खुरई में घनी आबादी वाले क्षेत्र से 2.77 लाख के अवैध पटाखे जब्त, मामला दर्ज
तीनबत्ती न्यूज: 03 नवंबर, 2026
खुरई। आगामी त्योहारों को देखते हुए सागर पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खुरई शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के भंडारित किए गए करीब 2 लाख 77 हजार 209 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना खुरई शहर पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर जांच की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुतली बम, बुलेट बम, चकरी, रॉकेट, अनारदाना, लड़ी सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी सामग्री जब्त की। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 2,77,209 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के आरोप में अभिषेक पिता स्वर्गीय कैलाश यादव (28), निवासी चंद्रशेखर आजाद वार्ड, नगर पालिका के सामने, पठार, खुरई के विरुद्ध थाना खुरई शहर में अपराध क्रमांक 322/26 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 5(9) विस्फोटक अधिनियम एवं धारा 288 भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी खुरई शहर योगेंद्र सिंह दांगी, उप निरीक्षक अशोक उपाध्याय, प्रधान आरक्षक बी.डी. शिवहरे तथा आरक्षक देवेंद्र यादव, धीरेन्द्र सिंह राजावत, प्रीतम शाक्य, आशीष दुबे और भानू गुर्जर का विशेष योगदान रहा।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें