गांव में बिजली गिरने से हुई मौत के बाद स्कूल में लगाया तड़ित चालक, बच्चों की सुरक्षा के लिए सराहनीय पहल
तीनबत्ती न्यूज: 10 जुलाई, 2026
सागर। सागर जिले के केसली के ग्राम जमुनिया चिखली में हाल ही में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की दुखद मृत्यु के बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर एक अनुकरणीय पहल की है। स्कूल परिसर में बच्चों और शिक्षकों को आकाशीय बिजली के खतरे से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) स्थापित किया गया है। इससे गांव में भी सुरक्षा बढ़ेगी
विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को केवल सुरक्षा उपाय तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे बच्चों के लिए एक शैक्षणिक अवसर के रूप में भी विकसित किया। तड़ित चालक स्थापित करने के दौरान विद्यार्थियों को इसकी कार्यप्रणाली, उपयोगिता और आकाशीय बिजली से बचाव के वैज्ञानिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्राचार्य भरत सिंह राजपूत, विज्ञान शिक्षक अरुण कुमार दुबे एवं नरेश सिंह यादव ने विद्यार्थियों को बताया कि तड़ित चालक ऊंचे भवनों को आकाशीय बिजली के घातक प्रभाव से बचाने वाला एक वैज्ञानिक सुरक्षा उपकरण है। यह बिजली के तीव्र प्रवाह को सुरक्षित रूप से अर्थिंग के माध्यम से जमीन में पहुंचा देता है, जिससे भवन और उसमें मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
शिक्षकों ने बच्चों को यह भी समझाया कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहना चाहिए तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी चाहिए। चूंकि तड़ित चालक और स्थिर विद्युत का विषय विज्ञान पाठ्यक्रम का भी हिस्सा है, इसलिए बच्चों को इसका प्रत्यक्ष एवं प्रायोगिक प्रदर्शन भी कराया गया।
इस पहल से विद्यार्थियों में न केवल आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है, बल्कि विज्ञान के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ी है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन की इस संवेदनशील और दूरदर्शी पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायी बताया है।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें