Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सांसद लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, बीना में वंदे भारत और नई रेल लाइन की उठाई मांग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, बीना में वंदे भारत और मंडी बामोरा में प्रयागराज एक्सप्रेस के स्टॉपेज की उठाई मांग


• ललितपुर-सागर-करेली-छिंदवाड़ा नई रेल लाइन की संशोधित डीपीआर जल्द मंजूर कर निर्माण कार्य शुरू कराने का भी किया आग्रह


तीनबत्ती न्यूज | 31 जुलाई 2026

सागर: लोकसभा सत्र के दौरान सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट कर सागर संसदीय क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़ा मांगपत्र सौंपा। उन्होंने बीना जंक्शन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव, मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन पर डॉ. अंबेडकर नगर–प्रयागराज एक्सप्रेस के स्टॉपेज तथा ललितपुर-सागर-करेली-छिंदवाड़ा नई रेल लाइन की संशोधित डीपीआर को शीघ्र मंजूरी देने की मांग की।

सांसद डॉ. वानखेड़े ने रेल मंत्री को बताया कि सागर लोकसभा क्षेत्र मध्यप्रदेश का प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र होने के बावजूद यहां किसी भी वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव नहीं है। उन्होंने रानी कमलापति (भोपाल)-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस का बीना जंक्शन पर मात्र दो मिनट का स्टॉपेज देने का अनुरोध किया, जिससे सागर, बीना और आसपास के हजारों यात्रियों को आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिल सके।

उन्होंने मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 14115/14116 डॉ. अंबेडकर नगर (इंदौर)-प्रयागराज एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग उठाई। सांसद ने कहा कि कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के लिए मंडी बामोरा सबसे निकट का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। इन क्षेत्रों में आज भी रेल लाइन उपलब्ध नहीं है और प्रतिदिन हजारों यात्री इसी स्टेशन से सफर करते हैं। इसके बावजूद प्रयागराज एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

नई रेल लाइन को बताया गेम चेंजर परियोजना

सांसद डॉ. वानखेड़े ने ललितपुर-सागर-करेली-छिंदवाड़ा नई रेल लाइन की संशोधित डीपीआर को जल्द मंजूरी देकर सर्वे और निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बुंदेलखंड, महाकौशल और सतपुड़ा क्षेत्र को महाराष्ट्र से जोड़ने वाली एक दूरदर्शी और रणनीतिक रेल परियोजना है।

उन्होंने बताया कि संशोधित डीपीआर के माध्यम से पहाड़ी और वन क्षेत्रों को बाईपास करते हुए परियोजना को अधिक व्यावहारिक और आर्थिक रूप से लाभकारी बनाया गया है। यह रेल मार्ग उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सबसे कम दूरी वाला वैकल्पिक रेल कॉरिडोर बन सकता है, जिससे यात्रियों और माल परिवहन दोनों को बड़ा लाभ मिलेगा।

दिल्ली से नागपुर तक बनेगा सबसे छोटा रेल मार्ग

सांसद ने कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण के बाद दिल्ली-ललितपुर-सागर-करेली-छिंदवाड़ा-नागपुर के माध्यम से दक्षिण भारत के लिए सबसे छोटा और तेज रेल मार्ग उपलब्ध होगा। इससे ईंधन और परिचालन लागत में कमी आएगी तथा वर्तमान व्यस्त रेल मार्गों पर दबाव भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने पर सागर रेलवे स्टेशन एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में विकसित होगा, जिससे रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी। साथ ही डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर स्मार्ट सिटी, बीना रिफाइनरी, सैन्य प्रतिष्ठानों, टाइगर रिजर्व और पूरे क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी। यह रेल लाइन राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर) के समानांतर विकसित होकर राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को भी मजबूत बनाएगी।

अंत में सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि संशोधित डीपीआर को शीघ्र मंजूरी प्रदान कर सर्वेक्षण एवं निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि बुंदेलखंड, महाकौशल और सतपुड़ा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सके।


Share:

सागर: नगर निगम कमिश्नर ने किया डेयरियों का निरीक्षण: दो डेयरियों पर ₹10-10 हजार जुर्माना, 3 दिन में हटाने के आदेश

सागर में डेयरियों पर निगम की सख्ती: गोपालगंज के दो संचालकों पर ₹10-10 हजार जुर्माना, 3 दिन में शहर से बाहर हटाने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 31 जुलाई 2026

सागर। सागर नगर निगम ने शहर के भीतर संचालित डेयरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने शुक्रवार को गोपालगंज क्षेत्र का निरीक्षण कर डेयरी संचालकों सौरभ यादव और अखिलेश यादव पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों संचालकों को तीन दिन के भीतर अपनी डेयरियां शहर से बाहर स्थानांतरित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त राजकुमार खत्री ने गोपालगंज क्षेत्र में सड़क किनारे खाली प्लॉट पर गोबर और अन्य अपशिष्ट फैला हुआ पाया, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में गंदगी फैलाने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

___________

देखे वीडियो, क्लिक करे

सागर: गोपालगंज की दो डेयरियों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, ₹10-10 हजार जुर्माना, 3 दिन में हटाने के आदेश

____________

निगमायुक्त ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 के तहत शहर में गंदगी फैलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ आवश्यक होने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने का भी प्रावधान है। उन्होंने निगम अमले को नियमों के तहत सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


3 दिन में डेयरी नहीं हटाई तो होगी कठोर कार्रवाई

राजकुमार खत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित तीन दिन की समयसीमा के भीतर डेयरी शहर से बाहर नहीं हटाई गई तो नगर निगम नियमानुसार और अधिक कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने अधिकारियों को शहर में संचालित सभी डेयरियों का लगातार निरीक्षण करने और डेयरी विस्थापन परियोजना हफसिली में आवंटित भूखंडों पर डेयरियों को स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए।

पशु विचरण मुक्त शहर बनाने पर जोर

निगमायुक्त ने कहा कि सागर को पहले ही पशु विचरण मुक्त शहर घोषित किया जा चुका है। शहर के भीतर डेयरी संचालन के कारण सड़कों पर पशुओं का विचरण बढ़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गोबर और अन्य अपशिष्ट से स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होती है तथा नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने डेयरी संचालकों से नगर निगम द्वारा विकसित हफसिली डेयरी विस्थापन परियोजना में आवंटित प्लॉटों पर अपनी डेयरी स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि इससे डेयरी व्यवसाय भी व्यवस्थित होगा और शहर की स्वच्छता व यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त, नगर निगम के इंजीनियर, अतिक्रमण प्रभारी, जोन प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


Share:

टीकमगढ़ में सीएमएचओ कार्यालय का एमपीडब्ल्यू ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार,: लोकायुक्त पुलिस सागर की कार्रवाई

टीकमगढ़ में लोकायुक्त सागर की बड़ी कार्रवाई: अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर बनाने के नाम पर मांगी रिश्वत, MPW ₹10,000 की पहली किस्त लेते रंगे हाथों गिरफ्तार


तीनबत्ती न्यूज: 31 जुलाई ,2026

टीकमगढ़ / सागर: लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देशों और उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग सागर की टीम ने शुक्रवार को टीकमगढ़ में एक सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त पुलिस ने सीएमएचओ कार्यालय टीकमगढ़ में पदस्थ पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता (MPW) को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।

यह भी पढ़ें : 5 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए पूर्व EPFO कमिश्नर को 5 साल की सजा: ₹5 लाख का जुर्माना : EOW सागर ने पकड़ा था रिश्वत लेते

यह है पूरा मामला: 

छतरपुर जिले के नगर परिषद वारा निवासी 23 वर्षीय अरविंद सिंह राजपूत और उनके मित्र नरेंद्र राजपूत को जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती की जानकारी मिली थी। जब दोनों फॉर्म भरने सीएमएचओ कार्यालय टीकमगढ़ पहुंचे, तो वहां आवक-जावक शाखा में अटैच एमपीडब्ल्यू देशराज सिंह घोष (55 वर्ष) से उनकी मुलाकात हुई।आरोपी देशराज सिंह घोष ने दोनों युवाओं को कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर भर्ती कराने के एवज में ₹50,000 रिश्वत की मांग की।

यह भी पढ़ें: PM आवास योजना की किस्त के लिए 8 हजार की रिश्वत लेते रोजगार सहायक को रंगे हाथों पकड़ा लोकायुक्त पुलिस सागर ने 

शिकायत और सत्यापन:

रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर आवेदक अरविंद सिंह राजपूत ने 28 जुलाई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय सागर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत की गोपनीयता से जांच और सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।

डाकघर के सामने रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी:

शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से 31 जुलाई 2026 को ट्रैप आयोजित किया। जैसे ही आरोपी देशराज सिंह घोष ने कलेक्ट्रेट उप डाकघर टीकमगढ़ के सामने गेट पर पहली किस्त के रूप में ₹10,000 की रिश्वत राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई जारी: 

यह सफल ट्रैप कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके एवं निरीक्षक मंजू किरण तिर्की के नेतृत्व में लोकायुक्त पुलिस सागर के स्टाफ द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share:

बीना: पुष्पक एक्सप्रेस के शौचालय में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जीआरपी जांच में जुटी

पुष्पक एक्सप्रेस से सनसनी: जनरल कोच के शौचालय में फंदे से लटका मिला युवक का शव : बीना रेलवे जंक्शन पर उतारा


तीनबत्ती न्यूज: 31 जुलाई 2026

सागर: भोपाल से ललितपुर जा रही ट्रेन संख्या 12534 पुष्पक एक्सप्रेस में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जनरल कोच के शौचालय की खिड़की पर एक यात्री का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल को अलर्ट किया गया और ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोक दिया गया। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

देखे वीडियो : क्लिक करे

गौसेवा में नजर आईं कलेक्टर प्रतिभा पाल, अनाथ बछिया को बोतल से पिलाया दूध, गौशाला में किया पौधारोपण

--------------

गार्ड ने दी कंट्रोल रूम को सूचना

जानकारी के अनुसार, पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल स्टेशन से रवाना होकर ललितपुर की ओर जा रही थी। देर रात करीब 12 बजे ट्रेन के गार्ड ने जनरल कोच के शौचालय की खिड़की पर एक युवक का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके निर्देश पर ट्रेन को बीना स्टेशन पर रोका गया।

यह भी पढ़ें : 5 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए पूर्व EPFO कमिश्नर को 5 साल की सजा: ₹5 लाख का जुर्माना : EOW सागर ने पकड़ा था रिश्वत लेते

आधार कार्ड से हुई पहचान

जीआरपी ने मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान गोरावर सिंह (30 वर्ष), पिता कुंजीलाल, निवासी कलीन चौक पदनिया, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई।

भोपाल से गेट पर बैठकर कर रहा था यात्रा

ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने पुलिस को बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ही जनरल कोच के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहा था। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

हर पहलू की जांच में जुटी जीआरपी

जीआरपी बीना ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share:

5 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए पूर्व EPFO कमिश्नर को 5 साल की सजा: ₹5 लाख का जुर्माना : EOW सागर ने पकड़ा था रिश्वत लेते

5 लाख की रिश्वत लेने के मामले में पूर्व ईपीएफओ EPFO क्षेत्रीय आयुक्त को 5 साल की सजा, कोर्ट ने लगाया ₹5 लाख जुर्माना

• प्रसिद्ध बीड़ी फर्म बी आर इंड कंपनी के संचालक अनिरुद्ध पिंपलापुरे से ली थी रिश्वत



तीनबत्ती न्यूज:30 जुलाई 2026

सागर।  मध्यप्रदेश के सागर में विशेष अदालत विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), सागर एस हाशमी ने बहुचर्चित रिश्वत प्रकरण में तत्कालीन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय आयुक्त  (रीजनल कमिश्नर) सतीश कुमार को दोषी करार देते हुए 5 वर्ष के कठोर कारावास एवं 5 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। सजा सुनाए जाने के बाद आरोपी को न्यायालय से सीधे जेल भेज दिया गया। EOW सागर ने सतीश कुमार को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था ।



-------

संबंधित खबर पढ़ने क्लिक करे

कर्मचारी भविष्य निधि, सागर संभाग का रीजनल कमिश्नर 5 लाख रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडा गया★ Eow जबलपुर और सागर की संयुक्त कार्यवाई★ बीड़ी फर्म बी आर एन्ड कम्पनी के अनिरुध्द पिम्पलापुरे ने की थी शिकायत★श्रमिक दिवस पर बी आर एन्ड कम्पनी को पुरस्कृत करने वाले रीजनल कमिश्नर सतीश कुमार ने मांगी रिश्वत

------------


यह मामला जून 2022 का है, जब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) सागर जबलपुर की संयुक्त टीम ने सतीश कुमार को उनके सनराइज टाउन स्थित आवास पर 5 लाख रुपये की पहली किस्त रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

---------------

देखे वीडियो : क्लिक करे

गौसेवा में नजर आईं कलेक्टर प्रतिभा पाल, अनाथ बछिया को बोतल से पिलाया दूध, गौशाला में किया पौधारोपण

--------------


 (ट्रैप कार्यवाई का फाइल फोटो)

10 लाख रुपये की मांगी थी रिश्वत

जांच के अनुसार, सतीश कुमार ने सागर की प्रतिष्ठित निर्माण कंपनी बीआर एंड कंपनी के संचालक अनिरुद्ध पिंगलापुरे से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोप था कि कंपनी में कर्मचारियों के ईपीएफ कटौती से जुड़ी अनियमितताओं को सुधारने तथा श्रम कानूनों के तहत कार्रवाई नहीं करने के एवज में यह रकम मांगी गई थी।

यह भी पढ़ें: PM आवास योजना की किस्त के लिए 8 हजार की रिश्वत लेते रोजगार सहायक को रंगे हाथों पकड़ा लोकायुक्त पुलिस सागर ने

साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने सुनाया फैसला

ईओडब्ल्यू ने मामले की जांच पूरी कर न्यायालय में चालान पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने दस्तावेजी साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए। सभी तथ्यों और सबूतों पर विचार करने के बाद विशेष अदालत ने आरोपी सतीश कुमार को दोषी मानते हुए 5 वर्ष के कारावास और 5 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।सजा सुनाए जाने के बाद आरोपी ने कोर्ट से निकलते समय अपने चेहरे को कपड़े से ढंक लिया। इसके बाद पुलिस उसे जेल लेकर गई।


यह भी  पढ़ें: जन विश्वास अभियान: 7 अगस्त से हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंचेगी मोहन सरकार, मंत्री और अधिकारी सुनेंगे समस्याएं


                         डीएसपी उमा आर्य 

Eow की डीएसपी उमा आर्य ने बताया कि अदालत में  रिश्वत के मामले में चालान पेश किया था । आज माननीय न्यायालय ने आरोपी सतीश कुमार को दोषी मानते हुए 5 वर्ष के कारावास और 5 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। 




Share:

BMC सागर में बड़ी चिकित्सा सफलता: 70 वर्षीय महिला के पेट से 1 किलो की विशाल गांठ निकाली, हाई-रिस्क सर्जरी रही सफल

BMC सागर में बड़ी चिकित्सा सफलता: 70 वर्षीय महिला के पेट से 1 किलो की विशाल गांठ निकाली, हाई-रिस्क सर्जरी रही सफल



तीनबत्ती न्यूज:  30 जुलाई 2026

सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर ने एक बार फिर जटिल शल्य चिकित्सा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बीएमसी के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विशेषज्ञ टीम ने 70 वर्षीय महिला के पेट से लगभग 1 किलोग्राम वजनी और 15×20 सेंटीमीटर आकार की विशाल एडनेक्सल (ओवेरियन) सिस्ट को सफलतापूर्वक निकालकर मरीज को नई जिंदगी दी।

बड़ा बाजार निवासी श्रीमती मुन्नी बाई लंबे समय से पेट दर्द और सूजन से परेशान थीं। जांच में उनके पेट एवं श्रोणि क्षेत्र में बड़ी गांठ पाई गई। अल्ट्रासाउंड और सीईसीटी जांच के बाद इसे एडनेक्सल सिस्ट के रूप में चिन्हित किया गया।

मरीज पिछले चार वर्षों से क्रॉनिक डायरिया की समस्या से भी पीड़ित थीं, जिससे ऑपरेशन का जोखिम काफी बढ़ गया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सभी आवश्यक जांच और हाई-रिस्क कंसेंट के बाद सर्जरी का निर्णय लिया।

18 जुलाई 2026 को विभागाध्यक्ष डॉ. शीला जैन के नेतृत्व में सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रियंका पटेल, डॉ. सिफ्टी बंगा, स्नातकोत्तर छात्रा डॉ. रिंशु सुजोरिया, स्क्रब नर्स राखी गौतम एवं आकांक्षा वर्मा की टीम ने एक्सप्लोरेटरी लैपरोटॉमी कर दाहिनी ओर स्थित विशाल सिस्ट को सुरक्षित रूप से निकाल दिया।

सर्जरी की सफलता में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. सर्वेश जैन एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल एनेस्थीसिया प्रबंधन और सतत मॉनिटरिंग से ऑपरेशन सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

ऑपरेशन के बाद मरीज की रिकवरी सामान्य रही और उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालिया फॉलो-अप में मरीज पूरी तरह स्वस्थ और दर्दमुक्त पाई गईं।

बीएमसी के अधिष्ठाता डॉ. पी. एस. ठाकुर ने सफल ऑपरेशन पर पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान में आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी विशेषज्ञों की बदौलत अब जटिल एवं हाई-रिस्क सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं। उन्होंने इसे बुंदेलखंड क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


Share:

सागर: कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट्स लिमिटेड की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण उर्वरक आपूर्ति के दिए निर्देश

सागर: किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने एग्रो कंपनी को दिए सख्त निर्देश



तीनबत्ती न्यूज: 30 जुलाई 2026

सागर। जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और औद्योगिक गतिविधियों की समीक्षा के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सौंरई स्थित मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट्स लिमिटेड (एमबीएपीएल) के प्रबंधन एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कंपनी की उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, उर्वरकों की आपूर्ति व्यवस्था तथा पर्यावरणीय मानकों के पालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

कंपनी प्रबंधन ने कलेक्टर को बताया कि संयंत्र में एसएसपी, एनपीके, सल्फ्यूरिक एसिड, बेनिफिशिएटेड रॉक फॉस्फेट (बीआरपी) सहित विभिन्न उर्वरकों एवं कृषि उपयोगी उत्पादों का निर्माण किया जाता है। साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनाई जा रही तकनीकों की भी जानकारी दी गई।

बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कृषि प्रधान जिले में किसानों को सही समय पर मानक गुणवत्ता वाले उर्वरक उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाजार में भेजे जाने वाले सभी उर्वरक निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों तथा लैब टेस्टिंग और सैंपल रिपोर्ट की नियमित समीक्षा की जाए। इसके अलावा फैक्ट्री में औद्योगिक सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अपशिष्ट प्रबंधन पर भी रही विशेष नजर

बैठक के दौरान कंपनी द्वारा विभिन्न उत्पादों के निर्माण से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कंपनी ने बताया कि फॉस्फोरिक अम्ल संयंत्र से निकलने वाले जिप्सम को अधिकृत सीमेंट निर्माण इकाइयों को दिया जाता है, जबकि बीआरपी संयंत्र से निकलने वाली टेलिंग का उपयोग संयंत्र परिसर में भूमि समतलीकरण और उद्यान विकास कार्यों में किया जा रहा है।

वहीं सल्फ्यूरिक अम्ल संयंत्र से निकलने वाले स्पेंट कैटेलिस्ट और सल्फर स्लज जैसे हानिकारक अपशिष्टों का निस्तारण अधिकृत टीएसडीएफ संचालक के माध्यम से किया जाता है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अपशिष्ट प्रबंधन की सभी प्रक्रियाएं केंद्रीय एवं राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप ही संचालित हों। साथ ही आगामी कृषि सीजन को देखते हुए कृषि विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम श्रीमती आरती यादव तथा एमबीएपीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

भोपाल में महापौर मालती राय ने नीतू तिवारी शुक्ला को किया सम्मानित, ऑल इंडिया मेरिट में रहीं प्रथम • नगरनिगम सागर की असिस्टेंट अकाउंटेंट है नीतू

भोपाल में महापौर मालती राय ने नीतू तिवारी शुक्ला को किया सम्मानित, ऑल इंडिया मेरिट में रहीं प्रथम

• नगरनिगम सागर की असिस्टेंट अकाउंटेंट है नीतू


तीनबत्ती न्यूज:  30 जुलाई 2026

सागर। नगर निगम सागर में पदस्थ असिस्टेंट अकाउंटेंट श्रीमती नीतू तिवारी शुक्ला ने अखिल भारतीय स्थानीय स्व-शासन संस्थान द्वारा आयोजित डिप्लोमा इन लोकल गवर्नमेंट फाइनेंशियल मैनेजमेंट की फरवरी-2026 परीक्षा में ऑल इंडिया मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर नगर निगम सागर, मध्यप्रदेश और जिले का गौरव बढ़ाया है।

देशभर के प्रतिभागियों के बीच सर्वोच्च स्थान हासिल करने पर भोपाल के शिवाजी नगर स्थित राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह में भोपाल की महापौर मालती राय ने नीतू तिवारी शुक्ला को 'सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट' प्रदान कर सम्मानित किया।

---------------

देखे वीडियो : क्लिक करे

गौसेवा में नजर आईं कलेक्टर प्रतिभा पाल, अनाथ बछिया को बोतल से पिलाया दूध, गौशाला में किया पौधारोपण

--------------

महापौर मालती राय ने कहा कि स्थानीय स्वशासन संस्थाओं में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की ऐसी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने नीतू तिवारी शुक्ला के समर्पण, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें: PM आवास योजना की किस्त के लिए 8 हजार की रिश्वत लेते रोजगार सहायक को रंगे हाथों पकड़ा लोकायुक्त पुलिस सागर ने

समारोह में संस्थान के संयोजक के.एल. शर्मा, राष्ट्रीय सलाहकार डी.पी. तिवारी, वरिष्ठ पदाधिकारी, प्राध्यापक, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय निकायों के लिए दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में संस्थान की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान किया गया।

नीतू तिवारी शुक्ला की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर नगर निगम सागर के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकर्मियों तथा शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। 

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive