सागर पुलिस की सीसीटीवी टीम ने 3-4 घंटे में खोज निकाला ऑटो : सिंगरौली के युवक का खोया बैग लौटाया
तीनबत्ती न्यूज: 24 नवंबर, 2026
सागर। सागर पुलिस के सीसीटीवी कैमरों की सतर्क निगरानी और पुलिस कंट्रोल रूम की तत्परता से सिंगरौली निवासी एक युवक का ऑटो में छूटा बैग सकुशल बरामद कर उसे वापस लौटा दिया गया। बैग में युवक के महत्वपूर्ण मूल शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। पुलिस टीम ने करीब 3 से 4 घंटे तक शहर के अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ऑटो और उसके चालक का पता लगाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगरौली निवासी प्रदीप शाह सागर के एसवीएन कॉलेज में बीटेक में प्रवेश संबंधी कार्य से आए थे। कॉलेज का काम पूरा करने के बाद वे ऑटो से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में कटरा क्षेत्र में उतरकर उन्होंने दूसरा ऑटो कर लिया। इसी दौरान उनका बैग पहले ऑटो में ही छूट गया।
रेलवे स्टेशन पहुंचने पर बैग गायब होने का पता चला तो प्रदीप घबरा गए। बैग में रखे मूल दस्तावेज उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थे। उन्होंने तत्काल थाना कैंट पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। वहां से उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम भेजा गया।
कंट्रोल रूम में प्रभारी उप निरीक्षक (रेडियो) आर.के.एस. चौहान ने युवक को भरोसा दिलाया कि पुलिस बैग खोजने का हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया को घटनाक्रम से अवगत कराया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कराई।
महिला प्रधान आरक्षक ने 3-4 घंटे खंगाले फुटेज
कंट्रोल रूम प्रभारी के निर्देशन में महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक को ऑटो की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने धैर्य और तकनीकी दक्षता के साथ लगातार 3-4 घंटे तक शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
सबसे पहले उस स्थान के कैमरों की जांच की गई, जहां युवक पहले ऑटो से उतरे थे। इसके बाद एक कैमरे से दूसरे कैमरे तक ऑटो की आवाजाही को ट्रैक किया गया। लगातार फुटेज का मिलान करने के बाद संबंधित ऑटो की पहचान कर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त कर लिया गया। ऑटो की फोटो के आधार पर चालक का पता लगाया गया।
चालक को कंट्रोल रूम बुलाकर लौटाया बैग
पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल ऑटो चालक से संपर्क किया और उसे कंट्रोल रूम बुलाया। आवश्यक पुष्टि के बाद चालक के पास मौजूद प्रदीप शाह का बैग उन्हें वापस सौंप दिया गया। बैग में रखे सभी मूल दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर युवक ने राहत की सांस ली और सागर पुलिस का आभार जताया।
इस पूरी कार्रवाई में कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान और महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक की विशेष भूमिका रही।पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से एक बार फिर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता और पुलिस कंट्रोल रूम की सक्रियता सामने आई है। सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में घबराएं नहीं, तत्काल पुलिस को सूचना दें।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें