कलेक्टर ने जनसुनवाई में ही तय की सीमांकन की तारीख : मौका मुआयना कर 26 मई को हर हाल में करें सीमांकन
तीनबत्ती न्यूज: 19 मई 2026
सागर: जनता की समस्याओं के त्वरित और मौके पर निराकरण के लिए सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल का सख्त और संवेदनशील रुख एक बार फिर जनसुनवाई में देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान पहुंचे चार अलग-अलग आवेदकों की सीमांकन संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने न सिर्फ मौके पर ही समाधान निकाला, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की समय-सीमा भी तय कर दी।
----------
वीडियो देखने क्लिक करे
------------
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जनसुनवाई में मौजूद एसएलआर (अधीक्षक भू-अभिलेख) और संबंधित तहसीलदारों को दो टूक निर्देश दिए कि आगामी 26 मई 2026 को हर हाल में इन चारों आवेदकों की भूमि का सीमांकन कार्य सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर के इस ऑन-द-स्पॉट फैसले से परेशान आवेदकों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली है।
---------
वीडियो देखने क्लिक करे
सागर: खुदाई में मिले प्राचीन चांदी के सिक्के : 13 सिक्के जब्त
---------------
इन 4 आवेदकों को मौके पर मिला समाधान, कलेक्टर ने तय की तारीख
लंबे समय से अपनी जमीन के सीमांकन के लिए परेशान हो रहे आवेदकों के मामलों में कलेक्टर मैडम द्वारा सीधे तारीख निर्धारित कर दी गई है। जनसुनवाई में तहसील जैसीनगर के अंतर्गत ग्राम टेकापार (सर्किल बिलहरा) से आए आवेदक श्री महेश कुमार मिश्र ने अपनी भूमि के सीमांकन का अनुरोध किया, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लिया। इसी तरह तहसील सागर ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम सिंगपुर (सर्किल परसोरिया) के निवासी श्री गोपालप्रसाद और ग्राम चतुर्भता (सर्किल सुरखी) की निवासी श्रीमती रामरानी के आवेदनों पर भी संवेदनशीलता से विचार किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील बंडा के अंतर्गत ग्राम बिज़री (सर्किल बंडा) से आए आवेदक श्री अशोक सिंह की समस्या का भी ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया गया। इन चारों ही मामलों में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट आदेश जारी करते हुए आगामी 26/05/2026 की तिथि सीमांकन के लिए तय कर दी है।
-----------
वीडियो देखने क्लिक करे
-------------
कलेक्टर ने कहा है कि जनता को अपने जायज हक और काम के लिए भटकना न पड़े। आगामी 26 मई को संबंधित हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक की संयुक्त टीम भेजकर इन चारों आवेदकों का सीमांकन कराएं और उसकी रिपोर्ट सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय को प्रस्तुत करें। कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। मंगलवार को आयोजित इस जनसुनवाई में जिले भर से आए सैकड़ों आवेदकों ने अपनी फरियाद रखी। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में होने वाली जनसुनवाई भी अब है दिव्यांग फ्रेंडली
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल दिव्यांग भाई बहनों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हैं। उनकी कार्यशैली भी इस बात की ओर इंगित करती है। शासकीय कार्यालय, अन्य सार्वजनिक स्थानों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने के निर्देश वे पहले ही दे चुकीं हैं। अब जनसुनवाई स्थल, यानी कलेक्ट्रेट में भी दिव्यांग भाई बहनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जनसुनवाई स्थल पर किसी दिव्यांग के पहुंचने पर उन्हें सुलभ स्थान पर व्हीलचेयर उपलब्ध है। साथ ही सहायक के साथ उन्हें एक पृथक कक्ष तक ले जाया जाता है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जनसुनवाई में आने वाले दिव्यांग भाई बहनों के लिए एक अलग कक्ष बनाया गया है, जहां कलेक्टर स्वयं पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनती हैं तथा संबंधित अधिकारी/ विभाग को तत्काल उस पर कार्यवाही करने के निर्देश देती हैं। इसके साथ ही वे इन प्रकरणों तथा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को समय सीमा के रूप में मार्क भी करती हैं, जिससे कि संबंधित का प्रकरण समय सीमा के अंदर शीघ्र हल किया जा सके। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में दिव्यांग व्यक्ति जनसुनवाई स्थल पहुंचे जहां कलेक्टर श्रीमती पाल ने उनके आवेदनों को लिया और तत्काल निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
---------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें