Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Damoh News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Damoh News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

दमोह : कलेक्टर का जिला अस्पताल और CMHO कार्यालय का निरीक्षण : दवा स्टोर में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, दो कर्मचारी सस्पेंड • 24 घंटे में इंडेंट जारी करने के निर्देश; 8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति ,एक्सपायरी डेट की मिली दवाएं : गैरहाजिर 21 कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के आदेश

दमोह : कलेक्टर का जिला अस्पताल और CMHO  कार्यालय का निरीक्षण : दवा स्टोर में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, दो कर्मचारी सस्पेंड

•  24 घंटे में इंडेंट जारी करने के निर्देश; 8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति ,एक्सपायरी डेट की मिली दवाएं : गैरहाजिर 21 कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के आदेश



तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026

दमोह। शासन की योजनाओं के तहत अस्पतालों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का लाभ मरीजों को समय पर मिले, इसे लेकर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गुरुवार को जिला अस्पताल के स्टोर रूम और सीएमएचओ कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवा वितरण और स्टॉक प्रबंधन में गंभीर लापरवाही सामने आई। कलेक्टर ने दवा स्टोर की जिम्मेदारी संभाल रहे दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।


निरीक्षण में वर्ष 2025 के विभिन्न शासकीय अस्पतालों से प्राप्त 16 इंडेंट अब तक जारी नहीं किए जाने तथा जनवरी 2026 से 39 इंडेंट लंबित पाए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दवाओं की उपलब्धता होने पर इंडेंट प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर दवाएं संबंधित अस्पतालों को जारी की जाएं। यदि कोई दवा उपलब्ध नहीं है तो उसकी उपलब्धता के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति

स्टोर रूम में दवाओं के स्टॉक का सत्यापन किया गया। इस दौरान 8 मदों में से 6 में स्टॉक संबंधी विसंगतियां सामने आईं। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टोर की जिम्मेदारी संभाल रहे दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दवाओं को इस तरह व्यवस्थित रखा जाए कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल खोजकर अस्पतालों को उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने और पूरे स्टोर को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए।

छह फ्रिज मिले बंद, एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं

निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट की दवाएं भी स्टोर में रखी मिलीं। इसके अलावा निर्धारित तापमान में रखी जाने वाली दवाओं के लिए लगे सभी छह फ्रिज बंद पाए गए। कलेक्टर ने इसे गंभीर एवं आपत्तिजनक स्थिति बताते हुए फ्रिज की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार उन्हें बदलने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्धारित तापमान में दवाओं का भंडारण नहीं होने से मरीजों के लिए गंभीर जोखिम पैदा हो सकता है। इसलिए तापमान व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।


ई-औषधि पोर्टल से होगी स्टॉक की निगरानी

कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं के लिए ई-औषधि पोर्टल लागू है, जिसमें लाइव डिमांड और ऑनलाइन इश्यू की व्यवस्था है। इससे दवाओं के स्टॉक की किसी भी समय निगरानी और सत्यापन किया जा सकता है। उन्होंने इस व्यवस्था का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


सीएमएचओ कार्यालय में 21 कर्मचारी अनुपस्थित

कलेक्टर ने सीएमएचओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया। सुबह 10:20 बजे 21 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने सभी संबंधित कर्मचारियों के तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का पूरा लाभ आमजन और मरीजों को समय पर मिले, यही प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive