सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव सख्त, बोले- दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी कठोर कार्रवाई
• बंडा हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख, बीएमसी पहुंचकर पीड़ितों का जाना हाल; बोले- निर्दोष न फंसे, अफवाह फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
तीनबत्ती न्यूज: 9 सितंबर 2026
सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को सागर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर नीचे से लेकर ऊपर तक पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
बंडा क्षेत्र में शनिवार रविवार को जहरीली शराब पीने से 26 लोगों की मौत हो गई। जबकि 50 से अधिक पीड़ितों अस्पताल भर्ती है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार 15 लोगों की मौत हुई है। इस कांड से पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा है। प्रदेशभर में अवैध शराब कि पकड़ाधकड़ी चल रही है।
अवैध शराब के खिलाफ पूरे क्षेत्र में जांच अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जिले के साथ-साथ आसपास और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी गहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी संदिग्ध गतिविधि की आशंका हो, वहां तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अवैध जहरीली शराब बनाने और बेचने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को भी जब्त करने के निर्देश दिए, ताकि दोबारा ऐसी गतिविधियों को अंजाम नहीं दिया जा सके।
'दोषी पर कार्रवाई हो, निर्दोष न फंसे'
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्रवाई निष्पक्षता और विवेकशीलता के साथ की जाए। अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं, लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति को कार्रवाई में नहीं फंसाया जाए।उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और असामाजिक गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्ती
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए अनावश्यक अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
'प्रशासन को फ्री हैंड दिया है'
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में अवैध शराब के मामलों में कठोर कानून का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत हत्या से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक की सजा का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को कार्रवाई के लिए फ्री हैंड दिया गया है और जहां भी जरूरत महसूस हो, वहां कठोर कार्रवाई की जाए। अवैध अतिक्रमण या अवैध शराब का नेटवर्क चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Sagar Poisonous Liquor Case: जहरीली शराब मामले में डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल का दौरा, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि दूसरे राज्यों से अवैध शराब की आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
नशा मुक्ति अभियान में समाज की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब और अन्य नशे से होने वाले नुकसान को देखते हुए पूरे प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान को गति देने की जरूरत है। इसमें धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि बंडा की घटना में एक ही परिवार के कई सदस्यों के प्रभावित होने की घटनाएं बेहद कष्टकारी हैं। ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए सरकार के साथ समाज को भी मिलकर प्रयास करना होगा।
बीएमसी पहुंचकर पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर बंडा के जहरीली शराब मामले में उपचाररत मरीजों का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों का सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यक दवाओं, जांच तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था 24 घंटे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रत्येक मरीज के पास जाकर उनके स्वास्थ्य की स्थिति देखी। पीड़ितों के परिजनों से पूछा ’’परिवार में कौन-कौन है? चिंता मत करिए, सरकार हर स्थिति में आपके साथ खड़ी है।’’ मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार और सांत्वना भरे शब्दों से पीड़ित परिवारों की आंखों में आस और ढांढस साफ नजर आया।
पुलिस-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बैठक
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बीएमसी सभागार में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था एवं घटना से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
----------
वीडियो देखने क्लिक करे
सीएम मोहन यादव, बोले—दोषियों को ऐसा सबक सिखाएंगे कि दोबारा ऐसी घटना न हो
---------
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर बंडा में जहरीली शराब पीने से बीमार हुए लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों एवं चिकित्सकों से जानकारी ली।पीड़ितों से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में अवैध शराब की रोकथाम के लिए सख्त कानून है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले में पूरी तरह फ्री हैंड दिया गया है और अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी। दोषियों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। डॉ. यादव ने कहा कि अवैध शराब के नेटवर्क को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष से भी अपील करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार के साथ सहयोग करें और इस लड़ाई में साथ निभाएं।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। मामले की जांच जारी है और सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
ये रहे शामिल
बैठक में दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, रहली विधायक गोपाल भार्गव, खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, बीना विधायक निर्मला सप्रे, देवरी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा कमिश्नर दिलीप कुमार, डीआईजी एसएस चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, प्रभारी डीन डॉ. अमर गंगवानी, अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. सौरभ जैन सहित पुलिस, प्रशासन और मेडिकल स्टाफ के अधिकारी उपस्थित रहे।











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें