Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: पांच टायर कारोबारियों का स्क्रेप जब्त, चिकन शॉप पर 10 हजार जुर्माना: सोमनाथपुरम रोड पर गिट्टी और निर्माण सामग्री जब्त

सागर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: पांच टायर कारोबारियों का स्क्रेप जब्त, चिकन शॉप पर 10 हजार जुर्माना

सड़क किनारे जमा टायरों और निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश, सोमनाथपुरम रोड पर गिट्टी भी जब्त; निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने दी सख्त चेतावनी

तीनबत्ती न्यूज: 17 नवंबर, 2026

सागर। शहर की स्वच्छता, सुंदरता और नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगमायुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के सीईओ राजकुमार खत्री ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे और खुले प्लॉटों में जमा स्क्रेप टायरों तथा निर्माण सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पांच टायर कारोबारियों के यहां से टायरों की जब्ती कराई गई, जबकि गंदगी फैलाने पर एक चिकन विक्रेता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, सोमनाथपुरम सड़क के पास मुख्य मार्ग पर रखी गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री भी जब्त कराई गई।

यह भी पढ़ें: सागर में वृंदावन बाग मंदिर ट्रस्ट पर एक लाख जुर्माना, खुले में मिला निर्माण मलबा

पांच टायर कारोबारियों को दी चेतावनी

कनेरा स्थित बीड़ी अस्पताल के आसपास खुले प्लॉटों और सड़क किनारे बड़ी संख्या में स्क्रेप टायर जमा कर व्यापार संचालित किया जा रहा था। इसे देखकर निगमायुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम अमले ने इंडियन टायर, असलम टायर सर्विस, जावेद टायर, खान स्क्रेप और मोनिश टायर सहित पांच कारोबारियों के व्यापार स्थलों से कुछ टायर जब्त किए।

निगमायुक्त ने कारोबारियों को निर्धारित समय में सभी प्रकार का स्क्रेप टायर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय सीमा में टायर नहीं हटाए गए तो शेष सामग्री भी जब्त कर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सड़क किनारे टायरों के ढेर शहर की सुंदरता और स्वच्छता को प्रभावित करते हैं। टायर जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है। टायरों के ढेर में आग लगने की स्थिति में जान-माल का नुकसान भी हो सकता है।

गंदगी फैलाने पर चिकन विक्रेता पर 10 हजार का जुर्माना

निरीक्षण के दौरान कनेरादेव रोड स्थित बीड़ी अस्पताल के पास एक चिकन शॉप के आसपास पंख और अन्य कचरा फैला मिला। इससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी। निगमायुक्त ने संबंधित चिकन विक्रेता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही दुकान संचालक को निर्धारित मीट मार्केट में दुकान संचालित करने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री का कारोबार करने वालों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। किसी भी प्रकार का कचरा सड़क या सड़क किनारे नहीं फैलना चाहिए। नगर निगम द्वारा सर्वसुविधायुक्त मीट मार्केट का निर्माण कर ऐसी दुकानों को व्यवस्थित रूप से संचालित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।



सोमनाथपुरम रोड पर गिट्टी और निर्माण सामग्री जब्त

निगमायुक्त ने सोमनाथपुरम सड़क के पास कनेरा से राजघाट तिराहे की मुख्य सड़क पर रखी गिट्टी और भवन निर्माण सामग्री को भी जब्त कराया। नगर निगम की जेसीबी और डंपर की मदद से सामग्री हटवाकर सड़क को साफ कराया गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क या उसके किनारे रेत, गिट्टी, ईंट आदि निर्माण सामग्री रखने वालों को पहले निर्धारित समय देकर सामग्री हटाने को कहा जाए। इसके बाद भी सामग्री नहीं हटाने पर उसे जब्त कर जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

दुर्घटना और प्रदूषण का कारण बनती है सड़क पर निर्माण सामग्री

निगमायुक्त ने कहा कि सड़क पर रखी निर्माण सामग्री धीरे-धीरे फैलकर यातायात में बाधा पैदा करती है। वाहनों के टायरों से गिट्टी फैलने के कारण टायर पंचर होने और वाहन अनियंत्रित होने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसके अलावा धूल से प्रदूषण बढ़ता है और गिट्टी-रेत नालियों में पहुंचकर उन्हें चोक कर देती है। इससे जलभराव और गंदगी की समस्या पैदा होती है तथा सफाई मित्रों को भी परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर जीवन गुणवत्ता वाला वातावरण देना भी है। शहर की स्वच्छता और नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Share:

सागर में वृंदावन बाग मंदिर ट्रस्ट पर एक लाख जुर्माना, खुले में मिला निर्माण मलबा

सागर में खुले में सीएंडडी वेस्ट डालने पर वृंदावन बाग मंदिर ट्रस्ट पर एक लाख का जुर्माना, निगमायुक्त ने दिए निर्देश

• अहमद नगर में सड़क किनारे पड़ा मिला निर्माण मलबा और प्लास्टिक कचरा, निर्माण स्थलों को टीन या ग्रीन नेट से ढकना अनिवार्य


तीनबत्ती न्यूज: 17 नवंबर, 2026

सागर। शहर की स्वच्छता और वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। सड़क किनारे खुले में निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट का मलबा एकत्र करने पर वृंदावन मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक व सीईओ राजकुमार खत्री मंगलवार सुबह शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने अहमद नगर पहुंचे। यहां जिला चिकित्सालय मार्ग से अहमद नगर को जोड़ने वाली सड़क के किनारे एक प्लॉट में निर्माण मलबा और प्लास्टिक की बोरियों सहित अन्य कचरा खुले में पड़ा मिला। इस पर उन्होंने वार्ड दरोगा से प्लॉट के संबंध में जानकारी ली और वृंदावन मंदिर ट्रस्ट के प्लॉट पर सीएंडडी वेस्ट एकत्र करने के मामले में एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने संबंधित मलबे को सीएंडडी वेस्ट प्लांट के संचालक के माध्यम से उठवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खुले में पड़ा निर्माण मलबा वाहनों से कुचलकर धूल में बदल जाता है, जिससे वातावरण प्रदूषित होता है और वायु प्रदूषण बढ़ता है। इस तरह के स्थान शहर में गंदगी के ब्लैक स्पॉट बन जाते हैं, जिससे शहर की स्वच्छता और सुंदरता प्रभावित होती है।

निर्माण स्थलों को ढकना होगा अनिवार्य

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नगर निगम के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शहर में जहां भी भवन निर्माण या तोड़फोड़ का कार्य हो रहा है, उन सभी स्थलों की नियमित निगरानी की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माणकर्ता अपनी निर्माण साइट को टीन, चादर या ग्रीन नेट से पूरी तरह ढककर ही काम करें। नियमों का पालन नहीं करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्य के दौरान धूल-मिट्टी और मलबा सड़क पर न फैलने दें। निर्माण स्थलों को ढककर रखें, ताकि शहर की स्वच्छता बनी रहे और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण किया जा सके।

Share:

सागर स्मार्ट सिटी के कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा : झील के पाथ-वे को दीनदयाल चौक से जोड़ने के निर्देश

सागर स्मार्ट सिटी के कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा : झील के पाथ-वे को दीनदयाल चौक से जोड़ने के निर्देश

• ट्रैफिक मैनेजमेंट से लेकर बस टर्मिनल और सिटी स्टेडियम के कार्यों की भी समीक्षा


तीनबत्ती न्यूज:17 नवंबर, 2026

सागर। कलेक्टर एवं सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लाखा बंजारा झील के चारों ओर बने पाथ-वे के दोनों छोर को दीनदयाल चौक की ओर पूरी तरह जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक बिना किसी अवरोध के झील का पूरा चक्कर लगा सकें और सुबह-शाम भ्रमण कर स्वास्थ्य लाभ ले सकें।

स्मार्ट सिटी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने प्रजेंटेशन के माध्यम से स्मार्ट सिटी के पूर्ण हो चुके और वर्तमान में प्रगतिरत परियोजना कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

झील के रखरखाव पर विशेष जोर

लाखा बंजारा झील के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि झील के चारों ओर साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। पाथ-वे के दोनों छोर दीनदयाल चौक की ओर इस तरह जोड़े जाएं कि नागरिकों को पूरे पाथ-वे पर घूमने में किसी प्रकार की बाधा न हो।

कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, बस टर्मिनल, फूड प्लाजा, सड़क परियोजनाओं, सिटी स्टेडियम और खेल परिसर सहित स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियर्स को कार्यों की प्रगति के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक तथा सीईओ राजकुमार खत्री सहित स्मार्ट सिटी के अधिकारी, इंजीनियर्स और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

सागर में रात्रि में शराब दुकानों का अचानक निरीक्षण किया कलेक्टर - एसपी ने • शहर की विभिन्न शराब दुकानों का किया निरीक्षण, स्टॉक एवं बिक्री व्यवस्था देखी

सागर में रात्रि में शराब दुकानों का अचानक निरीक्षण किया  कलेक्टर - एसपी ने

• शहर की विभिन्न शराब दुकानों का किया निरीक्षण, स्टॉक एवं बिक्री व्यवस्था देखी, नियमों का उल्लंघन न हो- दिये स्पष्ट निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 16 नवम्बर, 2026

सागर: कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने आज सोमवार की रात्रि पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा सहित आबकारी विभाग एवं अन्य अधिकारियों के साथ शहर की विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तिली, धर्माश्री, राजीव नगर, शास्त्री वार्ड, संजय ड्राइव सहित शहर की अन्य दुकानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

----------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में रात को शराब दुकानों पर पहुंचे कलेक्टर-SP, QR कोड स्कैन कर जांचा स्टॉक

-----------

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर यादव ने अपने समक्ष संबंधित अधिकारी से शराब की बोतल पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन करवाया तथा इसकी जानकारी ली। उन्होंने दुकान में उपलब्ध शराब के स्टॉक, उसके संधारण और बिक्री आदि को बारीकी से परखा।

यह भी पढ़ें: सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

कलेक्टर ने अधिकारियों से शराब बिक्री के दौरान ऑनलाइन एवं नकद भुगतान की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने स्टॉक के रिकॉर्ड और बिक्री से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

यह भी पढ़ें: सागर में शराब दुकान हटाने महिलाओं का मोर्चा:भाजपा पार्षद डॉ. याकृति जड़िया के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

इसके साथ ही कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शराब दुकान के आसपास के क्षेत्र में स्थित अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दुकानों की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।



कलेक्टर श्री यादव ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार कोई भी व्यक्ति जो दुकान से शराब क्रय करता है वह दुकान या उसके आसपास या अन्य किसी क्षेत्र में नियम विरुद्ध शराब का सेवन न करें। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध शराब की बिक्री और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोकने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण न केवल शहर में बल्कि सभी तहसीलों में जारी रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेष द्विवेदी, सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती वंदना पांडे सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग का अमला उपस्थित रहा।

Share:

सागर में शराब दुकान हटाने महिलाओं का मोर्चा:भाजपा पार्षद डॉ. याकृति जड़िया के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

सागर में शराब दुकान हटाने महिलाओं का मोर्चा:भाजपा पार्षद डॉ. याकृति जड़िया के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

तीनबत्ती न्यूज: 16 नवंबर, 2026

सागर। मछरयाई स्थित कांच मंदिर कलारी को बंद कराने और वहां से हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र की महिलाओं का विरोध तेज हो गया है। सोमवार, 16 नवंबर को भाजपा पार्षद एवं महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. याकृति जड़िया के नेतृत्व में विवेकानंद वार्ड क्रमांक 36 की महिलाओं ने जिलाधिकारी एवं जिला आबकारी अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

यह भी पढ़ें: सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

गौरतलब है कि दो दिन पहले इसी शराब दुकान से शराब पीने के बाद एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक की तबीयत गंभीर हो गई थी। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र की महिलाएं शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रही हैं।

ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान को हटाने के समर्थन में वार्ड की 100 प्रतिशत महिलाओं ने हस्ताक्षर किए हैं। उनका कहना है कि दुकान के आसपास दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे महिलाओं और लड़कियों का इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आए दिन गाली-गलौज, हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं होती हैं। शराब दुकान के आसपास खाली बोतलें और कचरा फेंके जाने से गंदगी फैल रही है, जिससे बच्चों और रहवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

ज्ञापन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि शराब दुकान के नजदीक कांच मंदिर, शनि मंदिर, ग्यादिन तिगड्डा स्थित हनुमान मंदिर और विवेकानंद वार्ड की मुख्य आंगनबाड़ी संचालित है। महिलाओं ने इन धार्मिक स्थलों और आंगनबाड़ी के आसपास शराब दुकान संचालित होने पर आपत्ति जताई।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

पार्षद डॉ. याकृति जड़िया और क्षेत्र की महिलाओं ने प्रशासन से जनहित, महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मछरयाई कांच मंदिर कलारी को तत्काल बंद कर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. याकृति जड़िया के साथ शीतल खटीक, मनीषा सोनी, रश्मि सोनी, सुरभि खटीक, गीता खटीक, सीता बाई, नेहा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं शामिल रहीं।



Share:

सागर में नेशनल हाईवे से अतिक्रमण हटाया, भीषण हादसे के बाद प्रशासन की कार्रवाई

भीषण हादसे के बाद जागा प्रशासन, नेशनल हाईवे से हटाया अतिक्रमण

• गोपालपुरा-चीमाढाना और देवरी बायपास पर NHAI, राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दुकानों और वॉशिंग सेंटरों के आसपास भी हटाए गए अवैध कब्जे


तीनबत्ती न्यूज: 16 नवंबर, 2026

सागर। देवरी तहसील अंतर्गत नेशनल हाईवे पर गोपालपुरा-चीमाढाना के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद आखिरकार प्रशासन की नींद टूटी। 9 नवंबर को अर्टिगा कार और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की घटना के बाद नेशनल हाईवे किनारे अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।

------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर के देवरी बायपास नेशनल हाईवे पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई।

__"___"__"_________


समाचार पत्रों में सड़क किनारे अतिक्रमण से दुर्घटनाओं की आशंका और यातायात में बाधा का मुद्दा उठने के बाद कलेक्टर दिलीप यादव ने मामले को गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर एसडीएम मुन्नोवर खान ने संबंधित विभागों को अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: सागर NH-44 हादसा: अर्टिगा कार-ट्रक की टक्कर में 4 की मौत, 5 गंभीर घायल

इसके बाद NHAI, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गोपालपुरा-चीमाढाना सहित देवरी बायपास फोरलेन पर अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान दुकानों और वॉशिंग सेंटरों के आसपास किए गए अवैध कब्जों पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला।

संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार रामराज चौधरी, NHAI मैनेजर डी.के. गांधी, इंसिडेंट इंचार्ज राहुल यादव, पटवारी रवि मेहरा, रशीद खान, देवेंद्र लोधी, चीमाढाना पटवारी राजेश ठाकुर, सचिव प्रथम राजपूत, सह-सचिव विनोद विश्वकर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।





Share:

सागर में भीषण सड़क हादसा: कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

सागर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत


तीनबत्ती न्यूज: 16 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में बंडा रोड स्थित ग्राम कर्रापुर के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें: सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मकरोनिया क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। सोमवार को ड्यूटी के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कर्रापुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों की पहचान, गांव में शोक

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम गोरा के वार्ड नंबर 12 निवासी मनोज सेन (38), पिता भागीरथ सेन और धर्मेंद्र राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सड़क पर मुरम डालने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन सड़क पर निजी तौर पर मुरम डाली गई थी। इसी मुरम के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही बाइक से टकरा गई।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फोरलेन सड़क पर डाली गई मुरम को तत्काल हटवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।



Share:

मैहर संगीत समारोह में सागर की डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा की कथक प्रस्तुति ने जीता दिल

मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह में सागर की डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा ने बिखेरी कथक की छटा, शानदार प्रस्तुति से जीता दर्शकों का दिल

• तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगीत समारोह में टीम के साथ प्रस्तुत की नृत्य नाटिका ‘मैत्री महत्वम’, मैहर में शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न से हुआ सम्मान


तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। मैहर में आयोजित प्रतिष्ठित तीन दिवसीय उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह 2026 में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना, गुरु एवं कला-लेखिका डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा और उनकी टीम ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत और साहित्य के अनूठे संगम ने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया।



कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा की स्तुति वाचन से हुई। इसके पश्चात डॉ. शाम्भवी ने 'गिरिजा शंकर स्तुति' प्रस्तुत की, जिसमें भगवान शिव और शक्ति के विभिन्न स्वरूपों का मनोहारी चित्रण किया गया। कथक के शुद्ध नृत्य पक्ष में जयपुर घराने की प्रसिद्ध बंदिशों को तीनताल में प्रस्तुत कर डॉ. शाम्भवी और उनके समूह ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।



प्रस्तुति का विशेष आकर्षण डॉ. शाम्भवी द्वारा गहन अध्ययन और कलात्मक सूक्ष्मता के साथ प्रस्तुत नृत्य नाटिका 'मैत्री महत्वम' रही। इसमें बनारस घराने के विख्यात गायक श्री बृजेश मिश्र के भावपूर्ण गायन और सुमधुर संगीत निर्देशन ने कवि नरोत्तम दास एवं सूरदास की रचनाओं को जीवंत कर दिया।


नृत्य नाटिका में कृष्ण की भूमिका कथक रत्न डॉ. शाम्भवी ने निभाई। रानी रुक्मणी, सुदामा की पत्नी एवं कालिया नाग के पात्रों को कु. वंदिता ने, सुदामा की भूमिका कु. प्रियंका कपिल ने तथा सूत्रधार और संतरी के पात्रों को गुरु शाम्भवी के शिष्य ऋषभ शुक्ला ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।



शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

शानदार प्रस्तुति के बाद अकादमी के निदेशक श्री प्रकाश सिंह ठाकुर, मैहर कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी एवं मैहर महारानी कवितेश्वरी देवी ने डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा और उनकी टीम को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

सागर की इस प्रतिभाशाली कलाकार की उपलब्धि पर नगर के संगीत एवं साहित्य प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive