निगम कमिश्नर ने किया निरीक्षण : सड़क पर कचरा फेंकने वाले दुकानदारों पर 5 हजार का जुर्माना
तीनबत्ती न्यूज:3 अप्रेल 2026
सागर: स्वच्छ भारत मिशन के तहत राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर शहर को प्रथम स्थान पर लाने हेतु निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री के नेतृत्व में विभिन्न अभियानों के माध्यम से जनजागृति लाने और शहर को सब ओर से स्वच्छ सुंदर बनाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। शुक्रवार को निगमायुक्त श्री खत्री निगम अमले के साथ सुबह सुबह शहर की सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुँचे। उन्होंने सिविल लाइन, पीलीकोठी, दीनदयाल चौक, बस स्टैंड, तीन मढ़िया, परकोटा तीनबत्ती होते हुए राधा तिराहा से भगवानगंज और खुरई रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले निगमकर्मियों पर कार्यवाही के निर्देश दिये साथ ही सड़क किनारे या नालों में पड़े कचरे से कचरा फेकने वालों की पहचान कराकर जुर्माने करायें। निगमायुक्त ने नवाचार कचरा खुद बोलेगा मैं किसका हूँ अभियान के तहत स्वयं खड़े होकर कचरे से फेकने वालों की पहचान कराई और उक्त लापरवाही बरतने वाले दुकान प्रतिष्ठान संचालकों पर एक-एक हजार रूपये का जुर्माना कर चालान कटवाया।
इनके हुए जुर्माने
कटरा तीन बत्ती पर आनी मेडिको तीनबत्ती, दीपचंद एंड संस मेडिकल कटरा, पारस फर्नीचर, साहूजी साईकिल सुभाष नगर सहित 5 दुकान संचालकों द्वारा कचरा सड़क और नाले में फेके जाने पर कचरे से पहचान की गई और कुल 5 हजार रूपये के जुर्माने किये गये। जुर्माने के साथ ही उक्त दुकान संचालकों से कचरा साफ कराया गया व आगे से इस प्रकार स्वच्छता के विरुद्ध व्यवहार न करने की हिदायत दी गई।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें