Editor: Vinod Arya | 94244 37885

खुरई विधानसभा में 8.50 करोड़ रुपये से तीन पुलों के निर्माण को मंजूरी,

खुरई विधानसभा क्षेत्र में 8.50 करोड़ से तीन पुलों के निर्माण को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

•खुरई के तीन विद्यालयों में 501 छात्र-छात्राओं को मिली अध्ययन सामग्री और निःशुल्क साइकिलें


तीनबत्ती न्यूज: 17 जुलाई, 2026

सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों को बेहतर और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रस्ताव पर मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण ने क्षेत्र के तीन क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण के लिए 849.84 लाख रुपये (लगभग 8.50 करोड़ रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है।

जारी आदेश के अनुसार बेसरा तिगड्डा से दुगांहाकलां मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुल का निर्माण 134.94 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं तोड़ाकाछी से बरोदिया नौशाद मार्ग पर पुल के पुनर्निर्माण पर 237.07 लाख रुपये तथा बिसराहा से रतनपुर मार्ग पर पुल निर्माण के लिए 477.82 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के अनुसार तीनों परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और वर्षा के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन पुलों के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।


सम्मान को समाजसेवा से जोड़ने की अनूठी पहल


पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने गुरुवार को ‘‘सम्मान जो समाज के काम आए‘‘ अभियान के अंतर्गत खुरई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री एवं निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस दौरान शासकीय हाई स्कूल विनायठा, शासकीय माध्यमिक शाला गोलनी तथा शासकीय प्राथमिक शाला बहारपुर में कुल 501 छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री तथा 47 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।


शासकीय हाई स्कूल विनायठा में 15 साइकिलों के साथ 173 विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इसी प्रकार शासकीय माध्यमिक शाला गोलनी में 12 साइकिलों सहित 108 विद्यार्थियों तथा शासकीय प्राथमिक शाला बहारपुर में 20 साइकिलों के साथ 220 छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री प्रदान की गई।

इस अवसर पर श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने सार्वजनिक सम्मान समारोहों में फूल-मालाओं और गुलदस्तों से सम्मान स्वीकार करने के स्थान पर समाजोपयोगी सामग्री प्राप्त करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सम्मान करना चाहता है तो वह ऐसी सामग्री भेंट करे जो विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में सहायक हो। यही कारण है कि विभिन्न कार्यक्रमों में प्राप्त कॉपी, पुस्तकें, स्कूल बैग, पानी की बोतल, लंच बॉक्स, पेन सहित अन्य उपयोगी सामग्री अब विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तक पहुँचाई जा रही है।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह, राहुल सिंह, महेश सिंह, मंडल महामंत्री पुष्पेन्द्र सिंह, प्रभात सिंह, बंटी सिंह, राहुल सिंह राजपूत, वृंदावन सिंह, बहादुर सिंह, चाली सिंह, सरपंच पुष्पेन्द्र सिंह, जगदीश सिंह, भरत सिंह(जामुनखेड़ी), राजकुमार सिंह (जामुनखेड़ी), नन्हें भाई, रामसेवक सिंह, आदर्श सिंह, दिलवार मुहास, बलवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Share:

बांदरी पुलिस की बड़ी सफलता: दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और हत्या के 3 फरार आरोपी गिरफ्तार

बांदरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और हत्या के 3 फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल



तीनबत्ती न्यूज: 17 जुलाई ,2026

सागर। सागर जिले की बांदरी थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खुरई प्रवीण अस्थाना के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस के अनुसार, पहला आरोपी मानसिंह लोधी पिछले छह माह से दुष्कर्म के मामले में फरार था। उस पर नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर ग्राम रूरावन से उसे गिरफ्तार किया।

दूसरे मामले में अप्रैल 2026 में ग्राम मोठी स्थित सड़क निर्माण सामग्री प्लांट के पास यश राजपूत पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी रोहित लठार, निवासी जिला जींद (हरियाणा), को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।

तीसरी कार्रवाई हाल ही में ग्राम हनोता में जमीन विवाद के दौरान हुई हत्या के मामले में की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेंद्र लोधी को सागर से गिरफ्तार किया। इस मामले में पहले ही चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

तीनों मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह गुर्जर, आरक्षक जयराम यादव, राजेश यादव, अरविंद एवं सत्येंद्र राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share:

BTIPS के बी.फार्मा अंतिम वर्ष का शानदार परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

BTIPS B.Pharm Final Year Result 2026 : BTIPS के बी.फार्मा अंतिम वर्ष का शानदार परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन



तीनबत्ती न्यूज: 17 जुलाई, 2026

सागर। बाबूलाल ताराबाई इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज (BTIPS) के बी.फार्मा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने आरजीपीवी द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

घोषित परिणाम के अनुसार सोमन कुर्मी एवं राजेश अहिरवार ने 8.55 एसजीपीए प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कुलदीप विश्वकर्मा, मानसी मिश्रा, ओम श्रीवास्तव, श्रद्धा जैन, सीता रैकवार, सुरभि कुर्मी एवं यशवंत दांगी ने 8.18 एसजीपीए के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दीप्ति कुर्मी और सिद्धि जैन ने 8.09 एसजीपीए अर्जित कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

संस्थान प्रबंधन ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकांश विद्यार्थियों का देश की प्रतिष्ठित दवा कंपनियों में कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से चयन भी हो चुका है। यह परिणाम संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी संकाय और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है।

संस्थान के चेयरमैन, सीईओ एवं प्राचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान के विद्यार्थी भविष्य में स्वास्थ्य एवं फार्मेसी क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर देश का नाम रोशन करेंगे।

संस्थान के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति और सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share:

स्लीमनाबाद टनल का निरीक्षण करने पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव, 1450 गांवों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

कटनी की स्लीमनाबाद टनल का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निरीक्षण किया। 1450 गांवों की 2.45 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई, विंध्य-महाकौशल को मिलेगा बड़ा लाभ।

•सीएम डॉ. मोहन यादव ने देखा इंजीनियरिंग का चमत्कार, स्लीमनाबाद टनल से बदलेगी विंध्य-महाकौशल की तस्वीर


तीनबत्ती न्यूज: 17 जुलाई, 2026

भोपाल/कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कटनी जिले में देश की महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं में शामिल स्लीमनाबाद टनल का निरीक्षण किया। लगभग 12 किलोमीटर लंबी यह टनल नर्मदा के जल को गुरुत्वाकर्षण के माध्यम से सोन नदी बेसिन तक पहुंचाएगी। इसके शुरू होने से कटनी, मैहर, सतना, रीवा और पन्ना सहित करीब 1450 गांवों की 2.45 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इसे मध्यप्रदेश का "इंजीनियरिंग मार्वल" बताते हुए कहा कि यह परियोजना विंध्य और महाकौशल क्षेत्र की खेती, पेयजल और आर्थिक विकास की दिशा बदल देगी। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद इंजीनियरों, तकनीशियनों और श्रमिकों ने इस असंभव माने जाने वाले कार्य को संभव बनाया।



उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में परियोजना कई कठिनाइयों से घिर गई थी, लेकिन राज्य सरकार ने इसे पूरा करने का संकल्प नहीं छोड़ा। अब यह परियोजना अंतिम चरण में है और जल्द ही किसानों को इसका लाभ मिलने लगेगा।

हर मिनट 25 हजार लीटर पानी बना सबसे बड़ी चुनौती

टनल निर्माण के दौरान इंजीनियरों को बेहद कठिन भूगर्भीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। मार्बल, लाइमस्टोन और डोलोमाइट की कठोर चट्टानों के बीच खुदाई के दौरान प्रति मिनट लगभग 25 हजार लीटर पानी का रिसाव हो रहा था। कई स्थानों पर जमीन धंसने की स्थिति भी बनी।

निर्माण में लगी अमेरिकी मशीन क्षतिग्रस्त होने के बाद जर्मनी से अत्याधुनिक हेरेनकनेक्ट मशीन मंगाई गई। विशेष ग्राउटिंग तकनीक के जरिए जल रिसाव को नियंत्रित कर निर्माण कार्य पूरा किया गया।

100 साल तक सुरक्षित रहेगी टनल

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 11.952 किलोमीटर लंबी और 10.14 मीटर व्यास वाली यह टनल इतनी मजबूत बनाई गई है कि भीषण भूकंप का भी इस पर असर नहीं होगा। विशेषज्ञों के अनुसार इसका डिजाइन कम से कम 100 वर्षों तक सुरक्षित रहेगा।



बिना बिजली के पहुंचेगा नर्मदा का पानी

इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नर्मदा का पानी बिना किसी पंप और बिजली के केवल गुरुत्वाकर्षण के सहारे सोन नदी बेसिन तक पहुंचेगा। इससे सिंचाई की लागत भी कम होगी।

किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी रबी सीजन में लगभग एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपनी जमीन नहीं बेचने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा जैसी पहचान बना सकता है।

1610 करोड़ रुपये से अधिक की लागत

वर्ष 2008 में शुरू हुई इस परियोजना की प्रारंभिक लागत 799 करोड़ रुपये थी, लेकिन कठिन भूगर्भीय परिस्थितियों और आधुनिक तकनीक के उपयोग के कारण लागत बढ़कर 1610.47 करोड़ रुपये हो गई। वर्तमान में परियोजना का 96.66 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

किन जिलों को मिलेगा लाभ

परियोजना से कटनी, मैहर, सतना, रीवा और पन्ना जिले के लगभग 1450 गांव लाभान्वित होंगे। कुल 2.45 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में कृषि उत्पादन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

— डेस्क ,तीनबत्ती न्यूज

Share:

जन्मदिन पर विधायक शैलेन्द्र जैन ने आचार्य विभव सागर महाराज का लिया आशीर्वाद, जैन समाज ने किया सम्मान

जन्मदिन पर विधायक शैलेन्द्र जैन ने आचार्य विभव सागर महाराज का लिया आशीर्वाद, जैन समाज ने किया आत्मीय अभिनंदन


तीनबत्ती न्यूज: 16 जुलाई 2026

सागर। जन्मदिवस के अवसर पर सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने श्री गौराबाई दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचकर पूज्य आचार्य श्री 108 विभव सागर जी महाराज ससंघ के दर्शन किए, पाद प्रक्षालन कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान सकल जैन समाज के वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का आत्मीय अभिनंदन करते हुए जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

आचार्य श्री विभव सागर महाराज ने विधायक शैलेन्द्र जैन को धर्म, सेवा, सदाचार और लोककल्याण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने का आशीर्वचन दिया। उन्होंने विधायक के स्वस्थ, दीर्घायु, यशस्वी एवं जनसेवा से परिपूर्ण जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर आचार्य श्री ने अपने हस्तलिखित शुभकामना-पत्र की भेंट भी विधायक को प्रदान की।



विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि संतों का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। गुरुजनों के सान्निध्य से सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है। उन्होंने अपने जन्मदिवस पर समाज, प्रदेश और राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।



आचार्य श्री के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं शुभचिंतकों ने विधायक शैलेन्द्र जैन को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।



इस अवसर पर संतोष जैन (घड़ी), अशोक जैन (पीड़रुआ), पराग बजाज, श्रेयांश जैन, संजय सवाई, निलेश जैन, महेंद्र बलेह, अमित बैसाखिया, अभय बरायठा,श्री कांत जैन, प्रासुक जैन, चेतराम अहिरवार, अजय जैन लंबरदार, संजय शास्त्री, राजकुमार पडेले, नवीन जैन सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी बंधु-भगिनियां उपस्थित रहीं।

Share:

मकरोनिया में अंबेडकर सामुदायिक भवन का लोकार्पण, मेनपानी में विकास कार्यों का भूमिपूजन, विधायक प्रदीप लारिया ने बांटी साइकिलें

विकास और शिक्षा को मिली नई सौगात: विधायक प्रदीप लारिया ने मकरोनिया में सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण, मेनपानी में विकास कार्यों का भूमिपूजन


तीनबत्ती न्यूज: 16 जुलाई 2026

सागर: नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने गुरुवार को मकरोनिया और ग्राम मेनपानी में आयोजित विभिन्न विकास एवं शिक्षा संबंधी कार्यक्रमों में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने मकरोनिया के वार्ड क्रमांक-9 (रजाखेड़ी) में लगभग 49.64 लाख रुपये की लागत से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। वहीं ग्राम मेनपानी में 37.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत भवन तथा 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन किया।

विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि विकास का अर्थ केवल भवन और सड़क निर्माण नहीं, बल्कि नागरिक सुविधाओं का विस्तार और शिक्षा को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध विकास कार्यों के कारण मकरोनिया आज सागर जिले के सबसे तेजी से विकसित हो रहे उपनगरों में शामिल हो चुका है और भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे।



विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित, मेधावियों का सम्मान

ग्राम मेनपानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री की निःशुल्क साइकिल योजना के तहत शासकीय हाई स्कूल के 46 तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय के 15 पात्र विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कीं। साथ ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया।

उन्होंने निर्माणाधीन हाई स्कूल की बाउंड्री वॉल का निरीक्षण कर विद्यालय परिसर में स्टेज पर शेड निर्माण कराने की घोषणा भी की।

शिक्षा से ही बनेगा बेहतर भविष्य

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक लारिया ने कहा कि सड़कें गांव के विकास की दिशा तय करती हैं, जबकि शिक्षा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बनाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।



कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष मिहीलाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन शर्मा, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत सागर के सीईओ भूपेन्द्र अहिरवार, सीईओ मयंक नेमा, पंचायत एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, शाला परिवार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



Share:

विधायक शैलेन्द्र जैन ने जन्मदिन पर की खिचड़ी सेवा, छात्राओं को पुस्तकें भेंट, खेल परिसर में पौधरोपण

विधायक शैलेन्द्र जैन का जन्मदिन बना सेवापर्व: शिवयोग नारायण खिचड़ी सेवा में किया श्रमदान : मरीजों को वितरित की पौष्टिक खिचड़ी

•छात्राओं को महापुरुषों पर केंद्रित पुस्तको का वितरण 

•खेल परिसर में पौधरोपण



तीनबत्ती न्यूज: 16 जुलाई, 2026

सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचकर शिवयोग नारायण खिचड़ी सेवा परिवार के सेवा कार्य में सहभागिता की। उन्होंने स्वयं मरीजों एवं उनके परिजनों को पौष्टिक खिचड़ी वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

इस अवसर पर विधायक जैन ने कहा कि समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम जरूरतमंदों की निस्वार्थ सहायता करना है। बीमार और असहाय लोगों तक प्रतिदिन पौष्टिक भोजन पहुंचाने का यह अभियान वास्तव में मानवता की सच्ची सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने शिवयोग नारायण खिचड़ी सेवा परिवार के सभी सेवा सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा कार्य की सराहना की।


उल्लेखनीय है कि 28 मार्च 2022 से प्रारंभ हुई शिवयोग नारायण खिचड़ी सेवा के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 50 किलोग्राम शुद्ध एवं पौष्टिक खिचड़ी तैयार कर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के 6 वार्डों में भर्ती करीब 200 मरीजों एवं जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाती है। सेवा परिवार के अनुसार यह कार्य उनके लिए केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव सेवा का धर्म बन चुका है। उनका मानना है कि "एक गर्म और पौष्टिक भोजन केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि आत्मा को भी संबल देता है।" इसी भावना के साथ यह सेवा निरंतर जारी है।

गुरुवार को यह सेवा अभियान अपने 1484वें दिन में प्रवेश कर गया। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के जन्मदिवस पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में मरीजों को खिचड़ी वितरित कर सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।

ये हुए शामिल

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार, उद्योगपति  कुलदीप सिंह राठौर, बीएमसी डीन डॉ पी एस ठाकुर, डॉ राजेश जैन,डा सुनीता वाविस्थले श्री विक्रम सोनी, श्री जगन्नाथ गुरैया, श्री चेतराम अहिरवार, नितिन सोनी, अमित बैसाखिया, नीरज यादव, जय पांडे,निर्भय घोषी, अकलंक जैन, हर्ष श्रॉफ, अमन जैन, राहुल खटीक, गौरव नामदेव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, शिवयोग नारायण खिचड़ी सेवा परिवार के सदस्य, समता, साधना, शशि, आराधना, चम्पा, सौरभ एवं अन्य सेवाभावी साथी उपस्थित रहे।

छात्राओं को भेंट की महापुरुषों की जीवनियों का पुस्तक सेट


अपने जन्मदिवस के अवसर पर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने महारानी लक्ष्मीबाई सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच प्रेरणादायी समय बिताया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की छात्राओं को महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और विचारों पर आधारित पुस्तकों का सेट भेंट किया तथा उन्हें अध्ययन के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि आज समाज में प्रेरणादायी पुस्तकों और समृद्ध पुस्तकालयों की आवश्यकता पहले से अधिक है। महापुरुषों की आत्मकथाएं, जीवनियां और संस्मरण नई पीढ़ी को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद, डॉ. हरिसिंह गौर और भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जैसे महान व्यक्तित्वों का जीवन संघर्ष, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और आत्मविश्वास का संदेश देता है। यदि हमारी बेटियां और युवा इन महान विभूतियों के विचारों का अध्ययन करेंगे तो निश्चित रूप से वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा बेटियों के संरक्षण, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में सुधार और बेटियों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली लाड़ली लक्ष्मी योजना को संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा भी सराहा गया है।


विधायक जैन ने कहा कि आज की बेटियां आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं। शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, चिकित्सा, सेना, खेल, न्यायपालिका और उद्यमिता सहित लगभग हर क्षेत्र में वे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा है, जहां हमारी बेटियां अपनी योग्यता का उत्कृष्ट प्रदर्शन न कर रही हों। कार्यक्रम के दौरान विधायक जैन ने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया, उन्हें पुस्तकें भेंट कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अध्ययन एवं श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया।



इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, आकाश राजपूत,  जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे, विक्रम सोनी,  राहुल वैध,  नीरज यादव,  प्रसुख जैन,  सुमित यादव,  नितिन सोनी, पराग बजाज, जय सोनी, जय पांडे,  निखिल अहिरवार, विद्यालय के प्राचार्य विनय दुबे,  बृजेश जैन सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

खेल परिसर में पौधरोपण कर खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित

सागर खेल परिसर में कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश, जिला हॉकी संघ एवं खेल परिसर के खिलाड़ियों द्वारा सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन का जन्मदिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक का स्वागत किया, वहीं कूडो एसोसिएशन द्वारा आतिशबाजी और पटाखों के साथ उनका अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक शैलेंद्र कुमार जैन द्वारा खेल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुई। इसके पश्चात उन्होंने खिलाड़ियों को मज़ा जूस के पैकेट वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर विधायक जैन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि सागर के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने विधायक जैन को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।

ये हुए शामिल

इस अवसर पर सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, मंडल अध्यक्ष श्री नीरज यादव, क्षेत्रीय खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर, कूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एजाज़ खान, सचिव हरिकांत तिवारी, कबड्डी एसोसिएशन की संगीता भदौरिया, जिला हॉकी संघ के सचिव मकसूद खान, शुभम राठौर, मेघा भोजक, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सोहैल खान, मधुर पुरोहित, गुड्डा ठाकुर, सारांश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Share:

मानव सेवा का महापर्व: विधायक शैलेन्द्र जैन के जन्मोत्सव पर रक्तदान के लिए उमड़ी युवाओं की टोली

मानव सेवा का महापर्व: विधायक शैलेन्द्र जैन के जन्मोत्सव पर रक्तदान के लिए उमड़ी युवाओं की टोली


तीनबत्ती न्यूज: 16 जुलाई, 2026

सागर। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन एवं लीगल राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अनुश्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार,देवरी के वरिष्ठ समाज सेवी अलकेश जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने शिविर का अवलोकन कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।




रक्तदान शिविर में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेघा दुबे सहित 53 युवाओं व बहिनों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका सम्मान किया तथा कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।



शिविर में भाग्योदय तीर्थ धर्मार्थ ट्रस्ट, सागर की चिकित्सकीय टीम ने रक्त संग्रह की व्यवस्था संभाली। डॉ. ऋषभ जैन, नीरज जैन, रक्तवीर समीर जैन, पवन जैन, रविकांत जैन, भूपेंद्र पटेल, ओम गर्ग, कृष्णवीर मिश्रा, बंधन पटेल, घनश्याम, देवेंद्र, पूजा, राजा, शिफा, राजश्री, नमिता, दीपक प्रजापति, राजू पटेल सहित पूरी टीम ने रक्तदाताओं का वजन, रक्तचाप एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर अपनी सेवाएं प्रदान कीं।


वातानुकूलित परिसर में आयोजित शिविर में आठ बेड की व्यवस्था की गई थी तथा रक्तदाताओं के लिए मौसम के अनुरूप पेय एवं पौष्टिक अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।


रक्तदान शिविर के कार्यक्रम प्रभारी नितिन सोनी ने बताया कि शिविर में मेघा दुबे, दुष्यंत यादव,  प्रियांशु गुप्ता, प्रसव बाल्मीकी, रामसिंह अहिरवार, आयुष्मान, जगदीश, शोयब हुसैन, निखिल, शिवम सूर्यवंशी, विकास केशरवानी, नरेंद्र नामदेव, शरद अहिरवार, राजकुमार, राहुल खटीक, विशाल खटीक, विशाल जैन, मयंक राज, अनूप बुधवानी, रेखा जैन, मनोज रैकवार, अनिकेत यादव, सोनू बेन, विक्की गुप्ता, शरद मोहन दुबे, सत्यम सोनी, कैलाश कुमार हसानी, श्रीकांत जैन, अंशुल गुप्ता, सहित कुल 53 कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जनसेवा के इस अभियान को सफल बनाया।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive