Editor: Vinod Arya | 94244 37885

बीएमसी में सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण, तीन नेत्रदान से चार बुजुर्गों की लौटी रोशनी

बीएमसी में सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण: तीन नेत्रदान से चार बुजुर्गों की आंखों में लौटी रोशनी


तीनबत्ती न्यूज: 21 सितंबर 2026

सागर। बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी) के नेत्र रोग विभाग और आई बैंक ने कॉर्निया प्रत्यारोपण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पिछले 15 दिनों में हुए तीन मरणोपरांत नेत्रदानों से प्राप्त छह कॉर्निया में से चार स्वस्थ कॉर्निया का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया गया। इससे सागर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के चार बुजुर्ग मरीजों की दृष्टि वापस लौटी है।


नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने जटिल कॉर्निया प्रत्यारोपण सर्जरी की। टीम में डॉ. नीलम, डॉ. मानसी, डॉ. शिवानी, डॉ. अजय और डॉ. श्रेया शामिल रहीं। दृष्टि पाने वाले चारों मरीज किसान और मजदूर परिवारों से हैं।

यह भी पढ़ेंसागर: शराबकांड में SP अनुराग सुजानिया का बड़ा एक्शन; बंडा थाने व गूगरा चौकी से 40 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, रक्षित केंद्र से नए स्टाफ की तैनाती

चार मरीजों की लौटी दृष्टि

इमरान खान (73 वर्ष): करीब पांच महीने पहले फंगल इंफेक्शन के कारण उनका कॉर्निया पूरी तरह खराब हो गया था और दिखाई देना बंद हो गया था। कॉर्निया प्रत्यारोपण के बाद उनकी दृष्टि वापस लौट आई है।


सीता बाई (70 वर्ष): दो वर्ष पहले चोट लगने के कारण उनकी आंख की पुतली प्रभावित हो गई थी। वे लगातार दर्द और अंधेपन से परेशान थीं। सफल प्रत्यारोपण के बाद उनकी दृष्टि में सुधार हुआ है।

अशोक (70 वर्ष): पिछले पांच वर्षों से कॉर्निया में सफेदी के कारण वे दृष्टिहीनता का सामना कर रहे थे। बीएमसी में जांच के बाद उनका कॉर्निया प्रत्यारोपण किया गया, जिसके बाद अब वे देख पा रहे हैं।

शिवदयाल (71 वर्ष): करीब आठ महीने पहले मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था। इसके बाद कॉर्निया में सूजन और फफोले पड़ने के कारण उनकी दृष्टि चली गई थी। नया कॉर्निया प्रत्यारोपित किए जाने के बाद उनकी दृष्टि बहाल हुई है।

छह कॉर्निया में से चार प्रत्यारोपण के लिए उपयुक्त

डॉ. प्रवीण खरे ने बताया कि हाल ही में तीन नेत्रदाताओं से मरणोपरांत कुल छह कॉर्निया प्राप्त हुई थीं। जांच के बाद इनमें से चार कॉर्निया प्रत्यारोपण के लिए उपयुक्त पाई गईं और उनका मरीजों में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया गया। शेष दो कॉर्निया प्रत्यारोपण के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थीं। उनका उपयोग विभाग के पीजी चिकित्सकों द्वारा शोध और चिकित्सीय अध्ययन के लिए किया जाएगा।


बीएमसी में कॉर्निया प्रत्यारोपण की सुविधा निःशुल्क

बीएमसी डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में कॉर्निया प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध है और इस पूरी प्रक्रिया एवं सर्जरी को निःशुल्क किया जाता है। उन्होंने समाज के लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटाने का पुनीत कार्य है।

आई बैंक की प्रभारी डॉ. रोशी जैन और डॉ. अंजलि वीरानी ने पीजी छात्रों, नर्सिंग स्टाफ चेतना शुक्ला और रामलखन मीणा तथा पैरामेडिकल स्टाफ के सहयोग से नेत्रदान प्राप्त करने से लेकर कॉर्निया प्रत्यारोपण तक की प्रक्रिया को बेहतर समन्वय के साथ पूरा किया।

Share:

सागर: शराबकांड में SP अनुराग सुजानिया का बड़ा एक्शन; बंडा थाने व गूगरा चौकी से 40 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, रक्षित केंद्र से नए स्टाफ की तैनाती

सागर:शराबकांड में SP अनुराग सुजानिया का बड़ा एक्शन; बंडा थाने व गूगरा चौकी से 40 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, रक्षित केंद्र से नए स्टाफ की तैनाती

तीनबत्ती न्यूज: 21 सितम्बर, 2026

​सागर। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में हुए जहरीली शराबकांड के बाद पुलिस कप्तान अनुराग सुजानिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। एसपी ने बंडा थाना और गूगरा चौकी में पदस्थ एसआई, मुंशी, प्रधान आरक्षक तथा आरक्षकों समेत करीब 40 पुलिसकर्मियों को एक साथ लाइन हाजिर (रक्षित केंद्र स्थानान्तरित) कर दिया है। इनके स्थान पर पुलिस लाइन से नए पुलिसकर्मियों और हाल ही में बुनियादी प्रशिक्षण पूरा कर लौटे नए स्टाफ को थाना व चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

पढ़ने क्लिक करे : सागर जिले में पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल

​उल्लेखनीय है कि जहरीली शराबकांड सामने आने के बाद पुलिस विभाग में पहले ही गाज गिर चुकी है। तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को पहले ही हटाया जा चुका था, जिसके बाद बंडा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सिविल लाइन टीआई आनंद सिंह को सौंपी गई थी। अब इसी कड़ी में थाने और चौकी के निचले अमले पर भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है।








लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों और उनके स्थान पर भेजे गए नए स्टाफ की पूरी सूची 

1. बंडा थाना और गूगरा/बरा चौकी से लाइन हाजिर (रक्षित केंद्र भेजे गए) पुलिसकर्मी:

 * सब इंस्पेक्टर (SI): मुन्नालाल धुर्वे, आदिल खान।

 * प्रधान आरक्षक (HC / कार्यवाहक HC): प्रदीप सिंह राजपूत, जिनेन्द्र कुमार यादव, विमला यादव, देवी सिंह, गुलाब सिंह गोंड, भोलानाथ, मुकेश कुमार (चौकी बरा बण्डा), राजमणी खटीक, रामनिवास, अनुराग चौधरी (चौकी गुगुरा बण्डा), विक्रम सिंह, कार्यवाहक एचसी अरविंद पांडे (चौकी गुगुरा बण्डा), देवेन्द्र वैद्य (चौकी बरा बण्डा), विनोद पटेल, शरद तिवारी।

 * आरक्षक (Constable): आशुतोष अहिरवार, कमलेश कुमार साहू, प्रहलाद सिंह, महेश प्रसाद अहिरवार, धनीराम, चाहत शुक्ला, मदन पटेल, सोबरन यादव, विनय कुमार तिवारी, संतबंत सिंह राजपूत, रूचि राजपूत, शारदा धुर्वे, आदित्य कुमार नायक, दशरथ अहिरवार, नीलिका खरे, नरेन्द्र अहिरवार, नीलेश सिंग, दिनेश कुर्मी, पंकज सिंह सिकरवार, छोटेलाल, मनीष कुमार अहिरवार, रामकुमार पटेल, श्रुत कुमार तिवारी।

2. रक्षित केंद्र व अन्य थानों से बंडा थाना, गूगरा चौकी एवं बरा चौकी में तैनात किया गया नया स्टाफ:

 * सब इंस्पेक्टर (SI): रामू प्रजापति, शिवम कुमार दुबे।

 * सहायक उप निरीक्षक (ASI): राजेन्द्र पांडे (चौकी प्रभारी गुगुरा बण्डा)।

 * प्रधान आरक्षक (HC / कार्यवाहक HC): पूजा अहिरवार, प्रमोद कुमार बागरी (चौकी सेसाई बहोरोल से), पवन कुमार (थाना मालथौन से), शेख आसिफ (एसडीओपी कार्या. खुरई से), दुर्भिल गौतम (थाना नरयावली से), मणीशंकर (थाना राहतगढ़ से), सुशील राय (चौकी जरूआखेड़ा से), जितेन्द्र कुमार दुबे (थाना नरयावली से), प्रकाश यादव (चौकी बरा बण्डा), दिनेश गौतम, प्रदीप कास्डे (चौकी बरा बण्डा), सोहित सिंह गोंड (चौकी गुगुरा बण्डा), नरेश कुमार जाटव, सुनील रोहित, अमित कुमार पटेल (चौकी गुगुरा बण्डा), बालकिशन सौर।

 * आरक्षक (Constable): हेमराज पटेल, सुषमा कुर्मी, प्रियंका जैन, प्रदीप बिरथरे, घनश्यामदास नायक, निकिता राजपूत, राहुल सिंह राय, योगेश राज, गीता घोष, अनिल वर्मा, अजब यादव, रक्षा बिंदुआ, यशवंत सिंह राजपूत, अनिल गौतम, अमन स्वामी (थाना मालथौन से), प्राची डांगी।

 * नवनियुक्त आरक्षक (प्रशिक्षण उपरांत प्रथम पदस्थापना): सुरेश देवदा, मो. आसिफ खान, बहादुर डाबर, लवकुश राठौर, सोनू रजक, राजकुमारी प्रजापति, अर्चना अहिरवार।

जिले के अन्य थानों / चौकियों में हुए स्थानांतरण:

 * प्रधान आरक्षक (HC): विक्रम सिंह (थाना नरयावली), अजीम खान (थाना मालथौन), कृष्णकांत (चौकी जरूआखेड़ा), आनन्द कुमार (चौकी सेसाई बहरोल), अखिलेश शुक्ला (थाना नरयावली)।

 * आरक्षक (Constable): सुस्मिता खटीक (थाना केसली), खुशबू यादव (थाना भानगढ़)।

 * नवनियुक्त आरक्षक (प्रशिक्षण उपरांत अन्य थानों में): दीपांशु (थाना केसली), चित्रांश कुमार भास्कर (थाना सुरखी), प्रवेश अहिरवार (थाना सुरखी), अनिल धाकड़ (थाना सानौधा), गौतम जाटव (थाना सानौधा), दिनेश डामर (थाना केसली), संजय श्रीवास्तव (थाना केसली), नरेन्द्र रावत (थाना बहेरिया), साजिद खान (थाना मालथौन), शशि दीक्षित (थाना रहली), आरती सिंह राजपूत (थाना सानौधा)।

Share:

कनेरा देव प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी की बदहाली पर कांग्रेस का निरीक्षण, आंदोलन की चेतावनी

कनेरा देव प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी की बदहाली पर कांग्रेस का निरीक्षण, आंदोलन की चेतावनी

तीनबत्ती न्यूज: 21 सितम्बर, 2026

सागर। कनेरा देव स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव (बब्बू यादव) के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने सोमवार को कॉलोनी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कॉलोनी में गंदगी, जलभराव और जर्जर फ्लैटों की स्थिति सामने आई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार कई फ्लैटों में प्लास्टर उखड़ चुका है और कुछ स्थानों पर प्लास्टर गिरने की स्थिति में है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि असुरक्षित परिस्थितियों में हितग्राहियों के रहने से जनहानि की आशंका बनी हुई है।




जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि कनेरा देव आवास कॉलोनी में हितग्राही नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गंदगी, जलभराव और जर्जर फ्लैटों की स्थिति निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जिला कांग्रेस कमेटी हितग्राहियों के हक में आंदोलन करेगी।

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव (बब्बू यादव) ने कहा कि गरीब हितग्राहियों को दिए गए आवासों की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की जांच कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने तथा सभी फ्लैटों की आवश्यक मरम्मत के साथ मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रवक्ता कमलेश तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हेमराज रजक, पार्षद ताहिर खान, रोशनी वसीम खान, पार्षद नीलोफर चमन अंसारी, शिव शंकर गुड्डू यादव, रिचा सिंह, आनंद हेला, सुनील पाहवा, रेखा अहिरवार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


Share:

सागर में CCTV से ऑटो में छूटा ₹17 हजार का पर्स बरामद, दो लड़कियों को लौटाई रकम

सागर में CCTV की निगरानी से ऑटो में छूटा ₹17 हजार से भरा पर्स बरामद, लड़कियों को लौटाई रकम

तीनबत्ती न्यूज: 21 सितम्बर, 2026

सागर। ऑटो में गलती से छूटे ₹17 हजार रुपए से भरे पर्स को सागर पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से तलाश कर बरामद कर लिया। पुलिस कंट्रोल रूम की CCTV टीम और थाना कैंट पुलिस की तत्परता से दोनों बच्चियों को उनकी मेहनत की कमाई वापस मिल गई।

जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां कबूला पुल से ऑटो में बैठकर कटरा जाने के लिए रवाना हुई थीं। पटेरिया स्वीट्स के सामने उतरते समय उन्होंने अपने बड़े पर्स से एक छोटा पर्स निकाला, जिसमें ₹17 हजार नगद रखे थे। उतरने के दौरान छोटा पर्स ऑटो में ही गिर गया और बच्चियां अपना बड़ा पर्स लेकर बाजार चली गईं।

पढ़ने क्लिक करे : सागर जिले में पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल

घर पहुंचने पर पर्स और उसमें रखी रकम नहीं मिलने पर दोनों बच्चियां परेशान हो गईं। उन्होंने कटरा ट्रैफिक थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहां से उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम सागर भेजा गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल शुरू हुई तलाश

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी उप निरीक्षक आरकेएस चौहान ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया को घटनाक्रम से अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने तत्काल पर्स और नगदी तलाश कर बच्चियों को वापस दिलाने के निर्देश दिए।


निर्देश मिलते ही कंट्रोल रूम की CCTV टीम को सक्रिय किया गया। CCTV टीम की कर्मचारी रेखा रजक ने अलग-अलग कैमरों के फुटेज खंगालकर बच्चियों के ऑटो की तलाश शुरू की।


CCTV से ऑटो की हुई पहचान

CCTV फुटेज की बारीकी से जांच के दौरान बच्चियों को कबूला पुल से ऑटो में बैठते और पटेरिया स्वीट्स के सामने उतरते हुए ट्रेस किया गया। फुटेज से यह भी पता चला कि उतरते समय छोटा पर्स ऑटो में ही गिर गया था।


इसके बाद CCTV के माध्यम से ऑटो की पहचान कर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर और उपलब्ध मोबाइल नंबर हासिल किया गया। जांच में मोबाइल नंबर ऑटो के वास्तविक मालिक का नहीं मिला। इसके बावजूद पुलिस टीम ने ऑटो से संबंधित पते को ट्रेस करते हुए आगे की कार्रवाई जारी रखी।


कैंट पुलिस के सहयोग से घर से मिला पर्स


CCTV टीम से मिली जानकारी के आधार पर थाना कैंट पुलिस स्टाफ ने ऑटो चालक के घर पहुंचकर तलाश की। वहां से बच्चियों का छोटा पर्स बरामद कर लिया गया।


पुलिस ने ₹17 हजार नगद सहित पर्स को पुलिस कंट्रोल रूम लाकर दोनों बच्चियों को सुरक्षित वापस सौंप दिया।


रकम वापस मिलने पर बच्चियों ने जताया आभार


खोई हुई रकम वापस मिलने पर दोनों बच्चियों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने सागर पुलिस, पुलिस कंट्रोल रूम और CCTV टीम का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया।


पुलिस की इस कार्रवाई में तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज के विश्लेषण और थाना कैंट पुलिस के समन्वय से गुम हुई रकम को सुरक्षित वापस दिलाया गया।

Share:

साप्ताहिक राशिफल: 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026: ग्रह गोचर और विशेष धार्मिक उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

साप्ताहिक राशिफल: 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026:  ग्रह गोचर और विशेष धार्मिक उपाय

• पंडित अनिल पाण्डेय

तीनबत्ती न्यूज: 20 सितम्बर, 2026

पंडित अनिल पांडे जी (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ) लेकर आए हैं 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक का विस्तृत साप्ताहिक राशिफल, ग्रह गोचर की स्थिति और हनुमान चालीसा की चौपाई का विशेष महत्व।

इस सप्ताह की विशेष चौपाई एवं महिमा

"जो सत बार पाठ कर कोई। छूटहि बन्दि महा सुख होई॥"

अर्थ एवं उपाय: हनुमान चालीसा की इस चौपाई का स्पष्ट संदेश है कि जो भी साधक श्री हनुमान चालीसा का सौ बार (या श्रद्धापूर्वक सात बार) पाठ करता है, वह संसार के समस्त भौतिक एवं मानसिक बंधनों से मुक्त हो जाता है। उसे परम सुख, शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। हनुमान जी की असीम कृपा से जीवन के सभी संकट दूर हो जाते हैं। यदि आप इस चौपाई का संपुट पाठ करते हैं, तो ज्ञान और मोक्ष की सिद्धि होती है।

विशेष नोट: श्री हनुमान चालीसा की चौपाइयों से संबंधित संपूर्ण सिद्ध उपायों के लिए पुस्तक "नाशे रोग हरे सब पीरा" पंडित जी से प्राप्त की जा सकती है।

सप्ताह के ग्रह गोचर की स्थिति

  • सूर्य: कन्या राशि में
  • मंगल एवं गुरु: कर्क राशि में
  • शुक्र: तुला राशि में
  • शनि (वक्री): मीन राशि में
  • राहु: कुंभ राशि में
  • बुध: प्रारंभ में कन्या राशि में; 26 सितंबर को दोपहर 12:38 बजे से तुला राशि में प्रवेश करेंगे।

राशिवार साप्ताहिक राशिफल (21 से 27 सितंबर 2026)

मेष (Aries)

  • राशिफल: इस सप्ताह शत्रुओं पर आसानी से विजय प्राप्त होगी। संतान से भरपूर सहयोग मिलेगा और परीक्षार्थियों के लिए समय अनुकूल है। हालांकि, अधिकारी, कर्मचारी व जनप्रतिनिधियों को अपनी प्रतिष्ठा व कामकाज के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए, यद्यपि कोई नुकसान नहीं होगा।
  • शुभ तिथियाँ: 21, 22 और 23 सितंबर
  • सावधान तिथियाँ: 26 और 27 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

वृष (Taurus)

  • राशिफल: संतान पक्ष के लिए यह सप्ताह अत्यंत उत्तम है, उन्हें सफलता मिलेगी। व्यापारियों के लिए व्यापार वृद्धि व धन लाभ के अच्छे योग हैं। अधिकारी एवं कर्मचारियों को व्यर्थ के वाद-विवाद से बचकर शांत रहना चाहिए। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
  • शुभ तिथियाँ: 24 और 25 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

मिथुन (Gemini)

  • राशिफल: जनसमर्थन और सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए सप्ताह लाभदायक है। इस दौरान भाग्य से ज्यादा अपने कर्म पर भरोसा रखें।
  • शुभ तिथियाँ: 26 और 27 सितंबर
  • सावधान तिथियाँ: 21, 22 और 23 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ दिन: रविवार

कर्क (Cancer)

  • राशिफल: भाई-बहनों से संबंध मधुर रहेंगे और मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। जीवनसाथी के लिए समय उत्तम है तथा व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों को लाभ होगा। हालांकि, वाहन व दुर्घटनाओं से सावधानी बरतें।
  • शुभ तिथियाँ: 21, 22 और 23 सितंबर
  • सावधान तिथियाँ: 24 और 25 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में पूजन करें।
  • शुभ दिन: सोमवार

सिंह (Leo)

  • राशिफल: धन आगमन की प्रबल संभावना है और व्यापारियों को बड़ी सफलता मिल सकती है। भाइयों से थोड़ा मतभेद हो सकता है, लेकिन शत्रुओं पर आपकी विजय होगी। माता-पिता का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।
  • शुभ तिथियाँ: 24 और 25 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन चावल का दान करें और शुक्रवार को मंदिर के पुजारी को सफेद वस्त्र दान करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

कन्या (Virgo)

  • राशिफल: व्यापार में सफलता और धन लाभ का सुंदर योग बन रहा है। नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह सामान्य रहेगा। भाग्य का साथ मिलेगा और शत्रुओं को आसानी से परास्त कर सकेंगे।
  • शुभ तिथियाँ: 26 और 27 सितंबर
  • सावधान तिथियाँ: 24 और 25 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं।
  • शुभ दिन: रविवार

तुला (Libra)

  • राशिफल: कोर्ट-कचहरी के मामलों में प्रयास करने पर सफलता मिलेगी और शत्रु शांत रहेंगे। हालांकि, छात्रों की पढ़ाई में रुकावट आ सकती है और संतान से सहयोग कम मिलेगा। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
  • शुभ तिथियाँ: 21, 22 और 23 सितंबर
  • सावधान तिथियाँ: 26 और 27 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

वृश्चिक (Scorpio)

  • राशिफल: धन लाभ के बेहतरीन योग हैं, प्रयासों में तेजी लाएं। व्यापारियों के लिए उन्नति का समय है। 24 और 25 तारीख को लॉटरी या आकस्मिक निवेश में लाभ की संभावना है।
  • शुभ तिथियाँ: 24 और 25 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन तांबे के पात्र में जल, अक्षत और लाल पुष्प लेकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

🏹 धनु (Sagittarius)

  • राशिफल: व्यापार में धन लाभ निश्चित है और अधिकारियों को कार्यस्थल पर मान-सम्मान मिलेगा। आपका और जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। लंबी यात्रा के योग बन सकते हैं, परंतु दुर्घटनाओं से सचेत रहें।
  • शुभ तिथियाँ: 26 और 27 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: रविवार

मकर (Capricorn)

  • राशिफल: अधिकारियों, कर्मचारियों और व्यापारियों के लिए सप्ताह भाग्यवर्धक और सफलता देने वाला है। अनैतिक या गलत रास्ते से धन आने का योग भी बन सकता है, अतः सतर्क रहें।
  • शुभ तिथियाँ: 21, 22 और 23 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन 'ॐ नमः शिवाय' या शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें।
  • शुभ दिन: शनिवार

कुंभ (Aquarius)

  • राशिफल: भाग्य का पूरा सहयोग मिलेगा, जिससे रुके हुए कार्य सिद्ध होंगे। व्यापारियों को सोच-समझकर निर्णय लेने होंगे। स्वास्थ्य के मामले में डायबिटीज व ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से सावधान रहें।
  • शुभ तिथियाँ: 24 और 25 सितंबर
  • सावधान तिथियाँ: 21, 22 और 23 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन श्री गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

मीन (Pisces)

  • राशिफल: व्यापारियों के लिए यह समय जबरदस्त लाभप्रद है। दुर्घटनाओं से बचाव रहेगा। माता-पिता और जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा, हालांकि संतान को थोड़ा कष्ट हो सकता है। 26-27 तारीख संतान के लिए भी लाभदायक रहेगी।
  • शुभ तिथियाँ: 26 और 27 सितंबर
  • सावधान तिथियाँ: 24 और 25 सितंबर
  • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें।
  • शुभ दिन: रविवार

विशेष द्रष्टव्य: यह एक सामान्य ग्रह गोचर आधारित भविष्यवाणी है। सटीक एवं व्यक्तिगत कुंडली विश्लेषण हेतु संपर्क करें:

निवेदक: पंडित अनिल कुमार पांडे (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता) प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश) - 470004 संपर्क सूत्र: 8959594400

मां शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें! जय मां शारदा!

Share:

बारिश के बीच सागर में गूंजी ‘छात्रों की गूंज’, राहुल गांधी के छात्र संवाद का हुआ सीधा प्रसारण

बारिश के बीच सागर में गूंजी ‘छात्रों की गूंज’, राहुल गांधी के छात्र संवाद का हुआ सीधा प्रसारण


तीनबत्ती न्यूज, 19 सितंबर 2026

सागर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर के छात्र संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ का सीधा प्रसारण शनिवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी, सागर द्वारा आयोजित किया गया। सिविल लाइन स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के पास बड़ी स्क्रीन पर कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र, युवा और नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे। बारिश के बीच भी लोगों ने कार्यक्रम को अंत तक देखा और राहुल गांधी के संबोधन को सुना।

इंदौर से प्रसारित छात्र संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, छात्रवृत्ति, शिक्षा में न्याय तथा छात्र और ‘अंधभक्त’ जैसे मुद्दों पर संवाद किया। उन्होंने भाजपा पर युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल भी उठाए।



कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह ‘बब्बू’ यादव ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने पेपर लीक और बेरोजगारी को युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बताया।

रामकुमार पचौरी ने कहा कि सागर शिक्षा का प्रमुख केंद्र है और यहां बड़ी संख्या में दूसरे क्षेत्रों से छात्र पढ़ने आते हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद युवाओं की मौजूदगी उनकी जागरूकता को दर्शाती है।

मुकुल पुरोहित, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे और डॉ. संदीप सबलोक ने कार्यक्रम में शामिल हुए छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला शहर कांग्रेस छात्रों से जुड़े मुद्दों पर उनके साथ खड़ी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम का संचालन लीलाधर सूर्यवंशी ने किया, जबकि आभार कमलेश तिवारी ने माना।

इस अवसर पर बाबू सिंह ‘बब्बू’ यादव, मुकुल पुरोहित, सिंटू कटारे, डॉ. संदीप सबलोक, कमलेश तिवारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, आनंद हैला, शिवशंकर ‘गुड्डू’ यादव, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे, हेमराज रजक, नीलेश अहिरवार, मोंटी यादव, ताहिर खान, गोपाल प्रजापति, लीलाधर सूर्यवंशी, दीनदयाल तिवारी, चक्रेश रोहित, आनंद अहिरवार, विनोद रैकवार, अलीम तज्जु भाईजान, ज्योति मलैया, बिल्ली रजक, कुंजी लाल लडिया, महेश यादव, सुनील पाहवा, अनिल दक्ष, साजिद राइन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।


Share:

सागर में श्री गौर गोविंद मंदिर में राधाष्टमी महामहोत्सव, भव्य शोभायात्रा और झांकियों ने मोहा मन

श्री श्री गौर गोविंद मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया राधाष्टमी महामहोत्सव

 

तीनबत्ती न्यूज: 19 सितम्बर, 2026

सागर। रविशंकर वार्ड स्थित श्री श्री गौर गोविंद मंदिर में भाद्रपद शुक्ल अष्टमी के पावन अवसर पर श्री राधारानी का प्राकट्य उत्सव राधाष्टमी महामहोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर और शहर का वातावरण राधे-राधे के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।



महामहोत्सव का शुभारंभ प्रातः 7 बजे श्री राधारानी के महाभिषेक से हुआ। इसके बाद प्रेम भक्ति चंद्रिका पाठ, महाआरती और बधाई गायन हुआ। दोपहर 12 बजे विभिन्न स्थानों से मंगाए गए पुष्पों से सजे आकर्षक फूल बंगले में राधारानी का प्राकट्य उत्सव मनाया गया। बैंगलोर, कन्नौज, शिमला, पुष्कर, कोलकाता और दिल्ली से आए फूलों से मंदिर की विशेष सजावट की गई।


राधा के बिना कृष्ण का स्मरण अधूरा : रामानंद प्रभु


वृंदावन से पधारे श्री श्री रामानंद प्रभु ने श्री राधारानी के प्राकट्य की महिमा बताते हुए कहा कि श्रीकृष्ण को समझने के लिए श्री राधा को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कृष्ण आनंद और प्रेम के प्रतीक हैं, जबकि राधा प्रेम में अहंकार रहित समर्पण का संदेश देती हैं।


उन्होंने कहा, “राधा नाम के बिना कृष्ण का स्मरण अधूरा है। राधे-राधे जपि मनुआ, मिले कृष्ण भगवान।” राधाष्टमी के विशेष महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण स्वयं राधारानी की अगवानी करने का अवसर चाहते हैं और यही इस उत्सव की विशेष आध्यात्मिक भावना है।


नगर शोभायात्रा में दिखी भक्ति और संस्कृति की झलक


राधाष्टमी के अवसर पर नगर शोभायात्रा निकाली गई। इसमें आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ ग्रामीण एवं शहरी भजन मंडलियों ने हरिनाम संकीर्तन किया। आंध्र प्रदेश की कूचिपुड़ी नृत्य प्रस्तुति शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रही। कलाकारों ने अभिनय, मुद्राओं और पदचाल के माध्यम से हिंदू धर्म की देवी-देवताओं और पौराणिक कथाओं को प्रस्तुत किया। कूचिपुड़ी प्रस्तुति में डॉ. अमृता गौर, डॉ. श्रेया ठाकुर, डॉ. राधिका ठाकुर, शिवांगी पांडे, अमिता राजपूत, प्रिया पांडे और नित्या ठाकुर ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं।

शोभायात्रा में राम-लक्ष्मण-सीता का वनगमन एवं निषादराज से मिलन, पंचतत्व, श्री चैतन्य महाप्रभु, श्री अद्वैत-गदाधर, गौर भक्तवृंद तथा श्रीकृष्ण-शिव मिलन पर आधारित झांकियां शामिल रहीं।



श्री राधे-राधे मंडली, भूपेंद्र सिंह भापेल की मंडली सहित केरबना, कर्रापुर, सोमला, कनेरा, मोठी, खजुरिया, डाबरी, छापरी, केथोरा, मोहली, खुवारी, हिन्नोद और सलैया सहित अनेक ग्रामीण भजन मंडलियों एवं प्रभातफेरी में शामिल श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन किया। इससे शहर का वातावरण राधामय हो गया।



विधायक शैलेंद्र जैन और अविराज सिंह ठाकुर हुए शामिल

नगर विधायक शैलेंद्र जैन महाआरती में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राधा-कृष्ण ने दुनिया को सच्चे प्रेम और समर्पण का संदेश दिया है। युवा भाजपा नेता अभिराज सिंह ठाकुर ने कहा कि राधारानी तीनों लोक की स्वामिनी हैं और भगवान कृष्ण को आनंद प्रदान करने वाली उनकी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि भक्ति में दिखावा नहीं बल्कि भाव होना चाहिए। फूलसिंह पंडा ने कहा कि राधाष्टमी का पर्व निष्ठा, प्रेम और भक्ति के माध्यम से आत्मा और परमात्मा के मिलन का संदेश देता है।


संतों ने सुनाईं लीलाएं, भंडारे के साथ समापन

कार्यक्रम में तीर्थस्थलों से आए संतों ने प्रवचन दिए और श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं सहित समुद्र मंथन आदि प्रसंगों का वर्णन किया। बधाई पदों के गायन से श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

महामहोत्सव का समापन भंडारे के साथ हुआ। मंदिर के सेवाधिकारी कृष्णदास पंडा, डॉ. पी.एस., डॉ. लक्ष्मी ठाकुर, राधे गौर, सुजीत सिंह, अर्पित गौर, वृंदा वैस, ललिता राजपूत सहित मंदिर के सभी सेवादारों ने आयोजन में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं एवं भक्तों का आभार व्यक्त किया।





शोभायात्रा का सेवादल ने किया स्वागत

शोभा यात्रा का शहर के हृदय स्थल तीन बत्ती पहुंचने पर शहर सेवादल परिवार ने शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया,शोभा यात्रा में शामिल भक्त जनों पर पुष्प वर्षा की।

स्वागत कर्ताओं में शहर सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे,प्रदेश महासचिव सेवादल विजय साहू,लल्ला यादव,अंकुर यादव,परख शुक्ला,अन्नू घोषी,पंकज सोनी,रवि जैन,आकाश नामदेव,तरुण सैनी,विशाल सोनी,शानू आदि सेवादल परिवार जन उपस्थित रहे।



Share:

बच्चियों के सिर पर गिरा स्कूल का प्लास्टर, सेवादल ने जलाया ‘हकीकत का दिया’

बच्चियों के सिर पर गिरा स्कूल का प्लास्टर, सेवादल ने जलाया ‘हकीकत का दिया’


तीनबत्ती न्यूज: 19 सितम्बर, 2026

सागर। आमाखुर्द प्राथमिक स्कूल में छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्राओं के घायल होने की घटना ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे बीएमसी पहुंचे और उपचाररत छात्राओं एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

इसके बाद कटारे दोपहर में आमाखुर्द पहुंचे और स्कूल भवन का निरीक्षण किया। जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए उन्होंने स्कूल परिसर में ‘हकीकत का दिया’ जलाकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि यह दिया किसी उत्सव का नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत सामने लाने का प्रतीक है।

कटारे ने कहा कि जिन हाथों में किताब और कलम होनी चाहिए, उन्हीं बच्चों के सिर पर छत का मलबा गिर रहा है। दो बच्चियों के सिर में टांके आना केवल हादसा नहीं, बल्कि स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि यदि भवन वर्ष 2017 से जर्जर था और मरम्मत की मांग लगातार की जा रही थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और विकास को लेकर बड़े दावे करती है, लेकिन दूसरी ओर जिले के कई स्कूल भवन मरम्मत की प्रतीक्षा में हैं। आमाखुर्द की घटना सरकारी दावों और जमीन पर मौजूद स्थिति के बीच अंतर को सामने लाती है।

एक माह में मरम्मत नहीं हुई तो स्वयं काम कराने की बात

कटारे ने कहा कि सरकार और प्रशासन को एक माह का समय है। यदि इस अवधि में आमाखुर्द स्कूल भवन की मरम्मत शुरू कर उसे सुरक्षित नहीं किया गया, तो वे स्वयं अपने स्तर पर स्कूल भवन की मरम्मत का कार्य कराने के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में केवल बयान देकर पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने प्रशासन से जिले के सभी जर्जर स्कूल भवनों की तत्काल जांच कराने, असुरक्षित भवनों में पढ़ाई रोककर वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा आमाखुर्द स्कूल की घटना में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की।

ये रहे शामिल

इस दौरान प्रदेश महासचिव विजय साहू, नितिन पचौरी, परख शुक्ला, पंकज सोनी, प्रवीण यादव, मुकुल अग्निहोत्री, अंकुर यादव, अन्नू घोषी, कृष्णा ताम्रकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive