमिश्नर श्री राजकुमार खत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें