Editor: Vinod Arya | 94244 37885

मकरोनिया-कर्रापुर जल व्यवस्था की समीक्षा: विधायक प्रदीप लारिया ने दिए जरूरी निर्देश

मकरोनिया-कर्रापुर जल व्यवस्था की समीक्षा: विधायक प्रदीप लारिया ने दिए जरूरी निर्देश


तीनबत्ती न्यूज :15 मई 2026

सागर:  नगर पालिका परिषद मकरोनिया के सभाकक्ष में नरयावली विधायक प्रदीप लारिया के मुख्य आतिथ्य में मकरोनिया एवं कर्रापुर निकायों की जल प्रदाय व्यवस्था तथा “नल-जल हर घर जल” योजना की प्रगति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल, एमपीयूडीसी, नगर पालिका मकरोनिया और टाटा प्रोजेक्ट समूह के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान विधायक प्रदीप लारिया ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जल वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका मकरोनिया में वर्तमान जल सप्लाई दर, वितरण प्रणाली और नगर निगम सागर से संचालित जल आपूर्ति व्यवस्था की तकनीकी एवं प्रशासनिक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

विधायक ने उन वार्डों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जहां पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने रेगुलेशन व्यवस्था मजबूत करने, वाल्व संचालन में सुधार और तकनीकी खामियों को दूर कर नियमित जल प्रदाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही एमपीयूडीसी और नगर पालिका मकरोनिया को संयुक्त अभियान चलाकर जल वितरण व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

बैठक में जलकर वसूली को प्रभावी बनाने के लिए “अमृत मित्र योजना” के तहत विशेष अभियान चलाने, घर-घर संपर्क कर बकाया जलकर वसूली सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई करने पर भी चर्चा हुई। नगर पालिका, एमपीयूडीसी और टाटा प्रोजेक्ट के संयुक्त संचालन हेतु एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित करने पर सहमति बनी।

इसके अलावा नगर निगम सागर द्वारा नगर पालिका मकरोनिया को हस्तांतरित 5180 जल कनेक्शनों की अमानत राशि को लेकर आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। अनावश्यक रूप से बह रहे पेयजल को रोकने के लिए टोटी लगाने और जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में भोपाल से आए वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदेश स्तर पर संचालित जल योजनाओं की तकनीकी चुनौतियों एवं उनके समाधान पर मार्गदर्शन दिया तथा क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक प्रदीप लारिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल में नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और “हर घर जल” योजना को तय समयसीमा में पूरा किया जाए।


बैठक में कार्यपालन यंत्री श्री जीवेंद्र सिंह, सागर संभाग के कार्यपालन यंत्री  मेघ तिवारी, एमपीयूडीसी के अधिकारी  बरेले,  अब्दुल आशिफ एवं  आकाश अग्रवाल सहित नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, सीएमओ पवन कुमार शर्मा, उपयंत्री  सत्यम देवलिया,  सनी जैन,  अंकित मिश्रा तथा टाटा प्रोजेक्ट समूह के प्रतिनिधि श्री प्रकाश मिश्रा एवं श्री मधुसूदन तिवारी उपस्थित रहे।  


----------------



---------

एडिटर : विनोद आर्य

________

+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
 -----------------------

---------------
--------------------
------------------------


--------------

---------------



---------------

  


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive