सागर: पुलिया क्षतिग्रस्त : जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर छात्राएं: वीडियो वायरल
तीनबत्ती न्यूज: 04 अगस्त ,2026
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बेरखेड़ी कलां से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां स्कूली छात्र-छात्राएं हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती कोपरा नदी की क्षतिग्रस्त पुलिया पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिया जर्जर, बारिश में बढ़ जाता है खतरा
बेरखेड़ी कलां में कोपरा नदी पर बनी पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुलिया के ऊपर पानी बहने लगता है, जिससे आवागमन बेहद खतरनाक हो जाता है। इसके बावजूद स्कूल जाने वाले बच्चों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्राएं ग्रामीणों का सहारा लेकर एक-एक कर पुलिया पार कर रही हैं। जरा-सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
बेरखेड़ी कलां और चेनपुरा के विद्यार्थियों की मजबूरी
यह पुलिया बेरखेड़ी कलां और चेनपुरा गांव के विद्यार्थियों के लिए स्कूल पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन को पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यह भी पढ़ें : सागर में बहू की हत्या: रिटायर्ड पुलिसकर्मी ससुर ने पारिवारिक विवाद में की मारपीट, आरोपी हिरासत में
वैकल्पिक रास्ता है, लेकिन 3 किलोमीटर लंबा
ग्रामीणों के अनुसार गांव तक पहुंचने के लिए लगभग 3 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण अधिकांश लोग और विद्यार्थी इसी सीधे रास्ते का उपयोग करते हैं। बारिश के मौसम में यह रास्ता जानलेवा साबित हो सकता है।
ग्रामीणों ने की पुलिया की मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: सागर: वाटरफॉल पर पिकनिक मनाने गए 12वीं के छात्र की डूबने से मौत, SDRF और पुलिस ने निकाला शव
अधिकारियों ने दिया जांच का आश्वासन
रहली जनपद पंचायत के सीईओ रवि पाटीदार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि सहायक यंत्री को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






