Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में 75 वर्षीय कमलादेवी गंगवानी का नेत्रदान, दो नेत्रहीनों को मिलेगी रोशनी

सागर में 75 वर्षीय कमलादेवी गंगवानी का मरणोपरांत नेत्रदान, दो नेत्रहीनों को मिलेगी नई रोशनी


तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

सागर। मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की प्रेरक मिसाल पेश करते हुए सागर की 75 वर्षीय श्रीमती कमलादेवी गंगवानी का मरणोपरांत नेत्रदान किया गया। उनके इस पुनीत कार्य से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है।

सिविल लाइन स्थित इंदिरा कॉलोनी चौराहा निवासी श्रीमती कमलादेवी गंगवानी, धर्मपत्नी श्री सेवकराम गंगवानी का शनिवार सुबह अचानक निधन हो गया था। उन्होंने अपने जीवनकाल में ही पति सेवकराम गंगवानी और देवर सुनील गंगवानी के सामने नेत्रदान की इच्छा व्यक्त की थी।

उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए परिजनों ने तत्काल पहल की। परिजन मुकेश गंगवानी ने बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी) के पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमर गंगवानी के माध्यम से सुबह 7 बजे बीएमसी आई बैंक की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंजलि विरानी पटेल से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही डॉ. अंजलि ने नेत्र संग्रहण टीम को तत्काल कमलादेवी के निवास पर भेजा। परिजनों की लिखित सहमति और आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियों के साथ टीम ने दोनों आंखों के कॉर्निया सुरक्षित निकालकर बीएमसी आई बैंक में संरक्षित किए।

बीएमसी डीन ने परिजनों का जताया आभार

बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने इस मानवीय पहल के लिए दिवंगत के पति सेवकराम गंगवानी, देवर सुनील गंगवानी, देवरानी श्रीमती कंचन गंगवानी सहित समस्त परिजनों का आभार व्यक्त किया।

नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे ने बताया कि नेत्रदान में मरणोपरांत आंखों के कॉर्निया का दान किया जाता है। यह प्रक्रिया मृत्यु के चार से छह घंटे के भीतर पूरी करना आवश्यक होता है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को दृष्टि मिलने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने बताया कि बीएमसी के आई बैंक में नेत्रदान और कॉर्निया प्रत्यारोपण की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

आई बैंक की टीम का रहा योगदान

नेत्रदान की इस प्रक्रिया में आई बैंक की टीम से डॉ. नीलम, डॉ. शिवानी, डॉ. पंकज, डॉ. श्रेया, नर्सिंग ऑफिसर रामलखन, ओमप्रकाश कुमावत सहित अन्य पैरामेडिकल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

कमलादेवी गंगवानी भले ही इस दुनिया से विदा हो गईं, लेकिन उनका नेत्रदान किसी दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी और नई उम्मीद लेकर आएगा। उनका यह निर्णय समाज को मरणोपरांत अंगदान और नेत्रदान के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देता है।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive