बारिश पूर्व तैयारियों पर विधायक शैलेन्द्र जैन सख्त: सड़क मरम्मत, नाला सफाई एवं सीवर कार्य समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 12 मई, 2026
सागर। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री की उपस्थिति में नगर निगम द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में विधायक श्री जैन ने निर्देश दिए कि बारिश प्रारंभ होने से पूर्व शहर की सभी प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों की मरम्मत कर गड्ढों को भरने का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए, जिससे वर्षाकाल में नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही शहर के बड़े नालों एवं वार्डों की नाला-नालियों की सफाई अभियान चलाकर तेजी से कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने बैठक में नगर विकास, सौंदर्यीकरण, टाटा प्रोजेक्ट, सीवर परियोजना, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं सफाई कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। विधायक श्री जैन ने सीवर परियोजना की समीक्षा करते हुए सीवर सफाई के लिए विशेष टीम गठित कर नियमित कार्य कराने तथा सोमनाथ पुरम कॉलोनी में लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
टाटा प्रोजेक्ट के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक श्री जैन ने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं नाला निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी नालों का कार्य एक साथ प्रारंभ करने के बजाय एक कार्य पूर्ण होने के बाद दूसरा कार्य शुरू किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
यह भी पढ़ें: लोकायुक्त सागर की कार्रवाई: कॉलेज के लैब टेक्नीशियन को 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
डेयरी विस्थापन परियोजना की समीक्षा के दौरान विधायक श्री जैन ने स्पष्ट कहा कि गलत तरीके से प्लॉट प्राप्त करने वाले व्यक्तियों के आवंटन निरस्त कर वास्तविक डेयरी संचालकों को ही प्लॉट आवंटित किए जाएं। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए कटरा बाजार क्षेत्र में सड़क पर दुकान लगाने वालों को व्यवस्थित करने एवं हाथठेला व्यवसायियों का पंजीयन कर नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की समीक्षा के दौरान योजना प्रभारी सुश्री जया श्रीवास्तव ने बताया कि हितग्राहियों की ई-केवाईसी के लिए वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शासन द्वारा पेंशन राशि हितग्राहियों के खातों में भेजी जाएगी।बैठक में नगर निगम के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-----------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें